Thursday, June 25, 2026
Home Blog Page 4711

खास ऑफर के साथ Realme C2 की फ्लैश सेल आज दोपहर 12 बजे से

नई दिल्ली।अप्पो के सब-ब्रैंड रियलमी ने इस साल अप्रैल में अपने बजट स्मार्टफोन रियलमी सी2 को भारत में लॉन्च किया था। लॉन्च के बाद फोन को कंपनी ने कई बार फ्लैश सेल में उपलब्ध कराया है। इन पिछली सेल में अगर आप इस फोन को खरीदने से चूक गए हैं, तो आज आपके पास एक अच्छा मौका है।

आज दोपहर 12 बजे से रियलमी सी2 को ई-कॉमर्स प्लैटफॉर्म फ्लिपकार्ट और रियलमी डॉट कॉम से फ्लैश सेल में खरीदा जा सकता है। 5,999 रुपये की शुरुआती कीमत के साथ आने वाले इस फोन की खरीद पर आज कई आकर्षक लॉन्च ऑफर का लाभ उठाया जा सकता है।

मिलेंगे ये खास ऑफर
रियलमी सी 2 को भारत में 2जीबी रैम+16जीबी स्टोरेज, 2जीबी रैम+32जीबी स्टोरेज और 3जीबी रैम+32जीबी स्टोरेज वेरियंट में लॉन्च किया गया था। डायमंड ब्लू और डायमंड ब्लैक कलर ऑप्शन में आने वाले इस फोन पर कैशबैक और नो-कॉस्ट ईएमआई जैसे ऑफर दिए जा रहे हैं।

रियलमी की वेबसाइट पर इस फोन को खरीदने के लिए अगर आप मोबिक्विक पेमेंट सर्विस को चुनते हैं, तो आपको 15 प्रतिशत का कैशबैक मिलेगा। वहीं फ्लिपकार्ट से इसे नो-कॉस्ट ईएमआई ऑप्शन पर खरीदा जा सकता है। इसके साथ ही अगर फ्लिपकार्ट पर इसे ऐक्सिस बैंक बज क्रेडिट कार्ड से खरीदते हैं तो 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी।

रियलमी सी2 के स्पेसिफिकेशन्स
3जीबी तक के रैम ऑप्शन में आने वाले इस फोन में 6.1 इंच का एचडी+ डिस्प्ले दिया गया है जो गोरिल्ला ग्लास 3 प्रटेक्शन के साथ आता है। मीडियाटेक हीलियो पी22 प्रोसेसर से लैस यह फोन ऐंड्रॉयड 9 पाई पर बेस्ड ColorOS 6 पर काम करता है।

फोटोग्राफी के लिए फोन के रियर में 13 मेगापिक्सल+2 मेगापिक्सल का ड्यूल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। वहीं सेल्फी के लिए इसमें 5 मेगापिक्सल का फ्रंट शूटर मौजूद है। फोन का फिंगरप्रिंट सेंसर बैक पैनल पर ही मौजूद है।

मीडिया फाइल्स और ऐप स्टोरेज के लिए फोन 32जीबी तक की इनबिल्ट स्टोरेज के साथ आता है। जरूरत पड़ने पर फोन की मेमरी को माइक्रो एसडी कार्ड की मदद से 256जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। फोन को पावर देने के लिए इसमें 4,000mAh की बैटरी दी गई है।

बढ़त के साथ खुले बाजार, सेंसेक्स 66 अंक उछल कर 39,652 पर

नई दिल्ली। वायदा एवं विकल्प में जुलाई सीरीज की सकारात्मक शुरुआत के साथ भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ हरे निशान में खुले। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 66 अंकों की तेजी के साथ 39,652 अंकों पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 26 अंकों की तेजी के साथ 11,868 अंकों पर खुला। सुबह 9.27 बजे सेंसेक्स 18 अंकों की बढ़त के साथ 39,604 अंकों पर और निफ्टी 17 अंकों की तेजी के साथ 11,858 अंकों पर कारोबार कर रहे हैं।

