Friday, July 10, 2026
Home Blog Page 4775

रियलमी का 5G स्मार्टफोन इसी साल होगा लॉन्च

नई दिल्ली।चीन की स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी रियलमी इस साल भारत में अपना 5G स्मार्टफोन लॉन्च करने वाली है। पिछले महीने ही रियलमी ने दावा किया था वह भारत और चीन में 5G नेटवर्क के शुरू होने के साथ ही अपने 5G कनेक्टिविटी वाले स्मार्टफोन लॉन्च कर देगा। रियलमी के 5G फोन आने के दावों को रियलमी इंडिया के सीईओ माधव सेठ के ट्वीट ने भी मजबूत कर दिया है।

सेठ ने अपने ट्विटर हैंडल से एक तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि रियलमी इस साल अपना 5G स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी में है। सेठ ने अपने ट्वीट में यह भी कहा कि साल 2019 में 5G प्रॉडक्ट लॉन्च करने वाला रियलमी पहला स्मार्टफोन ब्रैंड होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कंपनी भारत में सबसे पहले बेस्ट टेक्नॉलजी लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

रियलमी ने पिछले साल भारतीय बाजार में एंट्री की थी। रियलमी को बजट स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी के तौर पर जाना जाता है औक इसके डिवाइसेज को भारतीय यूजर्स ने काफी पंसद भी किया है। नया ब्रैंड होने के बावजूद रियलमी सैमसंग, शाओमी, वीवो जैसी कंपनियों को कड़ी टक्कर दे रही है। भारत और चीन के बाद अब रियलमी यूरोपीय बाजार में एंट्री करने की तैयारी में लगी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि रियलमी अपना पहला 5G स्मार्टफोन चीन और यूरोप में ही लॉन्च करेगा।

रियलमी ने हाल ही में रियलमी एक्स स्मार्टफोन लॉन्च किया है। फोन में स्नैपड्रैगन 710 और और 8जीबी रैम मौजूद है। फटॉग्रफी के लिए इस फोन के रियर में 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी और 5 मेगापिक्सल का सेकंडरी सेंसर दिया गया है। सेल्फी के लिए फोन में पॉप-अप सेल्फी कैमरा मौजूद है। 6.53 इंच के एज टू एज डिस्प्ले के साथ आने वाले इस फोन को अभी चीन में लॉन्च किया गया है। भारत की जहां तक बात है तो उम्मीद की जा रही है कि कंपनी इसे यहां भी जल्द ही लॉन्च कर देगी।

ईमानदार टैक्सपेयर को बजट में इस बार मिलेंगी कई छूट

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आगामी पांच जुलाई को पेश होने वाले आम बजट में ईमानदार टैक्सपेयर्स को कई तोहफे दे सकती है। वित्त मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार यह इच्छा जाहिर कर चुके हैं कि ईमानदार टैक्सपेयर्स को प्रोत्साहन मिलना चाहिए क्योंकि वे चुपचाप ईमानदारी से टैक्स देते रहते हैं जबकि इस देश में टैक्स नहीं देने वालों की संख्या सबसे अधिक है।

पिछले वित्त वर्ष में 7 करोड़ से भी कम लोगों ने इनकम टैक्स रिटर्न फाइल किया जबकि देश की आबादी 1.3 अरब को पार कर चुकी है। वित्त मंत्रालय फिलहाल इस बात की तैयारी कर रहा है कि ईमानदार टैक्सपेयर्स की परिभाषा क्या होगी।

इसमें उन लोगों को शामिल किया जा सकता है जो पिछले 15-20 सालों से लगातार एक सीमा से अधिक सरकार को टैक्स देते आ रहे हैं। बिजनेस क्लास और सर्विस क्लास के लिए अलग-अलग परिभाषा हो सकती है। क्योंकि सर्विस क्लास के टैक्सपेयर्स पूरी जिंदगी ईमानदारी से अपना टैक्स भरते रहते हैं।

