विद्या भारती के ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर
कोटा। विद्या भारती शिक्षा संस्थान जिला कोटा का ‘प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ महावीर नगर तृतीय स्थित स्वामी विवेकानन्द विद्या निकेतन परिसर के श्रीरामशान्ताय सभागार में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता राजस्थान उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता विरेन्द्र साहू ने की। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ऐलन करियर इंस्टीट्यूट के निदेशक राजेश माहेश्वरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में कोटा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीलेश जैन ने सहभागिता की।
इस अवसर पर मुख्य उद्बोधन विद्या भारती चित्तौड़ प्रान्त के प्रान्त सचिव मानेंग पटेल का रहा। इस दौरान उत्कृष्ट परिणाम देने वाले विद्या भारती से सम्बद्ध विद्यालय, प्राचार्य, शिक्षक शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के साथ ही खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।
संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने विद्यार्थियों की सराहना की और कहा कि विद्या भारती संस्थान अच्छी शिक्षा के साथ देश को राष्ट्रभक्त, सुसंस्कृत और चरित्रवान नागरिक देने का महायज्ञ कर रहा है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता कभी भी संयोग नहीं होती, बल्कि यह आपके छोटे-छोटे रोज़मर्रा के प्रयासों, आपके त्याग और आपके शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का संचित परिणाम है। आज विद्यार्थियों के हाथों में जो प्रमाण पत्र और मोमेंटो हैं, वह उनके माता-पिता की उम्मीदों, उनके त्याग और रातों की नींद का प्रतिफल है।
ऊर्जा मंत्री ने वर्तमान परिदृश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश में डिग्री बांटने वाले संस्थानों की कमी नहीं है, लेकिन जो शिक्षा के साथ ‘दीक्षा’ दे और ज्ञान के साथ ‘संस्कार’ दे, वही सच्ची शिक्षा है। यह पुनीत कार्य विद्या भारती दशकों से पूरी निष्ठा के साथ कर रही है।
विद्यार्थियों को संस्कारवान बनने की सीख देते हुए उन्होंने कहा कि यदि एक शिक्षित व्यक्ति में राष्ट्र के प्रति प्रेम और समाज के प्रति करुणा नहीं है, तो उसकी शिक्षा व्यर्थ है। हमें ऐसा प्रतिभावान बनना है जो केवल अपने लिए नहीं, बल्कि अपने समाज, राजस्थान और राष्ट्र के उत्थान के लिए सोचे।
नागर ने आगे कहा कि आज केंद्र सरकार के नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ के माध्यम से युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खुल रहे हैं। राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार ‘स्वर्णिम राजस्थान’ बनाने के लिए पूरी तरह प्रयासरत है।
विद्युत उत्पादन में विश्व रिकॉर्ड बनाया
सरकार ने ऊर्जा के क्षेत्र में पिछले जर्जर ढांचे को दूर कर विद्युत संयंत्रों में बेहतर उत्पादन बढ़ाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। राजस्थान को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, ताकि उद्योगों और शिक्षा को निर्बाध गति मिल सके, लेकिन इस बुनियादी ढांचे को असल मजबूती युवाओं के नवाचारों से मिलेगी। युवाओं को परिश्रम, ईश्वर की कृपा और राष्ट्र सर्वोपरि के भाव के साथ देश का नाम रोशन करना चाहिए।