इन शेयरों में तेजी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में कॉरपोरेशन बैंक, यूको बैंक, डीबीएल, इंडियाबुल्स इंटीग्रेटिड सर्विसेज लिमिटेड, मनपसंद बेवरेजेस में तेजी का माहौल है। निफ्टी में टेक महिंद्रा, इंफोसिस, डॉ. रेड्डीज लैब, एचसीएल टेक्नोलॉजी, विप्रो में तेजी का माहौल है।

इन शेयरों में मंदी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में कॉक्स एंड किंग्स, शोभा लिमिटेड, आईएफसीआई, प्रेस्टीज, डीएचएफएल में मंदी का माहौल है। निफ्टी में जी एंटरटेनमेंट, जेएसडब्ल्यू स्टील, वीई़डीएल, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल में मंदी का माहौल है।

मोदी से मिले ट्रम्प, दोनों के बीच ईरान और सुरक्षा समेत 4 मुद्दों पर बातचीत

ओसाका । जापान के शहर ओसाका में दो दिवसीय जी-20 समिट शुरू हो चुकी है। शुक्रवार सुबह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे के बीच समिट के इतर त्रिपक्षीय बैठक हुई। इसके बाद ट्रम्प और मोदी के बीच द्विपक्षीय बातचीत भी हुई। इस मौके पर ट्रम्प ने मोदी से कहा कि हम काफी अच्छे दोस्त हैं। हमारे देशों में इससे पहले कभी इतनी नजदीकी नहीं हुई।

मैं यह बात पूरे भरोसे से कह सकता हूं। हम लोग कई क्षेत्रों में खासकर मिलिट्री के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। आज हम लोग कारोबार के मुद्दे पर भी बात कर रहे हैं।” दोनों के बीच व्यापार, डिफेंस, ईरान और 5जी कम्युनिकेशन नेटवर्क जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई।

ट्रम्प ने मोदी से कहा- “आपको आम चुनावों में जीत की बधाई। आप इस जीत के योग्य हैं। आप शानदार काम कर रहे हैं। हमें कई बड़ी चीजों का ऐलान करना है। मैं दोनों देशों के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए आपको बधाई देता हूं।”

मोदी ने कहा- मैं आपका आभारी हूं
इससे पहले मोदी ने कहा, ‘‘मेरे नए कार्यकाल की शुरुआत में ही मुझे आपसे मुलाकात करने का मौका मिला। मैं समझता हूं कि खुशी की बात है। मैं आपका हृदय से आभार व्यक्त करना चाहता हूं, क्योंकि भारत जैसे विशाल लोकतंत्र में और भारी बहुमत के साथ जनता ने हमें मेंडेट दिया है। स्थायी सरकार के लिए मतदान किया है।

इसके फौरन बाद आपने मुझे टेलिफोन करके बधाई दी। विदेश मंत्री माइक पोम्पियो खुद एक शानदार पत्र लेकर आए। यानी भारत के प्रति आपका जो नाता है। भारत के प्रति जो प्यार है, जो आपने अभिव्यक्त किया है। इसके लिए मैं आपका आभारी हूं। पोम्पियो से भारत में कई विषयों पर चर्चा हुई।’’

मोदी, ट्रम्प और आबे मिले
इससे पहले जापान, इंडिया और अमेरिका की त्रिपक्षीय बातचीत हुई। इसे जापान, इंडिया और अमेरिका यानी ‘जय’ नाम दिया गया।

अब Google में लोकेशन हिस्ट्री होगी ऑटोमैटिक डिलीट

नई दिल्ली।यूजर्स अपने डेटा को आसानी से मैनेज कर सकें, इसके लिए गूगल ने लोकेशन हिस्ट्री और ऐक्टिविटी डेटा के लिए ऑटो-डिलीट कंट्रोल को रोल आउट करने की घोषणा की है। यह अपडेट ऐंड्रॉयड और iOS डिवाइस दोनों पर उपलब्ध होंगे।