मिल सकती हैं ये छूट
वित्त मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक ईमानदार टैक्सपेयर्स की परिभाषा के तहत फिट बैठने वाले टैक्सपेयर्स को प्रविलेज्ड क्लास उपभोक्ता का दर्जा मिल सकता है और उन्हें भीड़भाड़ वाली जगहों पर प्राथमिकता दी जा सकती है। हो सकता है रेलवे या एयरप्लेन में उनके लिए सीट रिजर्व कर दिया जाए। ईमानदार टैक्सपेयर्स को टोल टैक्स में कुछ छूट मिल सकती है। स्कूल में बच्चों के दाखिले में उन्हें कुछ रियायत दी सकती है।

मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक सरकार का मकसद लोगों को यह अहसास दिलाना है कि ये वे लोग हैं जो ईमानदारी से अपना टैक्स भरते हैं, इसलिए ये लोग आपसे भिन्न हैं। हालांकि इस मामले में मंत्रालय के भीतर कई प्रकार की चर्चाएं चल रही हैं। सूत्रों के मुताबिक ईमानदार टैक्सपेयर्स को टैक्स में कुछ छूट देने का प्रावधान लाया जा सकता है। कुछ चुनिंदा ईमानदार टैक्सपेयर्स को पीएम मोदी या वित्त मंत्री के साथ चाय पर चर्चा का मौका मिल सकता है।

ई-सिम: अपनी मर्जी से कभी भी बदल सकेंगे सिम ऑपरेटर

नई दिल्ली।अगर आप अपनी मोबाइल सिम ऑपरेटर कंपनी से नाखुश हैं और किसी और ऑपरेटर की सर्विस पर स्विच करना चाहते हैं, तो जल्द ही यह आसान होने वाला है। टेलीकॉम प्रोवाइडर्स जल्द ही बाजार में embedded sim या ई-सिम कार्ड उतारने जा रहे हैं। यह एक डिजिटल सिम कार्ड होगा, जो बिना फिजकल सिम कार्ड के भी काम करेगा।

सब्सक्राइबर्स ई-सिम के इस्तेमाल से किसी कंपनी के मोबाइल टैरिफ प्लान को एक्टिवेट कर सकेंगे, इसके लिए उन्हें फिजिकल सिम कार्ड की जरूरत नहीं पड़ेगी। ई-सिम के जरिए ग्राहकों के लिए बिना अपना नंबर बदले एक ऑपरेटर से दूसरे ऑपरेटर पर स्विच करना बेहद आसान होगा। फिलहाल यह कार्ड इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) में और मशीन-2-मशीन सॉल्युशंस में होता है।

ई-सिम अपनाने में चुनौतियां
अभी तक अधिकतर कंपनियों के हैंडसेट ई-सिम के लिए तैयार नहीं हैं। सिर्फ iPhones XS, XS Max, XR और Google Pixel 3 जैसी प्रीमियम डिवाइसेज ही ई-सिम कार्ड को सपोर्ट करती हैं। यही वजह है कि उपभाेक्ता इसे लेकर सहज नहीं हैं। साथ ही कैरियर्स को अपने पुराने ग्राहक बनाए रखने और नए ग्राहक जोड़ने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। इसके चलते प्रतिस्पर्द्धा बढ़ने की उम्मीद है, जिससे कंपनियों का मुनाफा घटेगा।

आगे की संभावनाएं
फिलहाल देश में ई-सिम का उपयोग 1 फीसदी से भी कम है, इसके 2025 तक बढ़कर 25 फीसदी तक होने की उम्मीद है। वैश्विक रूप से ई-सिम बाजार 2023 तक 97.83 करोड़ डॉलर होने की उम्मीद है।

फिलहाल इस बाजार का साइज 25.38 करोड़ डॉलर है। जहां तक बात है टेलीकॉम ऑपरेटर्स की तो, वोडाफोन आइडिया और भारती एयरटेल ई-सिम के साथ काम करने को तैयार हैं। एयरटेल और जियो ने ई-सिम इनेबल्ड Apple Watches बेचने के लिए Apple के साथ पार्टनरशिप भी की है।

पेट्रोल-डीजल हुआ सस्ता, दिल्ली में 70.94 रुपए प्रति लीटर हुआ पेट्रोल

नई दिल्ली। कच्चे तेल की कीमतों में लगातार दूसरे दिन बढ़ोतरी के बावजूद भारतीय तेल बाजार में इसका विपरीत असर पड़ रहा है। भारत की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने शुक्रवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में गिरावट की। पेट्रोल की कीमतों में 13 पैसे तो डीजल की कीमतों में 32 पैसे की गिरावट आई है।

