Wednesday, July 8, 2026
Home Blog Page 4683

गाय ठीक कर सकती है सांस की बीमारी: मुख्यमंत्री रावत

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि गाय दुनिया की एकमात्र ऐसी जीव है जो ऑक्सिजन लेकर ऑक्सिजन ही छोड़ती है। उन्होंने कहा कि गोमाता को थोड़ी देर सहलाने से लोगों की सांस की बीमारी सही हो सकती है। एक वायरल विडियो में मुख्यमंत्री लोगों को गाय की उपयोगिता बताते नजर आ रहे हैं।

वायरल विडियो में सीएम रावत कह रहे हैं कि गाय प्राणवायु (ऑक्सिजन) छोड़ती है और इसी वजह से उसे ‘माता’ कहते हैं। वह आगे कहते हैं, ‘गाय का गोबर और गोमूत्र भी हमारे लिए बेहद फायदेमंद हैं। किडनी और हृदय के लिए ये दोनों बेहद उपयोगी हैं। कोई टीबी का मरीज अगर गाय के आसपास रहे तो वह भी ठीक हो सकता है। अब हमारे वैज्ञानिक भी इन तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं।’

हालांकि उनके इस बयान पर विवाद के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस पर स्पष्टीकरण जारी किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय में मौजूद एक सूत्र ने कहा, ‘यह पहाड़ के लोगों का गाय को लेकर सामान्य मत है और मुख्यमंत्री ने उसे ही दोहराया है।’ उन्होंने कहा कि कुछ लोग मुख्यमंत्री को पसंद नहीं करते हैं, इसलिए बेकार की चीजों को मुद्दा बनाकर उनकी छवि खराब कर रहे हैं।

शुक्रवार को फिर सस्ता हुआ पेट्रोल, जानिए आज के दाम

नई दिल्ली। गुरुवार को पेट्रोल की कीमतों में आई कमी आज भी जारी है। शुक्रवार को देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में आम आदमी को राहत मिली है। जहां पेट्रोल के दाम फिर कम हुए हैं वहीं डीजल की कीमत गुरुवार के स्तर पर ही बनी हुई है। आज पेट्रोल के दाम लगातार दूसरे दिन 6 पैसे कम हुए हैं।

इसके बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 73.29 रुपए लीटर मिल रहा है वहीं डीजल 66.18 रुपए लीटर मिल रहा है। इंदौर की बात करें तो यहां पेट्रोल 78.57 रुपए लीटर मिल रहा है वहीं डीजल के दाम 69.65 रुपए लीटर है। इसी तरह रायपुर में पेट्रोल 71.77 रुपए लीटर है जबकि डीजल के दाम 69.52 रुपए लीटर हैं।

मुंबई में पेट्रोल 78.90 रुपए लीटर मिल रहा है वहीं डीजल 69.36 रुपए लीटर मिल रहा है। चेन्नई में पेट्रोल 76.11 रुपए लीटर मिल रहा है जबकि डीजल 69.90 रुपए लीटर मिल रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 75.83 रुपए लीटर मिल रहा है जबकि डीजल 68.29 रुपए लीटर बिक रहा है।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 201 अंक लुढ़क कर 38,696 पर

मुंबई। बीएसई का 30 कंपनियों वाला शेयर सूचकांक सेंसेक्स की शुरुआत 150 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ हुई लेकिन तुरंत ही यह सारा बढ़त खत्म हो गयी। बाद में सुबह के कारोबार में यह 201.04 अंक अथवा 0.52 प्रतिशत टूटकर 38,696.42 अंक पर चल रहा है। शुरुआती एक घंटे के कारोबार के दौरान सेंसेक्स में करीब 400 अंक का उतार-चढ़ाव देखा गया।

इसी तरह निफ्टी 66.75 अंक अथवा 0.58 प्रतिशत टूटकर 11,530.15 अंक पर चल रहा है। पिछले सत्र के कारोबार में सेंसेक्स 38,897.46 अंक पर और निफ्टी 11,600.90 अंक पर बंद हुआ था।

ब्रोकरों के अनुसार अमेरिकी फेडरल रिजर्व के दो वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 30-31 जुलाई को होने वाली बैठक में नीतिगत दरों में भारी कटौती करने का संकेत दिए जाने से अधिकतर एशियाई बाजारों में शुरुआती कारोबार तेजी के रुख के साथ खुले। इसका असर घरेलू बाजार में भी देखा गया।

हालांकि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की भारी बिकवाली ने बाजार की धारणा को कमजोर किया और इसमें उल्लेखनीय गिरावट देखी गयी। आरंभिक आंकड़ों के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 1,404.86 करोड़ रुपये की निकासी की।

Nokia 8.2 ऐंड्रॉयड Q और 32MP पॉप-अप सेल्फी कैमरे के साथ होगा लॉन्च

नई दिल्ली। ओप्पो, वीवो, शाओमी और वनप्लस जैसी जानी-मानी कंपनियों के बाद अब Nokia भी पॉप-अप सेल्फी कैमरे वाला फोन लाने वाली है। रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी जल्द ही पिछले साल लॉन्च हुए Nokia 8.1 का अपग्रेडेड वेरियंट Nokia 8.2 लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