इंटरनेट दिग्गज ने एक पोस्ट में कहा, ‘लोकेशन हिस्ट्री के लिए ऑटो-डिलीट कंट्रोल ऐंड्रॉयड और आईओएस पर रोल आउट होना आज से शुरू हो गया है, जिससे आपके डेटा को मैनेज करना और भी आसान हो जाएगा।’यह सुविधा एक डिवेलपर क्रान्फ्रेंस के दौरान यूजर्स की गोपनीयता पर जोर देने की वकालत करने के बाद आई है। यहां गूगल और ऐपल जैसी फर्मों ने कहा था कि वे यूजर्स को उनके या तीसरे पक्ष के ऐप्स के साथ डेटा शेयर करने को लेकर और कंट्रोल देने के लिए टूल लाएंगे।

गूगल पर लोकशन ट्रैकिंग, वेब और ऐप ऐक्टिविटी हिस्ट्री तब तक बनी रहती है जब तक यूजर्स मैन्युअल रूप से उन्हें डिफॉल्ट रूप से हटा नहीं देते हैं। ऐसा दावा किया गया है कि नए अपडेट से यूजर्स के एक्सपीरियंस, सर्च पर्सनलाइजेशन और ऐड टारगेटिंग बेहतर होंगे। नई सुविधा के साथ, यूजर्स अब तीन या 18 महीने के अंतराल में चीजों को हटाने के लिए अपनी ट्रैकिंग प्राथमिकताएं निर्धारित कर सकते हैं।

सुविधा : अब ‘वंदे भारत ट्रेन’ से कर सकेंगे माता वैष्णो देवी के दर्शन

0

नई दिल्ली। मोदी सरकार ने मां वैष्णो देवी के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को नया तोहफा दिया है। अब दिल्ली से कटरा तक भारत की सबसे आधुनिक ट्रेन वंदे भारत तक चलाई जाएगी। ट्रेन महज आठ घंटे में इस सफर को पूरा करेगी जबकि अन्य ट्रेनें 11 से 12 घंटे लेती है। यानी चार घंटे के समय की बचत होगी। ‘टी-18’ के नाम से मशहूर ‘वंदे भारत’ का ट्रायल जल्द ही इस रूट पर शुरू होने वाला है। भारतीय रेलवे ने इसकी तैयारी पूरी कर ली हैं।

अंबाला, लुधियाना व जम्मू तवी होंगे स्टापेज
दिल्ली से कटरा स्टेशन तक के ‘वंदे भारत’ के इस रेल सफर में 3 अहम स्टेशन पर ठहराव या स्टॉपेज दिया गया है। ‘वंदे भारत’ नई दिल्ली से चलने के बाद अंबाला जंक्शन, लुधियाना, जम्मू तवी होते हुए कटरा पहुंचेगी। रेलवे मंत्रालय के प्लान के मुताबिक, ‘वंदे भारत’ सुबह 6 बजे नई दिल्ली से कटरा स्टेशन के लिए रवाना होगी। इसके बाद सुबह 8.10 बजे अंबाला जंक्शन पहुंचेगी। यहां 2 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 9.22 बजे लुधियाना पहुंचेगी। यहां भी मात्र 2 मिनट रुकने के बाद 9.24 बजे लुधियाना से चलकर ‘वंदे भारत’ 12.40 बजे जम्मू तवी स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन दोपहर 2 बजे कटरा स्टेशन पर पहुंच जाएगी।

वापसी भी एक घंटे बाद ही
कटरा से वापसी में ‘वंदे भारत’ दोपहर 3 बजे कटरा स्टेशन से नई दिल्ली के लिए रवाना होगी और देर रात 11 बजे नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी। इस दौरान यह ट्रेन 4.18 मिनट पर जम्मू तवी स्टेशन, फिर शाम 7:36 मिनट पर लुधियाना, फिर रात 20:56 मिनट पर अंबाला स्टेशन पहुंचेगी।

130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पाने के लिए होगा ट्रायल
रेलवे मंत्रालय ने दिल्ली-कटरा रूट पर ‘वंदे भारत’ ट्रेन के ट्रायल रन को हरी झंडी दे दी है। नॉर्थरन रेलवे प्रबंध निदेशक भी जम्मू-कटरा रेल सेक्शन का निरीक्षण करने जा रहे है। जबेराल मैनेजर टीपी सिंह अम्बाला से कटरा तक का रेल सेक्शन का निरीक्षण कर देखेंगे कि ‘वंदे भारत’ ट्रेन क्या इस सेक्शन पर 130 किमी/घंटा की स्पीड से चलाई जा सकती है या नहीं?