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को पेट्रोल 13 पैसे की गिरावट के साथ 70.94 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 13 पैसे की गिरावट के चलते 76.63 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 12 पैसे की गिरावट के चलते 73.18 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, चेन्नई में पेट्रोल 73.70 पैसे प्रति लीटर रहा है।

राजधानी दिल्ली में डीजल 32 पैसे की गिरावट के साथ 64.90 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में डीजल 33 पैसे की गिरावट के साथ 68.06 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में डीजल 32 पैसे की गिरावट के साथ 66.82 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, चेन्नई में डीजल 34 पैसे की गिरावट के साथ 68.66 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी
शुक्रवार को डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.35 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 53.30 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। वहीं ब्रेंट क्रूड 1.33 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 62.49 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर देखा गया।

बाजार की सपाट शुरुआत, 41 अंकों की गिरावट के साथ खुला सेंसेक्स

नई दिल्ली। बैंकिंग शेयरों में बने दबाव के कारण शुक्रवार को कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन भारतीय शेयर बाजारों की शुरुआत नकारात्मक धारणा में गिरावट के साथ हुई। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 41 अंकों की गिरावट के साथ 39,487 अंकों पर खुला ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 7 अंकों की गिरावट के साथ 11,836 अंकों पर खुला। सुबह 9.26 बजे सेंसेक्स 123 अंकों की गिरावट के साथ 39,406 अंकों पर और निफ्टी 26 अंकों की गिरावट के साथ 11,816 अंकों पर कारोबार कर रहे हैं।

इन शेयरों में तेजी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में इंडियाबुल्स रियल एस्टेट, लक्ष्मी विलास, वक्रांगी, श्रीराम ट्रांसपोर्ट फाइनेंस, चंबल फर्टिलाइजर्स में तेजी का माहौल है। निफ्टी में कोल इंडिया, टाइटन, हीरो मोटोकॉर्प, एनटीपीसी, पावरग्रिड में तेजी का माहौल है।

इन शेयरों में मंदी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में मनपसंद बेवरेजेस, डीएचएफएल, मणप्पुरम, एडिलवेसिस, डीबीएल में मंदी का माहौल है। निफ्टी में गेल, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, इंड्सइंड बैंक, यस बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मंदी का माहौल है।

कैलाश मानसरोवर जाना अब होगा आसान : गडकरी

नई दिल्ली।अगले साल से कैलाश मानसरोवर जाना आसान हो जाएगा। श्रद्धालु मार्च 2020 से उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के रास्ते सीधे कैलाश मानसरोवर पहुंच सकेंगे। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक इंटरव्यू में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा ‘उत्तराखंड में पिथौरागढ़ के रास्ते कैलाश मानसरोवर पहुंचने के रास्ते पर काम चल रहा है।

सीमा सड़क संगठन यानी बीआरओ इस काम में वायुसेना की भी मदद ले रहा है। इस परियोजना को अगले साल मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा।’ इस मार्ग के खुल जाने पर तीर्थयात्री सड़क मार्ग से कैलाश मानसरोवर के दर्शन करके एक से दो दिन में ही भारत लौट सकेंगे। वर्तमान में यह यात्रा सिक्किम के अत्यधिक ठंड, दुर्गम परिस्थितियों वाले रास्तों से होकर गुजरती है जिससे एक से दो हफ्ते तक का समय लग जाता है।

काफी पहले से चल रहा है काम
पिथौरागढ़ से मानसरोवर जाने के लिए नई सड़क बनाना काफी मुश्किल था। इस रास्ते पर काफी समय से काम चल रहा है। हिमालयी क्षेत्र में चट्टानें काट कर राजमार्ग के लिए रास्ता निकाला गया है। इसके लिए खासतौर पर आस्ट्रेलिया से मशीनें मंगाई गई है। इन मशीनों की मदद से कम समय में अधिक पहाड़ काट लिया गया है।

कौन जा सकता है यात्रा पर
इस धार्मिक यात्रा पर केवल वही भारतीय नागरिक जा सकते हैं, जिनके पास भारतीय पासपोर्ट हो। यात्रा शुरू करने से पहले यात्रियों को तैयारी और मेडिकल टेस्ट के लिए 3-4 दिन दिल्ली में ठहरना पड़ता है। 18 से 70 वर्ष की उम्र के लोग यात्रा पर जा सकते हैं।

