Tuesday, June 23, 2026
Home Blog Page 5819

महाकाल द्वार पर थंब इंप्रेशन मशीन से होगी नियमित दर्शनार्थियों की जांच

0

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल में नियमित दर्शन करने आने वाले दर्शनार्थियों को अब दर्शन से पहले अंगूठा लगाना होगा। मंदिर प्रशासन प्रवेश द्वार पर नियमित दर्शनार्थियों के लिए थंब इंप्रेशन मशीन लगाने की तैयारी कर रहा है।

मंदिर समिति ने करीब 400 श्रद्धालुओं को नियमित दर्शनार्थी के पास जारी कर रखे हैं। इनमें कई ऐसे हैं, जो नियमित दर्शन करने नहीं आते। सिर्फ श्रावण मास, शिवरात्रि, नागपंचमी जैसे महापर्व के समय दर्शन के लिए पास का उपयोग करते हैं।

मंदिर प्रशासन ने इसे लेकर अब नई योजना बनाई है। मंदिर प्रशासक सुजानसिंह रावत ने बताया कि नियमित दर्शनार्थियों की हाजिरी अब थंब इंप्रेशन मशीन से भरी जाएगी। लगातार दो माह इसकी मॉनीटरिंग होगी।

इस अवधि में जो भक्त नियमित दर्शन करने आएंगे, उनके पास यथावत रखे जाएंगे। बाकी के पास रद्द कर दिए जाएंगे। गौरतलब है कि मंदिर ने सीनियर सिटिजन, दानदाता आदि को भी विशेष दर्शन पास जारी कर रखे हैं। ऐसे दर्शनार्थियों की संख्या करीब 1300 है।

शपथ ग्रहण समारोह से उद्यमियों की समस्याएं सुने बिना ही चले गए मंत्री कालीचरण सराफ

गोविंदराम मित्तल, अशोक माहेश्वरी एवं अचल पोद्दार सम्मानित 

कोटा। दी एसएसआई का शपथग्रहण समारोह शनिवार को झालावाड़ रोड स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि चिकित्सा और स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ थे। उन्होंने एसोसिएशन की नई कार्यकारणी का शपथग्रहण कराया। वे इस मौके पर उद्यमियों की समस्याएं सुने बिना भाषण की औपचारिकता पूरी कर चले गए।

उनके कार्यक्रम के बीच से अचानक चले जाने पर उद्यमी हैरान रह गए। संस्थापक अध्यक्ष गोविन्द राम मित्तल ने भी इस मौके पर उद्यमियों की समस्याओं का जिक्र करते हुए गहरा आक्रोश व्यक्त किया। समारोह के दौरान पूर्व अध्यक्ष पवन लालपुरिया ने उनके कार्यकाल की उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर संस्था की डायरेक्ट्री का विमोचन भी कराया गया। 

32वीं कार्यकारिणी के शपथग्रहण समारोह में वर्ष 2017=2018 के लिए मनोनीत अध्यक्ष प्रेम भाटिया, सचिव राजकुमार जैन समेत सभी पदाधिकारियों व् कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। एडवाइजर के रूप में संस्थापक अध्य्क्ष गोविंदराम मित्तल, कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष  अचल पोद्दार आदि को सम्मानित किया गया। समारोह में लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष राजेंद्र जैन, देवेंद्र जैन, जम्बू जैन, गोपाल सपरा, अनिल मूंदड़ा, लघु उद्योग कौंसिल ऑफ़ कोटा के अध्यक्ष एलसी बाहेती आदि मौजूद थे। 

नहीं आये बिरला, गुंजल व राजावत

समारोह की अध्यक्षता सांसद ओम बिरला को करनी थी, वह नहीं आये। इसी तरह विधायक भवानी सिंह राजावत, प्रहलाद गुंजल भी नदारद रहे। नगर विकास न्यास के चेयरमैन रामकुमार मेहता समारोह शुरू होने के काफी देर बाद आये। विधायक संदीप शर्मा समारोह शुरू होने से पहले आये। परन्तु दोनों ही मंत्री कालीचरण सराफ के साथ ही समारोह के बीच से चले गए।

