भारतीय किसान संघ का ऐलान, 30 सितम्बर को दिल्ली में जुटेगी देश की महिला शक्ति

0
9

कोटा की महिला पदाधिकारियों ने सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का लिया संकल्प

​कोटा। भारतीय किसान संघ द्वारा मातृशक्ति को संगठित, सशक्त और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से आगामी 30 सितम्बर को देश की राजधानी दिल्ली में एक दिवसीय ‘विशाल महिला सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर 21 जून को दिल्ली में अखिल भारतीय एवं प्रदेश महिला बैठक का आयोजन संपन्न हुआ। जिसमें कोटा से भारतीय किसान संघ की प्रदेश महिला प्रमुख रमा शर्मा ‘निर्भीक’ ने सहभागिता की और आगामी कार्ययोजना का खाका पेश किया।

​इससे पूर्व, भारतीय किसान संघ का अजमेर–पुष्कर महिला अभ्यास वर्ग भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस वर्ग में कोटा से महिला दल ने हिस्सा लिया। जिसका नेतृत्व प्रदेश महिला प्रमुख रमा शर्मा, प्रान्त महिला प्रमुख रजनी धाकड़, सम्भाग महिला प्रमुख संतोष नागर और जिला महिला प्रमुख मधु नागर ने किया। अभ्यास वर्ग में महिलाओं को संगठन की रीति-नीति और कृषि क्षेत्र में उनकी भूमिका को लेकर प्रशिक्षित किया गया।

​दिल्ली बैठक से लौटकर प्रदेश महिला प्रमुख रमा शर्मा ने सोमवार को कोटा में महिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और दिल्ली सम्मेलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के हितों की सशक्त आवाज़ बनना, कृषि और ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को सरकार तक पहुँचाना तथा महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा, सम्मान और सहभागिता सुनिश्चित करना है। इसके लिए प्रत्येक जिले से अधिक से अधिक बहनों को जोड़कर दिल्ली ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।

रजनी धाकड़ ने बताया कि ​सम्मेलन की तैयारियों को गति देने के लिए सभी जिलों में शीघ्र ही सघन प्रवास कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इन प्रवासों में अखिल भारतीय महिला संयोजिका, जिला, प्रांत और प्रदेश महिला प्रमुखों की उपस्थिति तय की जाएगी।

यह संपूर्ण अभियान संगठन मंत्री, जिला अध्यक्ष, प्रांत अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न होगा, ताकि मातृशक्ति को संगठन में अग्रणी भूमिका देकर संगठन का व्यापक विस्तार किया जा सके।