चार धाम परियोजना एक साल में होगी पूरी
नितिन गडकरी ने कहा है कि उत्तराखंड में चार धाम को जोड़ने वाली ऑल वेदर सड़क परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और इसका निर्माण कार्य एक साल में पूरा कर लिया जाएगा। गडकरी ने लगातार दूसरी बार सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से कहा कि उत्तराखंड में हर मौसम में चारों धाम-गंगोत्री, यमुनोतरी, बदरीनाथ तथा केदानाथ धाम को जोड़ने वाली ऑल वेदर वे परियोजना का काम लगातार चल रहा है।

इस परियोजना के तहत सड़कों को यातायात को अवरुद्ध किए बिना चौड़ा किया जा रहा है और काफी काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर काम पूरा होने के बाद उत्तराखंड में कई जगह हर पल बदलने वाले मौसम की परवाह किए बिना पूरे साल कभी भी चार धामों की यात्रा की जा सकेगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा उत्तराखंड में औली को ज्यादा विकसित करने के लिए वहां बड़े स्तर पर ढांचागत सुविधा उपलब्ध कराने की जरूरत है क्योंकि औली में प्रकृति ने जो खूबसूरती बिखेरी है, वह असाधारण है और इस वजह से औली भारत का डाबोस बन सकता है।

बिना आर्किटेक्ट खुद डिजाइन करें अपना आशियाना, ऐप करेंगे मदद

नई दि‍ल्ली। छोटे और बड़े शहरों में अपार्टमेंट कल्चर तेजी से बढ़ रहा है। इसके बावजूद, खुद का घर बनाने वालों की कमी नहीं है। जब भी आप घर बनाने की सोचते हैं, तो जमीन खरीदने के बाद जो सबसे बड़ी चीज होती है, वह है नक्शा तैयार करना। नक्शा, घर बनाने का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है, जिसमें अच्छे खासे पैसे खर्च करने पड़ते हैं।

नक्शा बनवाने के लिए जब आप किसी आर्किटेक्ट के पास जाते हैं पैसों के अलावा, वह आपका काफी वक्त भी खर्च कर देता है। लेकिन अब आप हाईटेक टेक्‍नोलॉजी का इस्तेमाल करके इस खर्च और परेशानी से छुटकारा पा सकते हैं। बाजार में इस समय ऐसे कई ऐप, ऑनलाइन वेबसाइट और सॉफ्टवेयर उपलब्ध हैं जिनके सहारे आप घर खुद नक्शा डिजाइन कर सकते हैं। हम आपको बता रहे हैं कुछ ऐसे ही जरूरी ऐप के बारे में…

इन एप से बना सकते हैं डिजाइन
एड्रॉयड और आईफोन को सपोर्ट करने वाले कई ऐप गूगल प्‍ले स्‍टोर पर उपलब्‍ध हैं। आप इनको आसानी से गूगल प्‍ले स्‍टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। घर के डिजाइन के लिए ये पॉपुलर ऐप हैं- होम डिजाइन 3D, होम डिजाइन, फ्लोर प्लान क्रिएट,डिजाइन दिस होम, 100 हाउस प्लान, हाउस डिजाइन आदि। इसके अलावा भी कई ऐप हैं, जिनका इस्‍तेमाल आप घर के इंटीरियर, बेडरूम डिजाइन, बच्‍चों के रूम की डिजाइन, बाहरी डिजाइन के लिए कर सकते हैं।

इस तरह मदद करता है ऐप
3D होम डिजाइन ऐप या इससे मिलते-जुलते दूसरे ऐप का इस्‍तेमाल करने के लिए इसे अपने स्मार्ट फोन में डाउन लोड करें। फिर इसमें प्लॉट का साइज या घर का एरिया डालें। इसके बाद यह ऐप घर के अलग-अलग डिजाइन का ले-आउट बनाकर आपको देगा। आप इसमें रूम, फ्लोर, किचन, बाथरूम आदि का भी ले-आउट प्लान अपने जरूरत और हिसाब से कर सकते हैं। ले-आउट प्लान में आप अपनी पसंद और नापसंद के अनुसार बदलाव कर सकते हैं।

