नई दिल्ली। PM-Kisan 24th Instalment: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) के लाभार्थी किसानों के लिए अहम खबर है। गुजरात के कृषि मंत्री जीतू वघानी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर यानी कल गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे।
इस मौके पर देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को ₹18,680 करोड़ से ज्यादा की राशि ट्रांसफर किए जाने की बात कही गई है। अगर आप भी PM-Kisan योजना के लाभार्थी हैं, तो अगली किस्त से पहले अपनी पात्रता, e-KYC और बैंक खाते से आधार लिंक होने की स्थिति जरूर जांच लें। इन प्रक्रियाओं में कमी होने पर भुगतान अटक सकता है।
PM-Kisan योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना ₹6,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह रकम 3 बराबर किस्तों में मिलती है, यानी हर किस्त में लाभार्थी के बैंक खाते में ₹2,000 ट्रांसफर किए जाते हैं।
गुजरात के कृषि मंत्री के मुताबिक, 30 अक्टूबर के कार्यक्रम में देशभर के 9.34 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को कुल ₹18,680 करोड़ से अधिक की सहायता दी जानी है। गुजरात में 52.33 लाख से ज्यादा किसान परिवारों को ₹1,051 करोड़ से अधिक की राशि मिलने की बात कही गई है। इस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के बाद मंत्री ने ये जानकारी दी।
सरकारी आंकड़ों के हवाले से दी गई जानकारी के अनुसार, PM-Kisan योजना की पहली 23 किस्तों के जरिए देशभर में ₹4.47 लाख करोड़ से अधिक की राशि बांटी जा चुकी है। गुजरात के लाभार्थियों को अब तक ₹24,137 करोड़ से ज्यादा दिए जाने की बात कही गई है। 30 अक्टूबर के कार्यक्रम को ‘PM Kisan Utsav Divas’ के रूप में आयोजित किया जाएगा।
गुजरात में मुख्य कार्यक्रम के अलावा 34 जिला स्तरीय और 2,100 से ज्यादा क्लस्टर स्तरीय कार्यक्रम भी होंगे। इनमें मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। किसानों को राज्य के कृषि और बागवानी विभागों की विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होगा।
लाभ किन किसानों को मिलता है?
फरवरी 2019 में शुरू की गई PM-Kisan योजना के तहत उन किसान परिवारों को लाभ मिलता है, जिनके नाम पर खेती योग्य जमीन दर्ज है और जो योजना की अन्य शर्तें पूरी करते हैं। हालांकि, सभी जमीन के मालिक इस योजना के लिए पात्र नहीं होते। कुछ कैटेगिरी को इसके दायरे से बाहर रखा गया है।
e-KYC और आधार लिंकिंग जरूरी
PM-Kisan की अगली किस्त का इंतजार कर रहे किसानों को अपनी e-KYC पूरी कर लेनी चाहिए। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि उनका एक्टिव बैंक खाता आधार से जुड़ा हो और भुगतान के लिए जरूरी विवरण सही हों। अगर e-KYC अधूरी है या आधार लिंकिंग में कोई समस्या है, तो लाभार्थी का भुगतान रुक सकता है। इसलिए आखिरी समय तक इंतजार करने के बजाय पहले ही अपना स्टेटस जांच लेना बेहतर है।
घर बैठे ऐसे पूरी करें e-KYC
- ऑनलाइन OTP के जरिए:- PM-Kisan की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर e-KYC का विकल्प चुनें और मांगी गई जानकारी भरें।
- मोबाइल ऐप से:– PM-Kisan मोबाइल ऐप पर उपलब्ध फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा का इस्तेमाल करें।
- CSC केंद्र पर:- ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी होने पर नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर मदद लें। e-KYC पूरी होने के बाद भी बैंक खाते और आधार से जुड़ी जानकारी सही होना जरूरी है।
किस्त नहीं आई तो कहां करें शिकायत?
अगर आपकी पात्रता सही है, लेकिन किस्त खाते में नहीं आती, तो पहले PM-Kisan पोर्टल पर अपना लाभार्थी स्टेटस और भुगतान संबंधी जानकारी जांचें। बैंक खाते, आधार लिंकिंग और e-KYC में किसी तरह की गड़बड़ी होने पर उसे ठीक कराएं। जरूरत पड़ने पर PM-Kisan की हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।
- 155261 — PM-Kisan हेल्पलाइन
- 011-24300606 — सहायता नंबर

