Stock Market: सेंसेक्स 827 अंक उछल कर 77569 पर बंद, निफ्टी 24200 के पार

0
3

नई दिल्ली। Stock Market Closed : सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत और आईटी शेयरों में खरीदारी के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए। खासतौर पर PSU बैंक, रियल्टी और आईटी सेक्टर के शेयरों ने बाजार की तेजी में अहम भूमिका निभाई।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 827.09 अंक यानी 1.08 फीसदी की बढ़त के साथ 77,569.39 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई का निफ्टी-50 244.10 अंक यानी 1.02 फीसदी चढ़कर 24,206.90 पर बंद हुआ

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। रिलायंस में सबसे ज्यादा 2.37 फीसदी तेजी आई। इसके अलावा बीईएल, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, अडानी पोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक और एसबीआई में भी उल्लेखनीय तेजी रही। दूसरी ओर, इटरनल, भारती एयरटेल, सन फार्मा, ट्रेंट और आईटीसी में गिरावट रही।

बाजार की तेजी में आईटी सेक्टर का अहम योगदान रहा। टीसीएस के पहली तिमाही के नतीजे आने के बाद आईटी शेयरों में खरीदारी बढ़ी, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। इसके अलावा वैश्विक बाजारों में तेजी का असर भी घरेलू बाजार पर देखने को मिला।

दुनियाभर के शेयर बाजारों में चिप (सेमीकंडक्टर) कंपनियों के शेयरों में आई तेजी के चलते वैश्विक इक्विटी बाजारों में मजबूती देखने को मिली। इसी सकारात्मक माहौल का फायदा भारतीय बाजार को भी मिला और प्रमुख सूचकांक लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए।

निफ्टी-50 इंडेक्स में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के शेयर सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में शामिल रहे।

सेक्टरों का हाल
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी रियल्टी और निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। दोनों इंडेक्स 3 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए, जिससे इन सेक्टरों में मजबूत खरीदारी का संकेत मिला। वहीं, निफ्टी आईटी इंडेक्स भी 1.96 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ, जिसे टीसीएस के तिमाही नतीजों से समर्थन मिला।

दूसरी ओर, निफ्टी FMCG को छोड़कर सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। FMCG सेक्टर में हल्की बिकवाली देखने को मिली, जबकि बाकी सेक्टरों में निवेशकों का रुझान सकारात्मक रहा।