Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 4867

सुस्त मांग से वायदा कारोबार में चना 1.66 प्रतिशत गिरा

नयी दिल्ली। हाजिर बाजार में सुस्त मांग के बीच प्रतिभागियों के सौदे घटाने से सोमवार को वायदा कारोबार में चना 1.66 प्रतिशत गिरकर 4,512 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। मौजूदा उच्च स्तर पर मुनाफावसूली से भी धारणा कमजोर हुई।

नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज में , जुलाई महीने में डिलिवरी वाला चना 76 रुपये यानी 1.66 प्रतिशत गिरकर 4,512 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गया। इसमें 620 लॉट का कारोबार हुआ।

इसी प्रकार जून डिलिवरी वाला चना 66 रुपये यानी 1.46 प्रतिशत घटकर 4,461 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा। इसमें 34,580 लॉट का कारोबार हुआ।

बाजार सूत्रों ने कहा कि हाजिर बाजार में मांग में कमी से कारोबारियों के सौदे घटाने और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक के चलते वायदा कारोबार में चने की कीमतों में गिरावट रही

हाजिर बाजार में कमजोर मांग से सोयाबीन वायदा में गिरावट

नयी दिल्ली।हाजिर बाजार से कमजोरी के संकेतों के बीच व्यापारियों ने अपने सौदों के आकार को कम किया जिससे सोमवार को वायदा कारोबार में सोयाबीन की कीमत 20 रुपये तक की हानि के साथ 3,730 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई।

एमसीएक्स में अप्रैल महीने में डिलिवरी वाले सोयाबीन अनुबंध के भाव 20 रुपये यानी 0.53 प्रतिशत की हानि के साथ 3,730 रुपये प्रति क्विन्टल रह गये जिसमें 58,360 लॉट का कारोबार हुआ।

इसी प्रकार सोयाबीन के जुलाई महीने में डिलिवरी वाले अनुबंध के भाव 18 रुपये यानी 0.48 प्रतिशत की हानि के साथ 3,770 रुपये प्रति क्विन्टल रह गये जिसमें 2,490 लॉट का कारोबार हुआ।

बाजार सूत्रों ने कहा कि वायदा कारोबार में सोयाबीन कीमतों में गिरावट आने का मुख्य कारण कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार कम करना था। इसके अलावा हाजिर बाजार में कमजोरी के रुख के कारण इस जिंस की वायदा कीमतों पर दबाव बझ गया।

सटोरियों की मुनाफावसूली से जीरा वायदा कीमतों में गिरावट

नयी दिल्ली। कमजोर हाजिर मांग के कारण सटोरियों की मुनाफावसूली के बीच सोमवार को वायदा कारोबार में जीरा की कीमत 80 रुपये तक की हानि के साथ 16,760 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई।

एमसीएक्स में मई महीने में डिलिवरी वाले जीरा अनुबंध के भाव 80 रुपये यानी 0.48 प्रतिशत की हानि के साथ 16,760 रुपये प्रति क्विन्टल रह गये जिसमें 6,654 लॉट का कारोबार हुआ। इसी प्रकार जीरा के जून महीने में डिलिवरी वाले अनुबंध के भाव 65 रुपये यानी 0.38 प्रतिशत की हानि के साथ 16,950 रुपये प्रति क्विन्टल रह गये जिसमें 1,062 लॉट का कारोबार हुआ।

बाजार विश्लेषकों ने कहा कि मौजूदा स्तर पर सटोरियों की मुनाफावसूली के अलावा हाजिर बाजार की मांग में गिरावट के कारण यहां वायदा कारोबार में जीरा कीमतों पर दबाव रहा।

मजबूत निर्यात मांग से ग्वारगम वायदा कीमतों में तेजी

नयी दिल्ली। निर्यात मांग के बीच व्यापारियों द्वारा अपने सौदों का आकार बढ़ाने के काम में लगने से सोमवार को वायदा कारोबार में ग्वारगम की कीमत 28 रुपये तक की तेजी के साथ 8,848 रुपये प्रति पांच क्विन्टल हो गई।

