रूस-यूक्रेन युद्ध से बाजार धड़ाम; सेंसेक्स 1900 अंक टूटा, निवेशकों के 8 लाख करोड़ डूबे

0
307

मुंबई। रूस-यूक्रेन युद्ध से गुरुवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। पहले मिनट में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,900 अंक टूटकर 55,338 पर पहुंच गया है। बैंकिंग शेयर्स की जबरदस्त पिटाई हो रही है। निवेशकों को शुरुआती मिनट में 8 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। सेंसेक्स में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 247.18 लाख करोड़ रुपए है, जो कल 255 लाख करोड़ रुपए था। 10.15 बजे ये 1809 अंकों की गिरावट के साथ 55,422 पर करोबार कर रहा है।

दरअसल, रूस ने यूक्रेन पर हमले की घोषणा की है। इस वजह से दुनिया के सभी शेयर बाजार गिरावट में हैं। आज सेंसेक्स 1,814 अंक नीचे 55,416 पर खुला था। पहले घंटे में इसने 55,984 का ऊपरी और 55,375 का निचला स्तर बनाया। इसके सभी 30 शेयर्स गिरावट में हैं। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, एयरटेल, इंडसइंड बैंक, ICICI बैंक के शेयर्स 3-3% से ज्यादा टूटे हैं।

टेक महिंद्रा, विप्रो भी टूटे
इसी तरह से टेक महिंद्रा, TCS, विप्रो, HCL टेक, HDFC, SBI, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, HDFC बैंक, इंफोसिस, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, मारुति, डॉ. रेड्‌डी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और ITC के स्टॉक 2 से 3% तक टूटे हैं। पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स, कोटक बैंक, टाइटन, नेस्ले, सनफार्मा और NTPC के शेयर एक-एक पर्सेंट तक गिरे हैं।

सेंसेक्स के 56 शेयर अपर सर्किट में और 362 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब एक दिन में इनके शेयर्स में एक तय सीमा से ज्यादा की गिरावट नहीं आ सकती है और न ही बढ़त हो सकती है। सेंसेक्स में लिस्टेड कंपनियों में से 2,378 शेयर्स गिरावट में और 270 शेयर्स बढ़त में हैं। 35 शेयर्स एक साल के ऊपरी स्तर और 171 निचले स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 600 अंक नीचे 16,500 पर कारोबार कर रहा है। यह 16,548 पर खुला था और 16,705 का ऊपरी तथा 16,546 का निचला स्तर बनाया। इसके सभी 50 शेयर्स नीचे हैं। गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, UPL, इंडसइंड बैंक और अडाणी पोर्ट हैं। इससे पहले बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स आज 68 पॉइंट्स गिर कर 57,232 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 29 अंक टूटकर 17,063 पर बंद हुआ।

100 डॉलर के करीब पहुंचा कच्चा तेल
रूस के यूक्रेन के खिलाफ जंग का ऐलान के बाद कच्चे तेल (ब्रेंट क्रूड) के दाम 99.75 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गए हैं। ये इसका 8 साल का हाई है। एक्सपर्ट्स के अनुसार आने वाले दिनों में इसके दाम 120 डॉलर तक जा सकते हैं। इससे पेट्रोल-डीजल 20 रुपए तक महंगे हो सकते हैं।