परिग्रह की आसक्ति दुख का कारण: मुनि विवर्धन सागर
कोटा। जैनश्वरी दीक्षा के पावन प्रसंग पर गुरुवार को कोटा में दीक्षार्थियों की भव्य बिनौली एवं गोद भराई महोत्सव आयोजित होगा। रिद्धि-सिद्धि नगर, कुन्हाड़ी स्थित चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में शाम छह बजे होने वाले आयोजन में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल होकर दीक्षार्थियों के संयम मार्ग पर बढ़ने की अनुमोदना करेंगे। आयोजन मुनि विवर्धन सागर महाराज एवं प्रवर्तक मुनि विश्वनायक सागर महाराज सहित छह पिच्छी संघ के सानिध्य में होगा।
मंदिर अध्यक्ष राजेंद्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि दीक्षार्थियों की गोद भराई एवं बिनौली का आयोजन किया जा रहा है। श्री पारस बज ‘आदित्य’ ने बताया कि गोद भराई के बाद यात्रा श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, पार्श्वनाथ निलय, कुन्हाड़ी पहुंचेगी, जहां समाजबंधु दीक्षार्थियों की गोद भराई कर अनुमोदना करेंगे।
परिग्रह की आसक्ति दुख का कारण
धर्मसभा में गणधर मुनि श्री विवर्धन सागर महाराज ने कहा कि संसार के भौतिक सुखों में आसक्त जीव को शाश्वत सुख की प्राप्ति नहीं होती। मिथ्यात्व के कारण जीव कर्मों का बंध करता है और दुख भोगता है। तत्वों पर श्रद्धान, सम्यग्दर्शन, सम्यक ज्ञान और सम्यक चारित्र से आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है।
मुनिश्री ने द्रव्य संग्रह की गाथा का संदर्भ देते हुए कहा कि वस्तुओं के प्रति मोह और आसक्ति से परिग्रह की भावना बढ़ती है। अधिक संग्रह करने वाला व्यक्ति अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहता है। धन की तीन गतियां दान, भोग और नाश हैं। इसलिए धन का सदुपयोग दान-पुण्य और परोपकार में करना चाहिए। उन्होंने संयम, संतोष और तप के माध्यम से परिग्रह की आसक्ति से बचने का संदेश दिया।
कोषाध्यक्ष ताराचंद बड़ला ने बताया कि धर्मसभा में टीकम पाटनी, प्रेमचंद दुगेरिया, बसंतीलाल दोषी, पुष्प लुहाड़िया, प्रकाश पहाड़िया, अशोक पापड़ीवाल एवं रामबाबू जैन सहित समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