बाजार सूत्रों ने कहा कि तेल उत्खनन करने वाले उद्योग की ओर से भारी निर्यात मांग के कारण सटोरियों द्वारा लंबे सौदों की लिवाली से मुख्यत: ग्वारगम कीमतों में तेजी आई। एनसीडीईएक्स में जून महीने में डिलिवरी वाले ग्वारगम अनुबंध के भाव 28 रुपये यानी 0.32 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,848 रुपये प्रति पांच क्विन्टल हो गये जिसमें 9,935 लॉट का कारोबार हुआ।

इसी प्रकार ग्वारगम के मई महीने में डिलिवरी वाले अनुबंध के भाव 13.5 रुपये यानी 0.31 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,335 रुपये प्रति पांच क्विन्टल हो गये जिसमें 1,13,540 लॉट का कारोबार हुआ।

जेवराती मांग बढ़ने से सोना महंगा, चांदी फिसली, जानिए आज के दाम

नई दिल्ली/ कोटा वैश्विक स्तर पर पीली धातु में रही तेजी और स्थानीय जेवराती मांग बढ़ने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना सोमवार को 200 रुपए चमककर डेढ़ सप्ताह के उच्चतम स्तर 32,870 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया जबकि चांदी 30 रुपए टूटकर 38,570 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई।

विदेश में ईस्टर के अवकाश के बाद बाजार खुलने पर कारोबार में तेजी आई और पिछले कारोबारी सत्र में लगभग चार महीने के निचले स्तर को छूने वाला सोना हाजिर 3.80 डॉलर चमककर 1,279.25 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। जून का अमेरिका सोना वायदा 4.80 डॉलर की बढ़त में 1,277.40 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

बाजार विश्लेषकों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने और अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर पड़ने से निवेशकों ने सोने की ओर रुख किया है। इससे सोने की चमक बढ़ी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चांदी हाजिर भी 0.06 डॉलर की मजबूती के साथ 15.03 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 200 रुपए चमककर 32,870 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यह गत 11 अप्रैल के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 32,700 रुपए प्रति 10 ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 26,400 रुपए पर स्थिर रही। सोने के विपरीत चांदी की जेवराती मांग कमजोर रही।

इससे चांदी हाजिर 30 रुपए फिसलकर 38,570 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। सफेद धातु की औद्योगिक मांग हालांकि मजबूत रहने से चांदी वायदा 295 रुपए की छलांग लगाकर 37,525 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 80 हजार और 81 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।

कोटा सर्राफा
चांदी 38600 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 32800 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38260 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 32970 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38460 रुपये प्रति तोला।

औंधे मुंह गिरे बाजार, सेंसेक्स 495 अंक लुढ़क कर 39 हजार से नीचे बंद

नई दिल्ली। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और कंपनियों के चौथी तिमाही के मिलजुले नतीजों के निवेशकों में छाई मुनाफावसूली के कारण भारत शेयर बाजार कारोबारी सप्ताह के पहले दिन औंधे मुंह गिरे। भारी बिकवाली के चलते बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 495 अंकों की बड़ी गिरावट के साथ 39 हजार से नीचे आते हुए 38,645 अंकों पर बंद हुआ।

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 158 अंकों की गिरावट के साथ 11,600 से नीचे गिरकर 11,594 अंकों पर आकर बंद हुआ।

ये हैं टॉप गेनर
सेंसेक्स में केपीआर मिल्स में 6.21 फीसदी, ALEMBIC फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड में 5.07 फीसदी, जीएचसीएल में 4.68 फीसदी, राजेश एक्सपोर्ट्स लिमिटेड में 4.56 फीसदी और Syngene इंटरनेशनल लिमिटेड में 3.22 फीसदी की तेजी रही। निफ्टी में टेक महिंद्रा में 0.82 फीसदी, विप्रो में 0.77 फीसदी, पावरग्रिड में 0.69 फीसदी, टीसीएस में 0.69 फीसदी और इंफोसिस में 0.54 फीसदी की तेजी रही।