संडे को पेट्रोल पंप बंद रखने का प्रस्ताव वापस , पेट्रोल पंप मालिकों का यू टर्न

0

मुंबई। देशभर के पेट्रोल पंप मालिकों ने 14 मई से रविवार के प्रस्तावित साप्ताहिक अवकाश और 15 मई से एक शिफ्ट में पंपों के संचालन का फैसला शनिवार को वापस ले लिया। एक आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी गई।

फेडरेशन ऑफ ऑल महाराष्ट्र पेट्रोल डीलर्स असोसिएशन (एफएएमपीईडीए) के अध्यक्ष उदय लोध ने कहा कि तेल विपणन कंपनियों (ओमसी) द्वारा बुधवार को बुलाई गई समीक्षा बैठक में अगली सूचना तक प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को स्थगित करने का फैसला लिया गया।

एफएएमपीईडी सहित भारत के पेट्रोल डीलर्स के गुट (सीआईपीडी) ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और हरियाणा में ‘कॉस्ट कटिंग मॉड्यूल’ लांच करने की योजना बनाई है।

लोध ने कहा कि प्रस्तावित कदम से महाराष्ट्र में ही 4,500 पेट्रोल पंप प्रभावित होते, जिनमें मुंबई में ही 225 पेट्रोल पंप हैं। एफएएमपीईडीए यह प्रस्तावित अवकाश सीआईपीडी के आह्वान पर ओमसी से की गई मांगों के समर्थन में शुरू करने जा रही थी।

सीआईपीडी काफी समय से ओएमसी से डीलर्स मार्जिन बढ़ाने सहित कई मांगें कर रही है। लोध ने कहा, ‘हमें पिछले साल नवंबर में तेल कंपनियों से हुए समझौते पर चर्चा करने के लिए अगले बुधवार को बुलाया गया है इसलिए तब तक हमने विरोध प्रदर्शन को स्थगित करने का फैसला किया है।’

उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों को इस समय काफी कम मार्जिन मिल रहा है। उन्नत किस्म का सीसा रहित पेट्रोल और डीजल बहुत तेजी से वाष्पित होता है, जिससे काफी घाटा सहना पड़ता है। लोध ने कहा कि इसके अलावा भी कई मुद्दे हैं, हर पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन देना संभव नहीं है।

पेट्रोल पंपों द्वारा रविवार को अवकाश करने और शेष दिन एक शिफ्ट में पंप का संचालन करने के फैसले से महाराष्ट्र में ही करीब एक लाख कामगार प्रभावित होते, जो अमूमन रोज दो शिफ्ट में काम करते हैं।

महीने के अंत में जारी होंगे CBSE के रिजल्ट

नई दिल्ली। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंड्री एजुकेशन इस महीने के चौथे और पांचवे हफ्ते में 10वीं और 12वीं क्लास के रिजल्ट जारी करेगा। 12वीं क्लास के रिजल्ट को 24 से 26 मई के बीच और 10वीं क्लास के रिजल्ट को 29 से 31 मई के बीच आने की उम्मीद है।

पिछले साल 12वीं क्लास का रिजल्ट 21 मई को आया था। सीबीएसई के अधिकारियों ने  len-den news को बताया कि इस साल परीक्षा देर से हुई थी इसलिए रिजल्ट भी देर से आएगा। मार्च में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव था जिस कारण परीक्षाएं 9 दिनों की देरी से शुरू हुई थीं। उन्होंने बताया, ‘मौजूदा समय में हिंदी पेपर की जांच चल रही है।’

अब फेसबुक पर बेकार की चीजें पोस्ट नहीं कर पाएंगे आप , देने होंगे सवालों के जवाब

मुंबई।  आज के दौर में लगभग हर कोई फेसबुक का इस्तेमाल कर रहा है। किसी ऐसे शख्स को ढूंढना काफी मुश्किल है जो फेसबुक पर न हो। दुनिया की सबसे बड़ी सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर बड़ी तादाद में लोग कई ग्रुप का हिस्सा हैं। इन ग्रुप्स को पहले से ज्यादा सिक्यॉर और प्रॉडक्टिव बनाने के लिए फेसबुक ने एक नया फीचर लॉन्च किया है।

 जानें क्या है इसकी खासियत...

