Friday, July 10, 2026
Home Blog Page 4774

केंद्रीय बजट 2019-20 के लिए आप भी दे सकते हैं सुझाव, अंतिम तारीख 20 जून

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को नागरिकों से केंद्रीय बजट 2019-20 के लिए सुझाव मांगे। यह कदम बजट तैयार करने में नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए उठाया गया है। आमजन 20 जून तक अपने विचार ‘mygov.in’ पर भेज सकते हैं। सरकार की मंशा है कि नागरिक भी इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनें।

वित्त मंत्रालय मोदी सरकार-2 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 5 जुलाई को पहला पूर्ण बजट पेश करेंगी। इससे पहले नागरिकों द्वारा बजट को लेकर दिए गए सुझावों पर वित्त मंत्रालय विचार करेगा। बेहतर सुझावों को केंद्रीय बजट में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक कोई भी नागरिक इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन सकता है। नागरिक अपने सुझावों सीधे कमेंट बॉक्स या पीडीएफ फाइल के रूप में भेज सकते हैं।

सीतारमण गुरुवार को ही कारोबारी जगत के लोगों को भरोसा दिला चुकी हैं कि बजट के लिए आने वाले सुझावों पर उनकी टीम जरूर विचार करेगी। बजट टीम में राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और मुख्य आर्थिक सलाहकार के.सुब्रमण्यम शामिल हैं। जबकि मंत्रालय की आधिकारिक टीम का नेतृत्व वित्त सचिव सुभाष चंद्र गर्ग कर रहे हैं। 17वीं लोकसभा का पहला सत्र 17 जून से 26 जुलाई के बीच होगा। वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए आर्थिक सर्वे 4 जुलाई को सदन में प्रस्तावित होगा। अगले दिन बजट पेश किया जाएगा।

अब जिपमेर में एलन के अरूनांग्शु ने किया टॉप

कोटा। जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (जिपमेर) के एमबीबीएस एंट्रेंस एग्जामिनेशन के परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिए गए। परिणामों में एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के स्टूडेंट्स ने श्रेष्ठ उपलब्धि हासिल की है।

संस्था के निदेशक बृजेश माहेश्वरी ने बताया कि देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-2019 के परिणामों से शुरू हुआ आल इंडिया रैंक-1 का सिलसिला जिपमेर प्रवेश परीक्षा में भी जारी रहा। इस परीक्षा में भी एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के क्लासरूम स्टूडेंट अरूनांशु भट्टाचार्य ने टॉप किया।

इसके साथ ही टॉप 10 में 9 स्थानों पर एलन स्टूडेंट्स ने जगह बनाई। इनमें प्रतीक उपाध्याय अखिल भारतीय स्तर पर दूसरे, आर्यन बंसल तीसरे, प्रांजपन बासु चौथे, चैतन्य मित्तल पांचवे, अमृतेश एस.ग्रेवाल छठे, बहादुर सिंह आठवें, अपूर्व राघव नवें तथा निशिता दसवें स्थान पर रही।

माहेश्वरी ने बताया कि जिपमेर के लिए प्रवेश परीक्षा 2 जून को आयोजित की गई थी। परीक्षा पूर्णतः ऑनलाइन मोड पर हुई, जिसमें करीब सवा 2 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए। इस प्रवेश परीक्षा के जरिए पुड्डुचेरी व कैराकल मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 200 सीटों पर प्रवेश दिए जाते हैं।

इसमें पुड्डुचेरी में 150 सीटें तथा कैराकल में 50 सीटें हैं। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष जिपमेर-2018 में इस प्रवेश परीक्षा में एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के टॉप 10 में 7 स्टूडेंट्स थे। वहीं 2017 के परिणामों में टॉप-10 में 5 स्टूडेंट्स रहे थे।

किसानों को मुआवजा नहीं मिला तो करेंगे आन्दोलन : भारतीय किसान संघ

कोटा।भारतीय किसान संघ कोटा संभाग की सभा मानव विकास भवन रावतभाटा रोड पर सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता भारतीय किसान संघ के संभागीय अध्यक्ष घनश्याम मीणा ने की। वहीं प्रान्त संगठन मंत्री हेमराज, प्रदेश महामंत्री कैलाश गन्दोलिया, प्राप्त महामंत्री जगदीश कलमंडा तथा सम्भाग के मंत्री प्रहलाद नागर ने भी सभा को संबोधित किया। सभा के तीन सत्रों में विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