इसलिए खास है यह ट्रेन
मेक इन इंडिया की सफलता की पहचान ‘वंदे भारत’ ने अपना पहला सफर नई दिल्ली से पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लिए शुरू किया है।भारतीय रेलवे का नया चेहरा बन कर उभरी ‘वंदे भारत’ ने यात्री सुविधाओं से लेकर सुरक्षा, स्पीड जैसे हर पहलुओं पर देशवासियों के दिल जीता है। इसमें आटोमैटिक डोर, आधुनिक डिज़ाइन, 130 किमी की स्पीड, 180 डिग्री घूमने वाली चेयर कार, वाई-फाई, इंफोटेनमेंट वगैरह तमाम खूबियां हैं।

PF पर ब्याज दर घटाने के लिए सरकार का EPFO पर दबाव

नई दिल्ली। सरकार की प्रॉविडेंट फंड (PF) के लिए ब्याज दर में कमी की तैयारी कर रही है। इसके लिए वित्त मंत्रालय ने इम्प्लॉई प्रॉविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) को पीएफ की ब्याज दर को सालाना 8.65 फीसदी से कम करने के लिए कहा है। गौरतलब है कि ईपीएफओ 8.5 करोड़ इम्प्लाइज को यह ब्याज दर ऑफर करने जा रहा था। मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों के मुताबिक, वित्त मंत्रालय को चिंता है कि पीएफ पर अधिक रिटर्न देने पर बैंकों के लिए आकर्षक ब्याज दरें देना संभव नहीं होगा, जिसका असर अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा

बनी हुई है मुश्किल की स्थिति
श्रम मंत्रालय के अधीन आने वाले ईपीएफओ ने लोकसभा चुनाव से पहले मार्च,2019 में समाप्त वित्त वर्ष के लिए 8.65 फीसदी ब्याज दर का ऐलान किया था। हालांकि, फंड्स के खराब प्रदर्शन को देखते हुए यह ब्याज दर सही नहीं लग रही है। अधिकारियों के मुताबिक, महंगाई में 3 फीसदी इजाफे को देखते हुए बढ़ी हुई ब्याज दर उन लोगों को आकर्षित करेगी जो सेविंग करना चाहते हैं। हालांकि महंगाई के ही चलते बैंक अपने सेविंग्स डिपॉजिट रेट को बराबर स्तर पर रखने के लिए मजबूर हाे रहे हैं। बैंकों को यह डर भी है कि वे फंड्स के चलते अपने डिपॉजिट गंवा बैठेंगे, जाे कि कर्ज लेने वालों के लिए संकट की बात है।

ज्यादा रिटर्न देना EPFO को पड़ेगा भारी
देश की कुल 20 फीसदी वर्कफोर्स ईपीएफओ की सदस्य है, जो हर महीने अपनी सैलरी का कुछ हिस्सा प्रॉविडेंट फंड में निवेश करते हैं। ईपीएफओ अपने फंड का 85 फीसदी से भी ज्यादा भाग केंद्र और राज्यों की सिक्योरिटीज और ऊंची रेटिंग वाले कॉरपोरेट बॉन्ड्स में निवेश करता है। 190 अरब डॉलर की एसेट संभालने वाले ईपीएफओ ने तकरीबन 8.31 करोड़ डॉलर (5.75 अरब रुपए) मुश्किलों से जूझ रही IL&FS के बॉन्ड्स में निवेश किए थे।

ज्यादा रिटर्न न दें ईपीएफओ
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के अप्रूवल के बाद श्रम मंत्रालय को सौंपे गए मेमोरेंडम में लिखा, ‘IL&FS में निवेश के चलते फंड को नुकसान हुआ होगा। ऐसे में श्रम व रोजगार मंत्रालय को वित्त वर्ष 2018-19 के लिए ब्याज दर पर फिर से विचार करने की सलाह दी जाती है।’

facebook पर अब आप नहीं डाल पाएंगे फर्जी वीडियो

Facebook पर फर्जी वीडियो को रोकने की तैयारी शुरू हो चुकी है। फर्जी वीडियो पर रोक लगाने के लिए फेसबुक मुहिम शुरू कर रहा है। फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने कहा है कि वह कृत्रिम मेधा और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल के जरिए बिल्कुल वास्तविक लगने वाले फर्जी वीडियो (डीपफेक वीडियो) को रोकने के लिए मूल्यांकन किया जा रहा है।