कम्प्यूटर और लैपटॉप के लिए सॉफ्टवेयर
र का डिजाइन बनाने के लिए कई फ्री सॉफ्टवेयर और ऑनलाइन साइट हैं जिनका उपयोग कर आप मनचाहा डिजाइन बना सकते हैं। http://www.smartdraw.com/ एक ऐसी ही साइट है जिससे आप फ्री हाउस डिजाइन सॉफ्टवेयर डाउनलोड कर सकते हैं। इस सॉफ्टवेयर को अपने कम्प्यूटर या लैपटॉप में इन्स्टॉल कर लें। इससी मदद से आप घर का डिजाइन तैयार कर सकते हैं।

कैसे काम करता है यह सॉफ्टवेयर
कम्प्यूटर या लैपटॉप पर सॉफ्टवेयर डाउनलोड करने के बाद, सबसे पहले डायलॉग बाक्स खुलता है। इसमें आपको, रूम या बिल्डिंग के लिए अलग-अलग फ्लोर प्लान के ऑप्‍शन मिलेंगे। आप इसे जरूरत के मुताबिक चुन सकते हैं। घर का साइज बदलने पर स्मार्ट ड्रा ऑटोमेटिक ले-आउट को रिसाइज कर देता है। इस सॉफ्टवेयर के जरिए खिड़की, दरवाजे, रूम की सजावट आदि का डिजाइन अपने जरूरत और पसंद के अनुसार कर सकते हैं।

ऑनलाइन साइट से भी ले सकते हैं मदद
कई ऑनलाइन साइट भी होम डिजाइन की सुविधा प्रदान करती हैं। इन साइट के जरिए आसानी से घर का डिजाइन तैयार किया जा सकता है।http://designyourownhome.com/ और http://www.floorplanner.com/ घर की डिजाइन करने की फ्री सेवा मुहैया कराती है। इस साइज के जरिए कोई भी अपने जरूरत और स्‍पेस के मुताबिक घर का डिजाइन तैयार कर सकता है।

इसमें फ्लोर का प्लान, रूम का प्लान और मार्केट में नया ट्रेंड क्या है, इसकी भी जानकारी ली जा सकती है। सब कुछ आपके कम्प्यूटर स्‍क्रीन पर होता है। आप माउस के सहारे घर बनाने से पहले उसे कई शेड में देख सकते हैं और उसमें से बेहतर डिजाइन का चयन कर सकते हैं।

ब्याज दरें कम करने का रास्ता साफ, अब बैंकों पर नजर : दास

नई दिल्ली।आपका घर या गाड़ी का कर्ज जल्द सस्ता होना चाहिए। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने एक बार फिर दम लगाया है कि लोन सस्ते हो जाएं। उसने गुरुवार को बैंकों के लिए अपनी ब्याज दर को घटाकर पिछले 9 साल में सबसे कम कर दिया है। इकॉनमी की मुश्किलों से जूझ रही मोदी की नई सरकार में बजट पेश होने से पहले यह बेहद जरूरी कदम समझा जा रहा था। रिजर्व बैंक ने यह संकेत भी दिया है कि भविष्य में ब्याज दरें और कम की जा सकती हैं।

छह सदस्यीय एमपीसी की बैठक की अध्यक्षता आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने की। यहां उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि बैंक कस्टमर्स को कम ब्याज का लाभ दें।बैंकरों ने हालांकि रिजर्व बैंक के कदम की तारीफ करते हुए कहा कि इससे इकॉनमी का विकास होगा, लेकिन यह साफ नहीं किया है कि वे ब्याज दरें घटाएंगे या नहीं।

वैसे लोन सस्ते हुए तो फिक्स्ड डिपॉजिट पर भी ब्याज दर कम हो जाएगी। रिजर्व बैंक ने इस साल तीसरी बार ब्याज दर घटाई है। इससे पहले जब दो बार में 0.50 फीसदी की कटौती की गई, तो बैंकों ने 0.21 फीसदी का फायदा ही ग्राहकों को दिया, वह भी मोटे तौर पर नए ग्राहकों को।