प्रदेश महामंत्री कैलाश गन्दोलिया ने झालावाड़ जिले में किसानों को मुआवजा नहीं मिलने को लेकर झालावाड़ में महापड़ाव की योजना को लेकर चर्चा की। प्रधानमंत्री फसल बीमा, नहरों का सुदृढ़ीकरण के कार्यों की शिथिलता, सहकारिता ऋण, बिजली सम्बन्धित समस्याओं के समाधान के लिए आगामी योजना के बारे में रचना बनाई गई।

प्रदेश जैविक प्रमुख हुकुमचन्द पाटीदार ने जैविक खेती के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने सुल्तानपुर में होने वाले जैविक खेती अभ्यास वर्ग में सभी किसानों, युवाओं को सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया।

प्रान्त महामन्त्री जगदीश कलमण्डा ने सभा के दौरान कहा कि भारतीय किसान संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के जन्मशताब्दी वर्ष पर 10 नवम्बर 2019 से 10 नवम्बर 2020 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान ग्राम, तहसील, जिला आधारित कार्यक्रमों की रचना की जाएगी। सभा में कोटा, बून्दी, बारां, झालावाड़ जिला के सभी जिलाध्यक्ष, मंत्री एवं अन्य प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आशीष मेेहता होंगे मीडिया प्रभारी
भारतीय किसान संघ कोटा सम्भाग के अध्यक्ष घनश्याम मीणा ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए आशीष मेहता को संभाग में सह प्रचार प्रमुख के पद पर नियुक्ति की है। उन्होंने बताया कि आशीष मेहता कोटा संभाग में मीडिया प्रभारी व प्रवक्ता के रुप में कार्य करेंगे।

औद्योगिक मांग निकलने से चांदी में उछाल, जानिए आज के दाम

नई दिल्ली/ कोटा । ज्वैलर्स की मांग घटने और विदेशों में नर्म रुख के कारण सोने के भाव में आज शुक्रवार को गिरावट देखी गई है। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में सोने के भाव आज 70 रुपये की गिरावट के साथ 33,420 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहे। हालांकि, चांदी में तेजी देखी गई है। चांदी आज 100 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 38,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।

कारोबारियों के अनुसार, औद्योगिक इकाइयों और सिक्का कारोबारियों द्वारा लिवाली करने के कारण भाव में यह वृद्धि आई। वहीं वैश्विक स्तर की बात करें तो सोना गिरावट के साथ 1,334.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी न्यूयॉर्क में 14.99 डॉलर प्रति औंस पर रही।

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 70 रुपये की गिरावट के साथ 33,420 और 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना भी 70 रुपये की ही गिरावट के साथ 33,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। हालांकि, गिन्नी सोने की कीमत 26,700 रुपये प्रति आठ ग्राम पर स्थिर रही। कारोबारियों के अनुसार वैश्विक स्तर पर ज्वैलर्स की मांग घटने से सोने में गिरावट आई है।

उधर चांदी में शुक्रवार को 100 रुपये की तेजी देखी गई और इसके भाव 38,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए। वहीं साप्ताहिक डिलीवरी वाली चांदी में 72 रुपये की गिरावट देखी गई और इसके भाव 36,878 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए। इसके अलावा चांदी के सिक्कों की लिवाली कीमत 80,000 रुपये प्रति सैकड़ा और बिकवाली कीमत 81,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रही।

कोटा सर्राफा
चांदी 38000 रुपये प्रति किलोग्राम ।
सोना केटबरी 33300 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38840 रुपये प्रति तोला।
शुद्ध 33470 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 39040 रुपये प्रति तोला।

RBSE Class 8 Result 2019: राजस्थान 8वीं के नतीजे घोषित

जयपुर। राजस्थान बोर्ड ने आठवीं कक्षा के परिणामों की घोषणा कर दी है इस रिजल्ट को आप राजस्थान बोर्ड की ऑफिशल वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in के अलावा कुछ थर्ड पार्टी वेबसाइट्स पर भी देख सकते हैं। यहां हम आपको रिजल्ट देखने का डायरेक्ट लिंक भी उपलब्ध करा रहे हैं।

