वंदे गंगा अभियान में स्काउट-गाइड के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी शिक्षा सहकारी

0
5

कोटा। जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां ने राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड कोटा के साथ मिलकर “वंदे गंगा अभियान” में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया है।

शिक्षा सहकारी अध्यक्ष एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने बताया कि अभियान के तहत जल संरक्षण, जल संवर्द्धन एवं जनजागरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को जल बचाने के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जायसवाल ने बताया कि इस क्रम में सोमवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल केशवपुरा एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नयागांव में संगोष्ठी एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जल संरक्षण के महत्व, जल संकट की गंभीरता तथा भविष्य में जल संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल बचाने से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए और अपने विचार भी व्यक्त किए।

शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा सहकारी मंत्री जमनालाल गुर्जर ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि यदि अभी से जल बचाने के लिए सामूहिक प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।

कार्यक्रम में भानु प्रताप सुमन ने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकने और वर्षा जल संचयन को अपनाने का आह्वान किया। योगिता महावर ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। वहीं नीलम पारेता ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के साथ जल बचाने की छोटी-छोटी आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से जल संरक्षण से जुड़े विषयों पर रोचक तरीके से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अनिता, रामविलास, हरि प्रसाद बुलीवाल, गिरिराज जोशी एवं सपना अग्रवाल सहित कई शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के अंत में जल संरक्षण को लेकर सामूहिक संकल्प दिलाया गया तथा आगामी दिनों में स्काउट-गाइड के सहयोग से रैली, जनजागरण अभियान, पौधारोपण एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने की जानकारी दी गई।