वंदे गंगा जल संरक्षण के प्रति किया जागरूक, जल बचाने का दिया संदेश

0
3

कोटा। Vande Ganga Jal Sanrakshan: राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण तथा शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के अंतर्गत मंगलवार को रोझड़ी गांव स्थित महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जल बचाने का संदेश दिया गया।

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की संयोजक योगिता महावर ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीओ स्काउट बृज सुंदर मीणा थे। जबकि अध्यक्षता शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं स्काउट गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षक नेता प्रदीप गौतम एवं ज्योति शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद् मुकेश जांगिड़ ने किया।

मुख्य अतिथि बृज सुंदर मीणा ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। यदि आज जल बचाने के लिए सामूहिक प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में पानी के सदुपयोग एवं जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अध्यक्षीय संबोधन में प्रकाश जायसवाल ने कहा कि ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के माध्यम से गांव-गांव एवं विद्यालयों में जनजागरण कर लोगों को जल बचाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से वर्षा जल संचयन, पेड़-पौधों के संरक्षण तथा पानी की बर्बादी रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

महावर ने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ, स्काउट-गाइड सदस्य, विद्यार्थी एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।