बता दें कि राजस्थान के शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कल ट्विट करके जानकारी दी थी शुक्रवार शाम बजे आठवीं कक्षा के नतीजों की घोषणा होगी। इस साल राजस्थान बोर्ड की आठवीं कक्षा में करीब 11.50 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया है। राजस्थान बोर्ड के नियमों के मुताबिक आठवीं कक्षा तक किसी छात्र को फेल नहीं किया जाता है। बल्कि आगे बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए आठवीं के एग्जाम की बोर्ड की तरह आयोजित होते हैं।

इस परीक्षा का आयोजन 14 मार्च से 27 मार्च 2019 तक किया गया था। छात्र अपना रिजल्ट अपने रोल नंबर के चेक कर सकते हैं इसके अलावा एसएमएस से भी छात्र अपना रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं इसके लिए RESULT<स्पेस>RAJ8<स्पेस>रोल नंबर लिखकर 56263 पर भेजना होगा।

ऐसे देखें आठवीं कक्षा का परिणाम

  1. राजस्थान बोर्ड की ऑफिशल वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाएं
  2. यहां 8th Class Result के लिंक पर क्लिक करें
  3. क्लिक करते ही एक नया पेज खुल जाएगा।
  4. अब यहां अपना रोल नंबर डालें और सबमिट करें
  5. सबमिट करते ही आपका रिजल्ट आपके सामने होगा
  6. अब इसे भविष्य के लिए सेव करें और इसका प्रिंट निकाल लें

RBSE 8th Result 2019 देखने के लिए यहां क्लिक करें

मजबूत निर्यात मांग के कारण ग्वारगम वायदा कीमतों में तेजी

नयी दिल्ली।हाजिर बाजार की मजबूत निर्यात मांग के कारण शुक्रवार को वायदा कारोबार में ग्वारगम की कीमत 22 रुपये की तेजी के साथ 8,425 रुपये प्रति पांच क्विन्टल हो गई।

एनसीडीईएक्स में ग्वारगम के जून महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 22 रुपये अथवा 0.26 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,425 रुपये प्रति पांच क्विन्टल हो गई जिसमें 10,975 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

ग्वारगम के जुलाई महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत भी 19 रुपये अथवा 0.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,550 रुपये प्रति पांच क्विन्टल हो गई जिसमें 54,850 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

गर्मी और सूखे की वजह से महंगा हो सकता है प्याज

नई दिल्ली। बढ़ता तापमान और सूखा पड़ने की आशंका के बीच प्याज के दाम आसमान छू सकते हैं। महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में अत्यधिक गर्मी पड़ रही है और पिछले साल की ही तरह यहां सूखे जैसे हालात हो गए हैं। इन क्षेत्रों से देश के कुल प्याज उत्पादन का 60 फीसदी आता है। इन क्षेत्रों में गर्मी के प्रकोप के चलते प्याज की पैदावार प्रभावित होने की आशंका है, जिससे प्याज के दाम बढ़ सकते हैं।

अगस्त तक काफी महंगा सकता है प्याज
महाराष्ट्र में लसालगांव मंडी में प्याज 12 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। एक सरकारी अधिकारी के मुताबिक रबी की फसल में प्याज की बुवाई 15-20 फीसदी तक घटी है और अभी ही प्याज का दाम 12 रुपए किलो हो गया है।

इसके चलते डर बना हुआ है कि अगस्त आने तक प्याज का दाम कहीं अधिक हाे जाएगा। पिछले साल अधिक प्याज के चलते प्याज 1 रुपए प्रति किलो में बिक रहा था। तब भी किसानों को नुकसान झेलना पड़ा और इस साल कम उत्पादन की आशंका से भी नुकसान हो सकता है।

गर्मी ने बढ़ाई मुसीबत
प्याज निर्यातक एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अजित शाह के मुताबिक दक्षिण भारत में प्याज के उत्पादन को लेकर चिंता ज्यादा है। दक्षिण भारत 20 फीसदी से अधिक प्याज का उत्पादन करता है। गुजरात में भी 10 फीसदी कम उत्पादन होने की आशंका है। अत्यधिक तापमान के चलते न सिर्फ प्याज का उत्पादन घटता है, बल्कि प्याज को स्टोर करना भी चुनौती भरा हो जाता है।