इसके नए फीचर के तहत अब आपको किसी भी फेसबुक ग्रुप का हिस्सा बनने के लिए 3 सवालों के जवाब देने होंगे।ये सवाल ग्रुप के ऐडमिन तैयार करेंगे, जो यूजर ग्रुप का हिस्सा बनने के लिए रिक्वेस्ट भेजेंगे, उन्हें इन सवालों के जवाब देने होंगे।

वहीं, अगर कोई खुद आपको किसी ग्रुप का हिस्सा बनने के लिए रिक्वेस्ट भेजता है तो आपको एक लिंक का नोटिफिकेशन मिलेगा जिसपर क्लिक करने पर आपको एक क्वेस्चनायर भरना होगा।

इस नए फीचर का मकसद ग्रुप में ऐसे लोगों को ऐड करना है जो ग्रुप के लिए फायदेमंद हों। ऐसा करने से उन लोगों की तादाद घटेगी जो सिर्फ बेकार की चीजों का पोस्ट करने और सिर्फ मजे के लिए ग्रुप का हिस्सा बनते हैं।

कॉइल नहीं, प्राकृतिक तरीकों से भगाएं मच्छर

-ज्योति माहेश्वरी ,  कोटा
मच्छरों से परेशान होकर लोग घरों में जहरीले मॉस्किटो कॉइल का इस्तेमाल करते हैं जो सेहत के लिए घातक होता है। लेकिन मच्छरों के आतंक से छुटकारा पाने के लिए आप घर में ही मौजूद कुछ चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में-

नीम और नारियल का तेल

जिस तरह सेहत के लिए नीम के अपार फायदे हैं उसी तरह इससे मच्छरों को भी भगाया जा सकता है। इसके लिए नीम और नारियल के तेल को बराबर मात्रा में लेकर मिश्रण तैयार कर लें और इसे शरीर पर रगड़ें। इसका असर आठ घंटे तक रहता है।

नींबू और नीलगिरी का तेल

बराबर मात्रा में नींबू के तेल और नीलगिरी के तेल लेकर मिश्रण तैयार कर लें, अब इसे शरीर पर लगाएं। इसकी महक से मच्छर आपके आस-पास नहीं भटकेंगे।

 लहसुन की महक

लहसुन की महक से मच्छर आस-पास नहीं भटकते। इसके लिए इसे पीसें और पानी में उबाल कर कमरे में छिड़क दें। इससे कमरे में एक भी मच्छर नहीं दिखेगा।

तुलसी के पौधे

तुलसी के पौधे को कमरे की खिड़की या दरवाजे के पास रखने से मच्छर भाग जाते हैं। तुलसी मच्छरों को घर में प्रवेश करने से रोकती है। तुलसी के अलावा आप नींबू और गेंदे का पौधा भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

कपूर जलाएं

कमरे में कॉइल की जगह कपूर जलाएं और 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। जब कमरे में वापस जाएंगे तो मच्छरों का नामो-निशान नहीं मिलेगा।

पर्यावरण की कहानी , डाक टिकटों की जुबानी रहा  विशेष आर्कषण

एसआर पब्लिक स्कूल में समर कैंप का तीसरा दिन 

कोटा। एस.आर. पब्लिक स्कूल में चल रहे समर कैंप के तीसरे दिन में विशेष आर्कषण पर्यावरण की कहानी डाक टिकटों की जुबानी रहा। महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति एवं एस.आर. पब्लिक स्कूल द्वारा पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए डाक टिकटों के माध्यम से प्रदर्शिनी आयोजित की गई जिसका उद्घाटन विजय कुमार ने किया।

समिति के सदस्य राजेन्द्र जैन, डॉ बजरंग लाल, हुकुम चंद जैन एवं विद्यालय के चैयरमैन आनंद राठी जी ने पौधे रोपित किए गए एवं बच्चों को पर्यावरण संरक्ष्ण की जानकारी दी। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों से समर कैंप में आए बच्चों ने भी पौधे रोपे। प्रदर्शिनी से बच्चों ने बहुत कुछ सीखा एवं पौधे लगाने का संकल्प लिया।