RBI की मौद्रिक नीति के लिए बनी कमिटी के सभी 6 सदस्यों ने गुरुवार को एकमत से रीपो रेट में 0.25% की कटौती की। रीपो रेट वह दर है, जिस पर RBI दूसरे बैंकों को शॉर्ट टर्म कर्ज देता है। इसे इस साल 6.5% से कम कर 5.75% कर दिया गया है। इतनी दर इससे पहले 2010 में थी।

रीयल एस्टेट इंडस्ट्री ने कहा है कि ब्याज दरें कम होने से घरों की डिमांड बढ़ेगी। जीएसटी में कटौती के बाद यह घर खरीदने का सही समय हो सकता है। गाड़ियों की बिक्री घटने से कंपनियों से ऑफर मिलने की संभावना बढ़ी है। ऐसे समझें…

कितनी कम हो सकती है आपकी ईएमआई?
बैंक घर, गाड़ी व अन्य लोन पर ब्याज दरें 0.25 फीसदी तक कम कर सकते हैं। अगर आपने 50 लाख रुपये का होम लोन 20 साल के लिए लिया है तो 8.50 फीसदी ब्याज पर 43,391 रुपये की ईएमआई होगी। अगर ब्याज दर 0.25 फीसदी कम हुई तो उसे 42,603 रुपये ईएमआई चुकानी होगी। यानी हर महीने 788 रुपये की बचत होगी।

लोन सस्ता करने में अब तक देरी क्यों होती रही?
जमा राशियों पर ब्याज कम किए बिना लोन सस्ता नहीं हो सकता। जमा पर बैंकों की ब्याज दरें कम (औसतन 6.5 फीसदी) हैं, इसे और घटा दिया जाए तो मुश्किल होगी। पीपीएफ आदि छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरें 8 फीसदी के करीब हैं। बैंक कह चुके हैं कि छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरें कम करनी होंगी।

क्या अब रिजर्व बैंक की चलेगी बैंकों पर?
यूं तो लोन सस्ता करने के लिए बैंकों पर रिजर्व बैंक दबाव नहीं डाल सकता। उसने पिछले तीन महीने के दौरान दो बार ब्याज दरों को कम कर इसका लाभ ग्राहकों को देने के लिए कहा। इसके बावजूद कुछ बैंकों को छोड़कर किसी ने लोन सस्ता नहीं किया। बैंकरों ने इस बार भी अपना रुख साफ नहीं किया है।

WhatsApp पर डीपी कैसे छुपाएं, जानिए तरीका

नई दिल्ली । वैसे तो व्हाट्सएप पर स्टेटस और डिस्प्ले पिक ऐसी चीज है जो हर कोई अपने खास लोगों को दिखाना चाहता है। लेकिन कईं बार आपके कॉन्टेक्ट्स में ऑफिस या रिलेशन के ऐसे भी कॉन्टेक्ट्स होते हैं जिन्हें आप अपनी डीपी नहीं दिखाना चाहते। ऐसा होता है कभी कि हम हरेक के लिए अपनी डिस्प्ले पिक ओपन करके नहीं रखना चाहते हैं।

पहले व्हाट्सएप में ऐसा कोई फीचर उपलब्ध नहीं था। लेकिन, इस पोस्ट में हम आपको एक ट्रिक बता रहे हैं जिससे आप किसी एक या एक से अधिक कॉन्टेक्ट से अपनी प्रोफाइल पिक्चर छुपा सकते हैं। फेसबुक के मालिकाना हक वाली इंस्टेंट मैसेजिंग व्हाट्सएप वेरिफिकेशन से लेकर स्टेटस हाईड करने जैसे कई यूजफुल फीचर्स यूजर्स के लिए लेकर आया है।

कई यूजर्स व्हाट्‌सएप में एक और फीचर चाहते होंगे जो अभी तक इस एप में उपलब्ध नहीं है। ऐसा कई बार होता है जब हम चुनिंदा लोगों से अपनी प्रोफाइल पिक्चर को छुपाना चाहते हैं। इस पोस्ट में हम आपको एक ट्रिक बता रहे हैं जिससे आप किसी एक या एक से अधिक कॉन्टेक्ट से अपनी प्रोफाइल पिक्चर छुपा सकते हैं।

