दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र को पद्म विभूषण, क्रिकेटर रोहित शर्मा को पद्म श्री सम्मान

0
12

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस से पहले पद्म अवॉर्ड्स की पूरी लिस्ट जारी कर दी गई है। इस लिस्ट में कई जाने-मानें नामों के साथ ही उन लोगों के भी नाम हैं जो समाज में लोगों के बीच रहकर काम करते हैं लेकिन उन्हें ज्यादा पहचान नहीं मिल पाई है।

इन लोगों में दूरदराज और पिछड़े इलाकों के लोग शामिल हैं। ये वे लोग हैं जो कि जमीनी स्तर पर काम करते हैं। दिवंगत ऐक्टर धर्मेंद्र को पद्म विभूषण और क्रिकेटर रोहित शर्मा को पद्म श्री से सम्मानित किया गया है।

कुल 131 पद्म पुरस्कारों में 19 महिलाएं और छह विदेशी नागरिक/प्रवासी भारतीय शामिल हैं। इसके अलावा सोलह हस्तियों को मरणोपरांत इन पुरस्कारों के लिए चुना गया है।

क्रिकेटर रोहित शर्मा, हॉकी गोलकीपर सविता पुनिया, उद्योगपति अशोक खरे, साहित्यकार अशोक कुमार हलदर सहित 113 लोगों को पद्म श्री देने की घोषणा की गई है। मशहूर टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा।

पार्श्व गायिका अलका याग्निक, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, अभिनेता ममूटी और बैंकर उदय कोटक को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। जेएनयू के पूर्व कुलपति एम जगदीश कुमार और प्रसार भारती के पूर्व सीईओ शशि शेखर वेम्पति को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।

इनमें साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए अंके गौड़ा के अलावा बृज लाल भट्ट, बुधरी ताती, भगवानदास रायकवार, धर्मिक लाल चुन्नी लाल पांड्या, डॉ श्याम सुंदर, चरण हेम्ब्रम और के पजनिवेल जैसे नाम शामिल हैं।

पद्म विभूषण पुरस्कार
पद्म विभूषण देश का सबसे बड़ा पद्म सम्मान है। इस बार दिवंगत ऐक्टर धर्मेंद्र सिंह द्योल, केरल के श्री केटी थॉमस, एन राजम, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र से पी नारायणन और श्री वीएस अच्युतानंदन (मरणोपरांत) को पद्म विभूषण सम्मान दिया जाएगा।

पद्म भूषण पुरस्कार
देश का दूसरा सर्वोच्च पद्म पुरस्कार पद्म भूषण है। इस लिस्ट में इस बार कुल 13 नाम शामिल किए गए हैं जो कि इस प्रकार हैं।

विजेताओं की पूरी लिस्ट

  1. गायिका अलका याग्निक
  2. श्री भगत सिंह कोश्यारी
  3. श्री कालिपट्टी रामासामी पलनिस्वामी
  4. श्री मामूर्ती
  5. डॉ. नोरी दत्तात्रेयुदु
  6. श्री पियूष पांडेय (मरणोपरांत)
  7. श्री एसके एम माइलानंदन
  8. श्री आर गणेश
  9. श्री शिबू सोरेन (मरणोपरांत)
  10. श्री उदय कोटक
  11. श्री वीके मलहोत्रा (मरणोपरांत)
  12. श्री वेल्लापल्ली नटेसन
  13. श्री विजय अमृतराज