खास बात यह है कि इस अवसर पर डाक टिकिट के साथ साथ राजा महाराजाओं के समय से लेकर आधुनिक समय तक के सिक्कों एवं नोटों की प्रदर्शिनी लगाई गई। साथ ही स्वयं के डाक टिकिट बनवाने का सुअवसर दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्या सीमा शर्मा ने सभी आगंतुको का स्वागत व आभार व्यक्त किया।

आईडिया को 325 करोड़ का घाटा, एयरटेल के बाद इसका भी बुरा हाल

मुंबई। जियो की वजह से कई कंपनियों को टेलीकॉम मार्केट में बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। एयरटेल के बाद आईडिया को 325.6  करोड़ का घाटा हुआ है। कुछ समय पहले जारी किए आंकड़ों में जानकारी दी थी कि एयरटेल को नुकसान उठाना पड़ा, तो अब आईडिया भी अपने नुकसान की वजह जियो को बता रही है।

आईडिया को इस तिमाही बड़ा नुकसान पहुंचा है। आईडिया सेलुलर द्वारा दी गई जानकारी को आधार मानें तो इस तिमाही उसे 325.6 करोड़ का घाटा हुआ है। इस दौरान उसके रेवेन्यू में 13.7 की गिरावट आई है, जो अब 8194.5 करोड़ रह गई है।

ब्रिटेन समेत 90 से ज्यादा देशों पर साइबर अटैक, रैंसमवेअर का हमला

0

दुनिया भर में खलबली,  हैकर्स  मांगते हैं  ‘फिरौती’ , रिसर्चर ने दुर्घटनावश ढूंढ निकाली काट

हॉन्गकॉन्ग । दुनिया भर के 90 से ज्यादा देशों पर हुए बड़े साइबर हमले की काट ढूंढ ली गई है। माना जा रहा है कि एक साइबर एक्सपर्ट ने वह ‘किल स्विच’ (kill switch) ढूंढ निकाला है, जिसके जरिए लोगों के सिस्टम को हैक करके ‘फिरौती’ मांगने वाले रैंसमवेअर ‘वनाक्राई’ को फैलने से रोका जा सकता है। बता दें कि इस साइबर हमले से पूरी दुनिया में खलबली मची हुई है। साइबर अपराधियों ने अस्पतालों, टेलिकॉम फर्म और कई दूसरी बड़ी कंपनियों को फिरौती के मकसद से निशाना बनाया है।

संकट खत्म नहीं
यह काट ढूंढने वाले रिसर्चर ने टि्वटर हैंडल @MalwareTechBlog के जरिए कहा कि उनकी यह खोज एक्सीडेंटल या दुर्घटनावश है। मैलवेअर में इस्तेमाल होने वाले डोमेन नेम को रजिस्ट्रेशन करने के बाद इसका प्रसार रुक गया। उन्होंने लिखा, ‘मैं यह कबूल करूंगा कि डोमेन रजिस्टर करते वक्त मुझे यह पता ही नहीं था कि इससे मैलवेअर को फैलने से रोका जा सकता है।

इसलिए शुरुआती तौर पर यह खोज दुर्घटनावश हुई है।’ समाचार एजेंसी एएफपी से टि्वटर पर प्राइवेट मैसेज के जरिए इस रिसर्चर ने कहा, ‘शुरुआत में वे (हैकर्स) उस डोमेन के सहारे काम कर रहे थे, जो रजिस्टर्ड ही नहीं था। इसे रजिस्टर करने के बाद हमने उस मैलवेअर को फैलने से रोक दिया।

‘ हालांकि, इस रिसर्चर ने यह भी दावा किया कि लोगों को ऐसे हमले से बचने के लिए अपने सिस्टम जल्द से जल्द अपडेट कर लेने चाहिए। उसने चेतावनी दी है कि संकट खत्म नहीं हुआ है। हैकर्स कोड बदलकर दोबारा से कोशिश कर सकते हैं।

