आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान समारोह में बोले ऊर्जा मंत्री नागर
कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बुधवार को सांगोद स्थित किराड़ धर्मशाला में आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान किशनगंज विधायक ललित मीणा मुख्य वक्ता के रुप में उपस्थित रहे।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि आज की वैश्विक परिस्थितियों में भारत महत्त्वपूर्ण स्थान पर खड़ा है। पीएम मोदी के कालखंड में यह सुखद अनुभूति करने का अवसर हम सभी को मिला है। चाहे वैश्विक शांति हो, समृद्धि हो, अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाना हो या फिर वैश्विक चुनौतियों से जुड़े समाधान हो, आज दुनिया भारत की ओर बड़े विश्वास के साथ देख रही है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारे देश में बन रहे सही वातावरण का सदुपयोग कर, संकल्पों की सिद्धि की कमान अब देशवासियों के साथ हमारे कार्यकर्ता को संभालनी होगी। विशेष रूप से इसमें बड़ी भूमिका युवाओं और मातृशक्ति को उठानी होगी। हमारे युवाओं और महिलाओं को स्वदेशी का ब्रांड एंबेसेडर बनना होगा।
आज हथियारों से लेकर मोबाइल तक हमारे में विश्व स्तरीय उत्पाद बन रहे हैं। जिन्हें स्वदेशी के मंत्र से हमने ब्रांड बनाया है। इसी मंत्र से हम विश्व शक्ति भी बनेंगे और विश्व गुरु भी होंगे। उन्होंने कहा कि हमें स्थानीय उत्पादों पर बल देना होगा। वोकल फॉर लोकल के मंत्र के साथ आगे बढ़ना होगा। भारत के सामर्थ्य, संकल्पों और अवसरों को शक्ति का रुप देना होगा।
ललित मीणा ने कहा कि विदेश में बना हुआ है तो श्रेष्ठ है और भारत में बना या लोकल उत्पाद घटिया है। देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए इस पुरानी सोच को बदलना जरूरी है। मेक इन इंडिया आज यही काम कर रहा है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी की भावना के अनुरूप हम सभी को स्वदेशी को बढ़ावा देना चाहिए। स्वदेशी की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए। हमें संकल्प करना चाहिए कि दीपावली पर खरीददारी लोकल मार्केट से ही करेंगे। सस्ते के चक्कर में भारत के उत्पादों की अपेक्षा नहीं करेंगे। ऑनलाइन के चक्कर में हमारे पड़ौस के व्यापारी की दिवाली खराब न हो जाए, यह भी ध्यान रखें।
इस अवसर पर आत्मनिर्भर भारत अभियान के संयोजक विशाल शर्मा, कार्यक्रम संयोजक दिलीप गर्ग, सहसंयोजक बुद्धिप्रकाश राठौर, प्रदीप सोनी, जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं, कृष्णा शर्मा, उप प्रधान ओम नागर अडूसा, भाजपा देहात जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर, मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी, विजयशंकर सैनी, सत्यवान नागर, उछमा मीणा, राजेश शर्मा, बंटी खंडेलवाल मौजूद रहे।
चौपाल पर किया संवाद
देवली भाजपा मंडल अध्यक्ष विजयशंकर सैनी ने बताया कि ऊर्जा मंत्री नागर बुधवार को खेड़ी, झालरी, गोपालपुरा, झालरा, नियाणा, खंडगांव, राजपुरा, पीसाहेड़ा, झाड़ आमली गांव पहुंचे। जहां उन्होंने चौपाल पर ग्रामीणों से संवाद किया। मंत्री नागर ने कहा कि विकास के लिए राशि की कोई कमी नहीं है। जो विकास कार्य चल रहे हैं। उनकी मॉनिटरिंग गांव वाले स्वयं करें। गुणवत्ता को बनाए रखने की जिम्मेदारी ग्रामवासियों और कार्यकर्ताओं की है।