सामान्य रहा मॉनसून तो नहीं बढ़ेगा दाम
प्याज के दाम लंबे समय से नियंत्रण में रहे हैं। बीते पांच सालों में 50 फीसदी उत्पादन बढ़ने से जनवरी-फरवरी में प्याज के दामों में तेज गिरावट हुई थी। हालांकि अजित शाह का कहना है कि प्याज का स्टॉक काफी है और अगर मॉनसून सामान्य रहता है तो प्याज के दाम नहीं बढ़ेंगे। मॉनसून के अलावा भी प्याज का दाम वेस्टेज पर भी निर्भर करता है।

वेस्टेज का आकलन तकरीबन 30 फीसदी किया जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि प्याज को ज्यादा दिनों तक स्टोर नहीं किया जा सकता है, अत्यधिक बारिश से प्याज खराब हो जाती है और तापमान बढ़ने से प्याज सूख जाता है जिससे उसकी क्वालिटी पर असर पड़ता है।

86 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ सेंसेक्स, निफ्टी में 27 अंक की तेजी

नई दिल्ली। उतार-चढ़ाव भरे माहौल के बीच भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को दिनभर के कारोबार के बाद तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 86 अंकों की तेजी के साथ 39,615 अंकों पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 26.90 अंकों की तेजी के साथ 11,870 अंकों पर बंद हुए।

शुक्रवार को सेंसेक्स में बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर के शेयरों में तेजी का माहौल रहा। बैंकिंग सेक्टर के शेयर 212 अंकों की तेजी के साथ 34,886 अंकों पर बंद हुए। बैंकिंग सेक्टर में इंड्सइंड बैंक में 1.90 फीसदी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में 1.36 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 1.28 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर के शेयर 160 अंकों की तेजी के साथ 25,269 अंकों पर बंद हुए। वोल्टास में 5.02 फीसदी, वीआईपी इंड्स्ट्रीज में 2.12 फीसदी, ब्लूस्टार कंपनी के शेयरों में 0.66 फीसदी की तेजी रही।

ये हैं टॉप गेनर
सेंसेक्स में इंफीबीम 5.88 फीसदी, गुजरात फ्लूरोकैमिकल्स लिमिटेड 5.71 फीसदी, चंबल फर्टिलाइजर्स 5.28 फीसदी, वोल्टास लिमिटेड 5.24 फीसदी, एचसीसी 5.02 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ टॉप गेनर रहे। निफ्टी में कोल इंडिया 2.96 फीसदी, टाइटन 1.76 फीसदी, हीरो मोटोकॉर्प 1.50 फीसदी, एनटीपीसी 1.30 फीसदी, पावर ग्रिड 1.06 फीसदी की तेजी के साथ टॉप गेनर रहे।

ये हैं टॉप लूजर
सेंसेक्स में रिलायंस इंफ्रा 13.48 फीसदी, कॉक्स एंड किंग्स 12.03 फीसदी, डीएचएफएल 10.86 फीसदी, रिलायंस कैपिटल 10.47 फीसदी, पीसी ज्वैलर्स 8.21 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर रहे। निफ्टी में गेल 11.49 फीसदी, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस 7.73 फीसदी, इंड्सइंड बैंक 6.84 फीसदी, यस बैंक 5.86 फीसदी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 4.57 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर रहे।

रियलमी का 5G स्मार्टफोन इसी साल होगा लॉन्च

नई दिल्ली।चीन की स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी रियलमी इस साल भारत में अपना 5G स्मार्टफोन लॉन्च करने वाली है। पिछले महीने ही रियलमी ने दावा किया था वह भारत और चीन में 5G नेटवर्क के शुरू होने के साथ ही अपने 5G कनेक्टिविटी वाले स्मार्टफोन लॉन्च कर देगा। रियलमी के 5G फोन आने के दावों को रियलमी इंडिया के सीईओ माधव सेठ के ट्वीट ने भी मजबूत कर दिया है।

सेठ ने अपने ट्विटर हैंडल से एक तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि रियलमी इस साल अपना 5G स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी में है। सेठ ने अपने ट्वीट में यह भी कहा कि साल 2019 में 5G प्रॉडक्ट लॉन्च करने वाला रियलमी पहला स्मार्टफोन ब्रैंड होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कंपनी भारत में सबसे पहले बेस्ट टेक्नॉलजी लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