उन्होंने एक साक्षात्कार में कहा कि ‘डीपफेक वीडियो’ को गलत सूचना फैलाने वाले वीडियो से अलग तरीके से निपटना चाहिए। फेसबुक का लंबे समय से यह मानना रहा है कि यह तय करना उसका काम नहीं है कि कौन सी जानकारी तथ्यात्मक रूप से सही और कौन सी गलत।

कंपनी के मुताबिक, यह काम तथ्य जांच करने वाले लोगों का है। जुकरबर्ग का मानना है कि ‘डीपफेक’ वीडियो बिल्कुल अगल श्रेणी की चीज है और इसे फर्जी जानकारी देने वाले वीडियो की श्रेणी से अलग रखा जाना चाहिए।

जुकरबर्ग ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है और ऐसे में इस तरह के वीडियो के संबंध में नीति का विकास ‘बहुत महत्वपूर्ण’ है। मालूम हो कि डीपफेक वीडियो से संबंधित खतरा हाल के वर्षों में उभरा है और इससे निपटने के लिए फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया कंपनियों के पास अभी कोई नीति नहीं है

5G की मदद से 200 किलोमीटर दूर बैठ किया गॉल ब्लैडर का ऑपरेशन

बीजिंग। चिकित्सा की दुनिया में टेक्नोलॉजी किस तरह क्रांतिकारी साबित हो रही है, इसकी एक और बानगी देखने को मिली है। चीन में विशेषज्ञों ने 5जी नेटवर्क की मदद से 200 किलोमीटर दूर बैठे चिकित्सकों को निर्देश देते हुए गॉल ब्लैडर (पित्ताशय) के ऑपरेशन में कामयाबी हासिल कर ली है। चीन में 5जी नेटवर्क संचालन का लाइसेंस प्राप्त कर चुकी कंपनी चाइना मोबाइल ने बताया कि पिछले हफ्ते उत्तरी चीन के हुबेई प्रांत में लगभग एक घंटे में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। इस दौरान पूरी व्यवस्था को 5G नेटवर्क से जोड़ा गया था।

ताहे हॉस्पिटल की शेनोंगजिया स्थित शाखा में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। वहां से इसका लाइव फीड (सीधा प्रसारण) शियान शहर स्थित ब्रांच में बैठे विशेषज्ञों के पास भेजा जा रहा था। 5G टेक्नोलॉजी की तेज गति की मदद से दोनों तरफ के चिकित्सक एक-दूसरे से बिना बाधा के संपर्क में बने रह सके। चाइना मोबाइल के अधिकारी गुई कनपेंग ने कहा, ‘5G टेक्नोलॉजी में बिना अटके फोटो और वीडियो का आदान-प्रदान सुनिश्चित होता है। इसकी मदद से किसी जटिल ऑपरेशन की स्थिति में दूर-दूर बैठे हुए कई डॉक्टर साथ मिलकर अपनी विशेषज्ञता का प्रयोग कर सकते हैं।’

5G के विस्तार में लगा है चीन
मनोरंजन, परिवहन और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े सेक्टरों में बढ़ती मांग को देखते हुए चीन 5G नेटवर्क को विस्तार देने की दिशा में प्रयास कर रहा है। हुबेई प्रांत में 300 से ज्यादा 5G बेस स्टेशन बनाए गए हैं, जिनकी मदद से यहां के लगभग सभी शहर पूरी तरह 5G कवरेज से लैस हो गए हैं। चीन की राजधानी बीजिंग में 5G के 4,300 बेस स्टेशन स्थापित किए गए हैं। 5G नेटवर्क में डाउनलोड की स्पीड 4G की तुलना में 10 से 100 गुना तक ज्यादा रहती है।

