Stock Market: सेंसेक्स 142 अंक फिसल कर 75900 के नीचे बंद, निफ्टी 23907 पर

0
4

नई दिल्ली। Stock Market: पश्चिम एशिया में संकट गहराने से घरेलू शेयर बाजार में आज लगातार दूसरे दिन गिरावट आई। कारोबार के दौरान शेयर बाजार कई बार ऊपर-नीचे गया। आखिरकार बीएसई सेंसेक्स 141.90 अंक यानी 0.19% गिरावट के साथ 75,867.80 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 6.55 अंक यानी 0.03% गिरावट के साथ 23,907.15 पर आ गया। इस बीच डॉलर के मुकाबले रुपया 95.69 पर फ्लैट बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 10 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक एचडीएफसी बैंक में सबसे ज्यादा 2.63 फीसदी गिरावट रही।

आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टेक महिंद्रा, रिलायंस, कोटक बैंक, एसबीआई और ट्रेंट के शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, पावरग्रिड, इटरनल, एनटीपीसी, टाटा स्टील, इंडिगो और मारुति के शेयरों में एक फीसदी से अधिक तेजी रही।

सेक्टरों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा
सेक्टरवार प्रदर्शन भी अलग-अलग रहा। निफ्टी मेटल और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स ने बेहतर प्रदर्शन किया और बढ़त में रहे। दूसरी ओर निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स दबाव में दिखे।