इन शेयरों में रही गिरावट
सेंसेक्स में पीसी ज्वैलर्स में 11.02 फीसदी, डीएचएफएल में 10.91 फीसदी, रिलायंस कैपिटल में 10.71 फीसदी, टाटा स्टील में 9.14 फीसदी और इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस में 9.02 फीसदी की गिरावट रही। निफ्टी में बीपीसीएल में 4.40 फीसदी, आईओसी में 3.27 फीसदी, भारती एयरटेल में 2.38 फीसदी, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस में 2.13 फीसदी और यस बैंक में 2.09 फीसदी की गिरावट रही।

घर बैठे हो जाएंगे बैंक के सारे काम, SBI ने लॉन्च की नई सेवा

नई दिल्ली।भारतीय स्टेट बैंक ने अपने ग्राहकों के लिए नई सुविधा शुरू की है। अब सीनियर सिटीजंस, दिव्यांगों और अन्य स्पेशल लोगों को बैंक नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि बैंक खुद उनके घर आएगा। एसबीआई की डोर-स्टेप बैंकिंग सुविधा के तहत ये लोग घर बैठे ही रुपए के लेन-देन समेत बैंक के तमाम काम कर सकेंगे।

एसबीआई ने सीनियर सीटिजन, दिव्यांग तथा अन्य स्पेशल लोगों के लिए डोर स्टेप बैंकिंग सर्विस शुरू की है। यह सर्विस उन खातों पर ही मिलेगी जो केवाईसी के तहत अपडेट हैं और जिन ग्राहकों के पास रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर है। इसके अलावा इन ग्राहकों का बैंक की ब्रांच के 5 किलोमीटर के दायरे में आना जरूरी है। साथ ही उनका बैंक में निजी खाता भी होना चाहिए। यानी नॉन पर्सनल, ज्वाइंट तथा छोटे बच्चों के खाते पर यह सुविधा नहीं मिलेगी।

मिलेंगी ये सुविधाएं
डोर स्टेप बैंकिंग सर्विस के जरिए एसबीआई अपने ग्राहकों को कैश जमा करने, कैश की डिलीवरी, चेक लेने, चेकबुक देने, ड्राफ्ट देने, डाक्युमेंट्स लेने और आयकर से संबंधित दस्तावेज लेने जैसी सुविधाएं दे रहा है।

देना होगा शुल्क
बैंक ने डोर-स्टेप सर्विस के लिए मामूली चार्ज लगाया है। डोर स्टेप सर्विस के लिए पात्र ग्राहकों को एक निश्चित शुल्क देना होगा। इसके लिए पैसे के प्रत्येक लेनदेन पर ग्राहक को 100 रुपए की फीस अदा करनी होगी। अन्य सुविधाओं के लिए 60 रुपए प्रति सर्विस चार्ज देना होगा।

डोर स्टेप सर्विस लेने के लिए ग्राहक को एसबीआई की होम ब्रांच में जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। दिव्यांग ग्राहकों को मेडिकल सर्टिफिकेट जमा करना होगा। डोर स्टेप सर्विस के बारे में अधिक जानकारी एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट www.sbi.co.in से हासिल कर सकते हैं।

मर्सिडीज बेंज GLS न्यूयॉर्क ऑटो शो में लॉन्च, जानिए खास फीचर्स

नई दिल्ली।जर्मन कार निर्माता मर्सेडीज-बेंज ने अपनी थर्ड जेनरेशन जीएलएस एसयूवी से न्यू यॉर्क ऑटो शो 2019 में पर्दा उठाया है। यह 7 सीटर एसयूवी कई चेंजेंस और नए फीचर्स के साथ आई है, साथ ही इसमें मर्सेडीज-बेंज का लेटेस्ट जेनरेशन ड्राइविंग असिस्टेंट सिस्टम दिया गया है। इसका प्रोडक्शन अलाबामा, यूएसए में शुरू हो गया है और इसके मार्केट में सेल के लिए आने की उम्मीद 2019 के अंत तक की जा रही है।