रियलमी ने पिछले साल भारतीय बाजार में एंट्री की थी। रियलमी को बजट स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी के तौर पर जाना जाता है औक इसके डिवाइसेज को भारतीय यूजर्स ने काफी पंसद भी किया है। नया ब्रैंड होने के बावजूद रियलमी सैमसंग, शाओमी, वीवो जैसी कंपनियों को कड़ी टक्कर दे रही है। भारत और चीन के बाद अब रियलमी यूरोपीय बाजार में एंट्री करने की तैयारी में लगी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि रियलमी अपना पहला 5G स्मार्टफोन चीन और यूरोप में ही लॉन्च करेगा।

रियलमी ने हाल ही में रियलमी एक्स स्मार्टफोन लॉन्च किया है। फोन में स्नैपड्रैगन 710 और और 8जीबी रैम मौजूद है। फटॉग्रफी के लिए इस फोन के रियर में 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी और 5 मेगापिक्सल का सेकंडरी सेंसर दिया गया है। सेल्फी के लिए फोन में पॉप-अप सेल्फी कैमरा मौजूद है। 6.53 इंच के एज टू एज डिस्प्ले के साथ आने वाले इस फोन को अभी चीन में लॉन्च किया गया है। भारत की जहां तक बात है तो उम्मीद की जा रही है कि कंपनी इसे यहां भी जल्द ही लॉन्च कर देगी।

ईमानदार टैक्सपेयर को बजट में इस बार मिलेंगी कई छूट

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आगामी पांच जुलाई को पेश होने वाले आम बजट में ईमानदार टैक्सपेयर्स को कई तोहफे दे सकती है। वित्त मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार यह इच्छा जाहिर कर चुके हैं कि ईमानदार टैक्सपेयर्स को प्रोत्साहन मिलना चाहिए क्योंकि वे चुपचाप ईमानदारी से टैक्स देते रहते हैं जबकि इस देश में टैक्स नहीं देने वालों की संख्या सबसे अधिक है।

पिछले वित्त वर्ष में 7 करोड़ से भी कम लोगों ने इनकम टैक्स रिटर्न फाइल किया जबकि देश की आबादी 1.3 अरब को पार कर चुकी है। वित्त मंत्रालय फिलहाल इस बात की तैयारी कर रहा है कि ईमानदार टैक्सपेयर्स की परिभाषा क्या होगी।

इसमें उन लोगों को शामिल किया जा सकता है जो पिछले 15-20 सालों से लगातार एक सीमा से अधिक सरकार को टैक्स देते आ रहे हैं। बिजनेस क्लास और सर्विस क्लास के लिए अलग-अलग परिभाषा हो सकती है। क्योंकि सर्विस क्लास के टैक्सपेयर्स पूरी जिंदगी ईमानदारी से अपना टैक्स भरते रहते हैं।

मिल सकती हैं ये छूट
वित्त मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक ईमानदार टैक्सपेयर्स की परिभाषा के तहत फिट बैठने वाले टैक्सपेयर्स को प्रविलेज्ड क्लास उपभोक्ता का दर्जा मिल सकता है और उन्हें भीड़भाड़ वाली जगहों पर प्राथमिकता दी जा सकती है। हो सकता है रेलवे या एयरप्लेन में उनके लिए सीट रिजर्व कर दिया जाए। ईमानदार टैक्सपेयर्स को टोल टैक्स में कुछ छूट मिल सकती है। स्कूल में बच्चों के दाखिले में उन्हें कुछ रियायत दी सकती है।

मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक सरकार का मकसद लोगों को यह अहसास दिलाना है कि ये वे लोग हैं जो ईमानदारी से अपना टैक्स भरते हैं, इसलिए ये लोग आपसे भिन्न हैं। हालांकि इस मामले में मंत्रालय के भीतर कई प्रकार की चर्चाएं चल रही हैं। सूत्रों के मुताबिक ईमानदार टैक्सपेयर्स को टैक्स में कुछ छूट देने का प्रावधान लाया जा सकता है। कुछ चुनिंदा ईमानदार टैक्सपेयर्स को पीएम मोदी या वित्त मंत्री के साथ चाय पर चर्चा का मौका मिल सकता है।