निरक्षर नरेगा मजदूर का बेटा कुलदीप बनेगा आईआईटीयन

कोटा । जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए लेने के साथ-साथ देने की सोच रखना भी बहुत जरूरी है और यह सोच संस्कारों से विकसित होती है, जो कि हमें परिवार, समाज और शिक्षकों से मिलते हैं। कुछ ऐसे ही संस्कारों को ध्येय मानते हुए अपनी मंजिल की तरफ बढ़ रहा है बूंदी जिले के नैनवां के निकट पीपरवाला गांव निवासी निरक्षर नरेगा मजदूर व कृषक तेज सिंह का बेटा कुलदीप सिंह नरूका।

एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के छात्र कुलदीप सिंह ने आईआईटी के परिणामों में 14001 रैंक प्राप्त की है। कुलदीप का कहना है कि इंजीनियरिंग के बाद आईएएस की परीक्षा देकर प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहता हूं। गांव की स्थितियां बहुत प्रतिकूल है, यहां के लोगों के लिए सुविधाएं मुहैया करवाना चाहता हूं। गांव की तस्वीर बदलना चाहता हूं।

12वीं तक पढ़ाई के लिए तीन स्कूल बदले
कुलदीप ने बताया कि गांव बूंदी जिले के नैनवां कस्बे से करीब 7 किलोमीटर दूर पीपरवाला है। 50-60 घरों के इस गांव में सड़कें पूरी नहीं है। मूलभत सुविधाओं के नाम पर भी पानी और बिजली का कई बार संकट आ जाता है। पढ़ाई के लिए पांचवी तक स्कूल है। जब मैंने पांचवी पास की तो यहां से करीब 4 किलोमीटर दूर सुवानिया गांव में पढ़ने जाना पड़ा।

पढाई के लिए रोजाना 8 किमी पैदल चलना पड़ता था। यहां शिक्षक राकेश सर से अच्छा परिचय हुआ, उन्होनें कोटा जाने की सलाह दी तथा उनका तबादला बारां के मिर्जापुर होने पर मुझे भी उसी स्कूल में प्रवेश दिलवाया ताकि नियमित रूप से मेरा ध्यान रख सकें।

कोटा में एलन की मिली मदद
सुवानिया में दसवीं तक की पढ़ाई की और 95.83 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद यहां के शिक्षकों ने साइंस मैथ्स लेने की बात कही और इंजीनियरिंग करने की सलाह दी। मैं मेरे गांव का पहला छात्र हूं, जिसने साइंस मैथ्स ली है, इससे पहले किसी ने साइंस तक नहीं ली। 12वीं तक की पढ़ाई सरकारी स्कूल मिर्जापुर से हुई और 12वीं बोर्ड में 96 % अंक प्राप्त किए।

इसके बाद शिक्षक ही एलन लेकर आए और यहां मेरी पारिवारिक स्थिति व निर्धनता को देखते हुए शुल्क में 65 प्रतिशत की रियायत दे दी गई। शेष राशि पिता ने गांव के परिचितों से कर्जा लेकर जमा करवाया। एलन में पढ़ाई और सकारात्मक माहौल के बाद मेरी प्रतिभा निखरी और मैंने बेहतर स्कोर किया।

मेरी खुशी में परिवार खुश
पिता मूलरूप से किसान हैं। गांव में 4 बीघा जमीन है, जिससे परिवार की गुजर-बसर होती है। दो छोटी बहनें सरकारी स्कूल में पढ़ रही हैं। जब कोटा जाकर पढ़ने की बात हुई तो पिता ने कहा तुम पढ़ो हम कैसे भी तुम्हारे के लिए पैसा लगाएंगे। मैं कोटा आ गया और पिता ने खेती का सीजन नहीं होने पर पिता नरेगा में काम भी किया। मां प्रीती कंवर गृहिणी हैं व 5वीं पास हैं। यहां जमकर मेहनत की और अब जेईई एडवांस्ड में 14001 रैंक प्राप्त की। परिवार ही नहीं पूरे गांव में खुशी है, सभी बधाई दे रहे हैं।