थर्ड जेनरेशन जीएलएस को क्रोम-फिनिश्ड ऑक्टागोनल ग्रिल, साइड एयर वेंट्स, क्रोम-प्लेटेड अंडर गार्ड और दो पावर डोम्स वाला लॉन्ग बोनट दिया गया है। इसमें स्मोक्ड हेडलैंप, एलईडी टेललैंप्स, अजस्टेबल एलईडी हेडलाइट्स, टिंटेड पावर विंडोज, फॉग लाइट्स, रेन सेंसिंग वाइपर्स, वॉशर्स और रियर विंडो के लिए डीफॉगर दिए गए हैं। 3,075mm वाले वीलबेस के साथ इसमें ट्यूबलेस वील्स दिए गए हैं।

प्रीमियम एसयूवी में कंपनी ने अपनी फ्लैगशिप सिडैन एस-क्लास की तरह प्लश इंटीरियर दिया है। साथ ही इस मॉडल में हर तरह के रास्तों पर चलने की क्षमताएं पहले की तरह ही मौजूद है। कंपनी ने कहा, ‘जीएलएस को एसयूवी की श्रेणी में एस-क्लास कहा जा सकता है। यह अपनी क्लास में बेहतरीन लग्जरी, परफॉर्मेंस और सेफ्टी के साथ आती है। इस गाड़ी का इस्तेमाल रोजाना के तौर पर भी किया जा सकता है और बेहतरीन परफॉर्मेंस के मौके पर भी यह आपको मायूस नहीं करेगी।’

एसयूवी में इसमें हीटेड इंटीरियर और पैडल शिफ्टर्स के साथ मल्टीफंक्शनल लेदर स्टीयरिंग वील दिया गया है। इस गाड़ी में 12.3-इंच के 2 हाई डेफिनिशन स्क्रीन पीछे और नई डिजाइन का कलर डिस्प्ले वाला इन्स्ट्रूमेंट पैनल दिया गया है। इसका पेट्रोल इंजन छह और आठ सिलेंडर्स के साथ आता है। सुरक्षा के लिहाज से इसमें एबीएस+ईबीडी, ट्रैक्शन कंट्रोल, रियर व्यू कैमरा और छह एयरबैग्स के अलावा चाइल्ड लॉक भी दिए गए हैं। यह स्पेशल कार-वॉश फीचर के साथ आती है।

Realme ने भारत में लांच किये दो नए स्मार्टफोन, जानिये कीमत व फीचर

नई दिल्ली। स्मार्टफोन बनाने वाली चीन की कंपनी रियलमी ने सोमवार को भारत में अपने 2 स्मार्टफोन लॉन्च किए हैं। कंपनी ने Realme 3 Pro और Realme C2 लॉन्च किए हैं। Realme 3 Pro को दो वेरियंट (4GB रैम+64GB स्टोरेज और 6GB रैम+128GB स्टोरेज) में लॉन्च किया गया है।

4GB रैम+64GB स्टोरेज वाले Realme 3 Pro की कीमत 13,999 रुपये है। वहीं, 6GB रैम+128GB स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत 16,999 रुपये है। Realme 3 Pro फ्लिपकार्ट एक्सक्लूसिव होगा।

वहीं, Realme C2 दो वेरियंट (2GB रैम+16GB स्टोरेज और 3GB रैम+32GB स्टोरेज) में लॉन्च किया गया है। 2GB रैम+16GB स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत 5,999 रुपये रखी गई है। वहीं, 3GB रैम+32GB स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत 7,999 रुपये है।