पहला स्टेप

  1. अपनी कॉन्टेक्ट लिस्ट में जाकर आप उस कॉन्टेक्ट को डिलीट कर दें जिससे आप अपनी प्रोफाइल पिक्चर छुपाना चाहते हैं।
  2. अपनी कॉन्टेक्ट लिस्ट में जाएं और तीन डॉट्‌स या एडिट के विकल्प मेंजाकर कॉन्टेक्ट को डिलीट करें।

दूसरा स्टेप

  1. कॉन्टेक्ट डिलीट करने के बाद अपने स्मार्टफोन में व्हाट्सएप खोलें।
  2. इसके बाद ऊपर की ओर राइट कार्नर में तीन डॉट्‌स पर क्लिक करें।
  3. सेटिंग्स को सेलेक्ट कर के अकाउंट के विकल्प पर जाएं।
  4. इसमें प्राइवेसी सेटिंग्स में जाएं।
  5. इसमें प्रोफाइल फोटो के विकल्प पर जा कर माय कॉन्टेक्ट पर टैप करें।
  6. यह प्रयोग आप कई कॉन्टेक्ट्‌स पर भी कर सकते हैं। अगर आपको कॉन्टेक्ट डिलीट नहीं करना है तो अपने स्मार्टफोन में व्हाट्सएप सेटिंग्स में जाकर नो बडी का चयन कर लें। इससे आपकी पिक्चर व्हाट्सएप के सभी कॉन्टेक्ट्‌स से हाइड हो जाएगी।

कारों व टू व्हीलर का थर्ड पार्टी बीमा महंगा, 16 जून से लागू होंगे नए रेट

0

नई दिल्ली।कार और टू-व्हीलर का थर्ड पार्टी बीमा 16 जून से महंगा होने जा रहा है। इंश्योरेंस रेग्यूलेटरी एडं डेवल्पमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इसमें 21 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी का ऐलान किया है। आमतौर पर मोटर टीपी इंश्योरेंस एक अप्रैल से संशोधित होता हैं। हालांकि चुनाव की वजह से इसमें इस बार देरी हुई है।

1500 सीसी से वाली कारों के लिए 7890 रुपए का प्रीमियम
IRDAI के अपने एक आदेश में कहा कि छोटी कारों (1000 सीसी से कम) के लिए नए थर्ड पार्टी इंश्योरेंस को 1850 रुपए से बढ़ाकर 2072 रुपए सालाना कर दिया गया है। वहीं 1000 सीसी से लेकर 1500 सीसी वाली कारों के इंश्योरेंस को 3221 रुपए कर दिया गया है। 1500 सीसी से ज्यादा इंजन क्षमता वाली कारों के लिए थर्ड पार्टी प्रीमियम 7890 रुपए देना होगा।

सुपर बाइक के इंश्योरेंस में बदलाव नहीं
न्यू मोटर थर्ड पार्टी लॉयबिलिटी इंश्योरेंस कवर के तहत 16 जून से 75सीसी से कम इंजन क्षमता वाले टू-व्हीलर पर 12.88 प्रतिशत की दर से 482 रुपए इंश्योरेंस देना होगा, जबकि 75सीसी से 150सीसी वाले टू-व्हीलर के लिए 752 रुपए इंश्योरेंस लिया जाएगा। 150 से 350 सीसी इंजन कैपिसिटी वाले टू-व्हीलर का इंश्योरेंस प्रीमियम 985 रुपए से बढ़ाकर 1193 रुपए कर दिया गया है। सुपर बाइक (350सीसी से ज्यादा) के लिए थर्ड पार्टी इंश्योरेंस में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।

ई-रिक्शा के इंश्योरेंस में बदलाव नहीं
IRDAI ने पब्लिक और प्राइवेट गुड्स ले जाने वाले वाहनों के लिए थर्ड पार्टी इंश्योरेंस में भी बढ़ोत्तरी की है। ई-रिक्शा की कीमतों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। लेकिन स्कूल बस के इंश्योरेंस में जरूर बढ़ोत्तरी की गई है। इसके अलावा लॉन्ग टर्म सिंगल प्रीमियम रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं कार के लॉन्ग टर्म प्रीमियम को तीन साल है, जबकि टू-व्हीलर के लिए 5 साल है।