अमेरिकी एनएसए की तकनीक लीक
इस खोज का असर उन कम्प्यूटरों की सेहत पर नहीं पड़ेगा, जो पहले ही इस हमले के शिकार हो चुके हैं। इस हमले के तहत, हैकर्स यूजर के जरूरी फाइल्स को लॉक कर देते हैं और उसे दोबारा से ओपन करने के बदले वर्चुअल करेंसी बिटकॉयन में फिरौती मांगते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर्स तीन दिन में पैसा न देने पर फिरौती की रकम दोगुनी कर देते हैं। वहीं, सात दिन में न देने पर पूरी फाइलें ही डिलीट कर देते हैं। माना जा रहा है कि अमेरिका की नैशनल सिक्यॉरिटी एजेंसी जिस तकनीक का इस्तेमाल करती थी, वह इंटरनेट पर लीक हो गई थी और हैकर्स ने उसी तकनीक का इस्तेमाल किया है।

रूस सबसे ज्यादा प्रभावित
इस साइबर हमले से ब्रिटेन की हेल्थ सर्विस बुरी तरह प्रभावित हुई है। हमले के शिकार अस्पतालों के वॉर्ड और इमरजेंसी रूम बंद कर दिए हैं। ब्रिटेन की तरह ही स्पेन, पुर्तगाल और रूस में भी साइबर हमले हुए। सुरक्षा फर्म कैस्परस्की लैब और अवेस्टसेड ने इस हमले के लिए जिम्मेदार मैलवेयर की पहचान की है।

दोनों सुरक्षा फर्मों का कहना है कि इस साइबर हमले से रूस सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। रूस के आंतरिक मंत्रालय के सिस्टम निशाना बने हैं। इसके अलावा, स्पेन की टेलिकॉम कंपनी टेलिफोनिका और यूएस डिलिवरी कंपनी फेडएक्स और कुछ अन्य बड़े संगठन भी प्रभावित हुए हैं। प्रभावित होने वाले देशों में ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, फ्रांस, जर्मनी, इटली और मेक्सिको भी शामिल हैं।

अब एक नए टीवी शो में दिखेंगी सोनारिका भदौरिया

मुंबई। ‘देवों के देव…महादेव’ में पार्वती के रोल से फेमस हुईं टीवी ऐक्ट्रेस सोनारिका भदौरिया एक बार फिर से टीवी पर एक ऐतिहासिक शो के साथ वापसी की तैयारी में हैं, जो राजा पृथ्वी वल्लभ की जिंदगी पर आधारित है। कुछ समय पहले बिकीनी वाले अवतार के लिए चर्चा में रहीं सोनारिका ने इस बारे में Len-den News से बातें की…

 इस नए टीवी शो में सोनारिका लीड किरदार आशीष शर्मा के ऑपोज़िट नज़र आएंगी। हालांकि, सोनारिका ने इस खबर को कन्फर्म नहीं किया कि ऐसा कोई प्रॉजेक्ट उनके हाथ में है। उन्होंने कहा, ‘मैं इस बारे में कुछ कह नहीं सकती। मैं कॉन्ट्रैक्ट से बंधी हूं ।

‘पिछले साल सोनारिका तब काफी चर्चा में रहीं, जब उन्होंने अपनी हॉट बिकीनी वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर डाली थी। उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने अपना बोल्ड अवतार इसलिए दिखाया ताकि उन्हें फिल्म मिल सके?

इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा, ‘मैंने किसी फिल्म में जाने के लिए बिकीनी नहीं पहना। मैं जब फ्रेंड्स और फैमिली के साथ बीच पर जाती हूं तो बिकीनी पहन सकती हूं, लेकिन मैं स्क्रीन पर इसे पहनने को लेकर कम्फर्टेबल नहीं।’

उन्होंने कहा, ‘मेरी बिकीनी वाली तस्वीरें यह साबित करने के लिए नहीं हैं कि मैं सेक्सी, मोहक या वाइल्ड दिख सकती हूं। यह इसलिए भी नहीं पार्वती वाले रोल के बाद लोग मेरा दूसरा अवतार देख सकें।’