Realme 3 Pro के स्पेसिफिकेशंस
Realme 3 Pro में 2340X1080 पिक्सल रेजॉलूशन के साथ 6.3 इंच की ड्यूड्रॉप फुल स्क्रीन दी गई है। इसका स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 90.8% है। स्क्रीन प्रटेक्शन के लिए फोन में कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 5 दिया गया है। यह स्मार्टफोन क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 710 प्रोसेसर पर चलेगा। यह स्मार्टफोन पर्पल, ब्लू और ग्रे कलर ऑप्शन में आएगा और इस फोन के बैक में Redmi Note 7 Pro की तरह ग्रेडिएंट कलर होंगे।

इस स्मार्टफोन में 4,045 mAh की बैटरी दी गई है। कंपनी का दावा है कि यूजर्स फोन में 7 घंटे PUBG खेल सकेंगे और 9.5 घंटे YouTube विडियो देख सकेंगे। इसके अलावा, फोन में 18.3 घंटे वेब ब्राउजिंग कर सकेंगे। फोन VOOC 3.0 चार्जिंग के साथ आएगा। Realme 3 Pro स्मार्टफोन में GameBoost 2.0 और TouchBoost होंगे। TouchBoost टच कंट्रोल को बेहतर बनाता है।

Realme 3 Pro के कैमरे
Realme 3 Pro में सेल्फी के लिए 25 मेगापिक्सेल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। वहीं, इस स्मार्टफोन के बैक में 16 मेगापिक्सल और 5 मेगापिक्सल का ड्यूल कैमरा सेटअप मौजूद है। Realme 3 Pro अल्ट्रा HD मोड के साथ आता है जिससे यूजर्स 64MP रेजॉलूशन पर फोटो और विडियो शूट कर सकेंगे।

Realme C2 के फीचर
Realme C2 में 6.1 इंच की HD+ ड्यूड्रॉप फुल स्क्रीन दी गई है। यह स्मार्टफोन दो वेरियंट (2GB रैम+16GB स्टोरेज और 3GB रैम+32GB स्टोरेज) में पेश किया गया है। 2GB रैम और 16GB स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत 5,999 रुपये रखी गई है। वहीं, 3GB रैम+32GB स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत 7,999 रुपये होगी।

फोन के बैक में 13 मेगापिक्सल और 2 मेगापिक्सल का ड्यूल कैमरा सेटअप दिया गया है। वहीं, सेल्फी के लिए फोन में 5 मेगापिक्सल का कैमरा उपलब्ध है जो AI फेशियल अनलॉक फीचर के साथ आता है। फोन में 4,000 mAh की बैटरी दी गई है। Realme C2 की पहली सेल 15 मई को दोपहर 12 बजे से फ्लिपकार्ट और Realme.com पर होगी।

आपने भी नकद में खरीदी कार और जमीन, तो आ सकता है आयकर का नोटिस

नई दिल्ली। यदि आपने बीते कुछ समय में नकद लेनदेन के जरिए कार, ज्वैलरी या जमीन खरीदी है तो सावधान हो जाएं, आयकर विभाग आपसे नकदी के बारे में पूछताछ कर सकता है। दरअसल, 12 लाख करोड़ का राजस्व जुटाने के लक्ष्य से पिछड़े इनकम टैक्स विभाग ने नकद लेनदेन करने वालों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करने की योजना बनाई है।

अस्पताल के बिल नकद भुगतान पर भी कार्रवाई
आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, आयकर विभाग वित्त वर्ष 2018-18 में 12 लाख करोड़ का राजस्व जुटाने के लक्ष्य से चूक गया है। ऐसे में विभाग ने सभी कर आकलन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जो भी करदाता नकद लेनदेन के जरिए जमीन, ज्वैलरी और कार जैसे लग्जरी आइटम या फिर अस्पताल के बिल का भुगतान करते हैं तो उन पर पैनल्टी लगाई जाए।

अधिकारी ने बताया कि अभी तक जमीन खरीदने के करीब 27 हजार ऐसे मामले पकड़ में आए जिनमें आयकर कानूनों का उल्लंघन कर नकद लेनदेन किया गया है। अधिकारी ने बताया कि हमें जल्द ही 5,500 करोड़ रुपए वसूलने की आवश्यकता है।