कोटा। शहर में निजी बिजली फ्रेंचाइजी कंपनी केईडीएल की कार्यप्रणाली और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर लंबे समय से उठ रहे सवालों पर राज्य सरकार ने निर्णायक कदम उठाया है।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के निर्देशों के बाद गठित उच्च स्तरीय जांच समिति ने शुक्रवार को कोटा के नयापुरा पावर हाउस में विशेष जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया। इस दौरान लोगों ने समिति के अध्यक्ष और आरयूवीआईटीएल के निदेशक (वित्त) डी.के. जैन की उपस्थिति में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने कंपनी के खिलाफ भ्रष्टाचार और उत्पीड़न के साक्ष्य पेश किए।
राजस्थान बिजली उपभोक्ता संरक्षण समिति के संयोजक हिम्मत सिंह द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में केईडीएल पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि कंपनी बिना किसी ठोस आधार के हजारों अवैध वीसीआर भर रही है।
एक मामले में 15 किलोवाट के स्वीकृत भार को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाकर लाखों रुपये के फर्जी नोटिस थमाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। ज्ञापन के अनुसार, केईडीएल ने नगर निगम की लाइटों पर अवैध मीटर लगाकर करोड़ों रुपये की अतिरिक्त बिजली बिलिंग की।
साथ ही, सरकारी सामान (जैसे ट्रांसफार्मर और इंसुलेटर) को खुर्द-बुर्द कर पुराने सामान को नया बताकर भुगतान उठाने जैसे भ्रष्टाचार के मामले भी सामने आए हैं।
कंपनी पर आरोप है कि उसने प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारियों की जगह अप्रशिक्षित स्टाफ लगाया। जिससे शहर में शॉर्ट सर्किट और आगजनी की घटनाएं बढ़ी हैं।
जनसुनवाई के दौरान आमजन बिजली बिलों की अधिकता, बिना नोटिस कनेक्शन काटने, और मीटरों की तेज गति को लेकर शिकायत करने पहुंचे। अंजली छाबड़ा व सुनील पानेता जैसे उपभोक्ताओं ने मीटर तेज चलने और गलत बिलिंग की शिकायत की।
शम्सुद्दीन और शाकिर अली ने बिना परमिशन कनेक्शन काटने और वीसीआर के नाम पर मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए। कई क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और लो-वोल्टेज की समस्याओं का समाधान न होने पर भी आक्रोश जताया गया।
जांच दल द्वारा जनसुनवाई के साथ केईडीएल के स्टोर और कार्यालयों का भौतिक निरीक्षण भी किया गया। समिति यह जांच कर रही है कि कंपनी ने अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन किया है या नहीं। यदि भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप सिद्ध होते हैं, तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार केईडीएल के ठेके को टर्मिनेट कर व्यवस्था पुनः सरकारी कंपनी जेवीवीएनएल को सौंपने की सिफारिश की जा सकती है।
यह जांच शिविर शनिवार को भी प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक नयापुरा पावर हाउस में जारी रहेगा।