ऐसा कहा जा रहा है कि पॉप-अप सेल्फी कैमरे के साथ आना वाला यह कंपनी का पहला फोन होगा। एचएमडी ग्लोबल के मालिकाना हक वाली कंपनी पहले ही Nokia X71 में पंच होल डिजाइन ला चुकी है, अब बारी है पॉप-अप कैमरे की।

टिपस्टर ईशान अग्रवाल ने ट्विटर पर Nokia 8.2 फोन के बारे में एक नई जानकारी शेयर की है, जिसमें दावा किया गया है कि नोकिया 8.2 स्मार्टफोन में 32 मेगापिक्सल का पॉप-अप सेल्फी कैमरा दिया जाएगा। इसके साथ ही फोन ऐंड्रॉयड क्यू और 8GB रैम + 256GB स्टोरेज ऑप्शन के साथ पेश किया जाएगा।

वैसे तो ये फीचर्स यूजर्स के लिए कोई नए नहीं हैं क्योंकि कई दूसरे फ्लैगशिप फोन पहले से ही इन फीचर्स के साथ लॉन्च किए जा चुके हैं। लेकिन खास बात यह है कि इसे अब नोकिया भी पेश करने वाली है। कंपनी ने अपने फ्लैगशिप फोन Nokia 9 PureView में भी इतनी मेमरी नहीं दी थी।

एडिटिंग टूल्स के साथ Google फोटोज का लाइट वर्जन लॉन्च

नई दिल्ली। Google ने गूगल फोटोज का एक लाइट अल्टरनेटिव (हल्का विकल्प) पेश किया है, जिसे ‘गैलरी गो’ नाम दिया गया है। यह लाइट वर्जन आपके स्मार्ट गैजेट में सिर्फ 10 एमबी का स्पेस लेगा।

‘गैलरी गो’ यूजर्स को कम स्टोरेज और स्लो इंटरनेट कनेक्शन वाले हैंडसेट में फोटो स्टोर करने में मदद करेगा। फोटो गैलरी ऐप को ऑफलाइन काम करने के लिए डिजाइन किया गया है, जो मशीन लर्निग (एमएल) का इस्तेमाल करके ऑटौमैटिकली फोटो को व्यवस्थित कर सकेगा।

इसके अलावा इंटरनेट या क्लाउड बैकअप की आवश्यकता के बिना ही ‘गैलरी गो’ स्मार्टफोन यूजर्स को आसानी से फोटो ढूंढने, एडिट करने और मैनेज करने में मदद करेगा। गूगल फोटोज के प्रॉडक्ट मैनेजर बेन ग्रीनवुड ने एक ब्लॉग-पोस्ट में लिखा, ‘गैलरी गो को इस लिए डिजाइन किया गया है ताकि आप कम डेटा का इस्तेमाल करके के भी अपनी तस्वीरों को मैनेज कर सकें।’

उन्होंने कहा, ‘सिर्फ 10 एमबी वाला यह ऐप आपके फोन को धीमा नहीं करेगा और यह सुनिश्चत करेगा कि आप ज्यादा से ज्यादा आप तस्वीरों को स्टोर कर सकें।’ लाइट ऐप एडिटिंग टूल्स के साथ आता है, जिसमें कई फिल्टर मौजूद हैं। जिन डिवाइसों में ऐंड्रॉयड 8.1 (ओरियो) है, उनके लिए गैलरी गो प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।

हाइब्रिड बीज के नाम पर किसानों से धोखा, भारतीय किसान संघ करेगा आंदोलन

0

कोटा। हाइब्रिड बीज के नाम पर किसानों से धोखा हो रहा है। इन हाईबिड बीजों से नया बीज तैयार नहीं होता है। इनसे केवल एक उपज तैयार की जा सकती है और दोबारा बुआई के लिए फिर से हाईब्रिड बीज की आवश्यकता होती है। ये बीज जमीन को बंजर बना रहे हैं। इन बीजों से होने वाले नुकसान को लेकर किसानों को जागरूक करने के साथ ही सरकार से भी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

यह जानकारी नवनियुक्त प्रान्त संगठन मंत्री परमानन्द ने मानव विकास भवन पर आयोजित भारतीय किसान संघ की बैठक में दी। उन्होंने कहा कि बीज के नाम पर कंपनियों के द्वारा किसानों को लूटा जा रहा है। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को सभी तहसीलों में हाइब्रिड बीज, बीटी बैंगन, बीटी कपास समेत अन्य हानिकारक बीजों के विरूद्ध आन्दोलन का आगाज किया जाएगा।

जोधपुर प्रान्त के संगठन मंत्री हेमराज ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को 5 पौधे और प्रत्येक तहसील को 100 पौधे लगाने का संकल्प करना चाहिए। इसके बाद इन पौधों की देखभाल की व्यवस्था भी कार्यकर्ताओं को ही करनी होगी। बरसात के दिनों में भूमि को रिचार्ज करके किसानों को धरती माता के जल का पुनर्भरण का कार्य किया जाना चाहिए। इसके बिना हमारे कुंआ, बावड़ी और तालाब केवल कचरे के पात्र बनकर रह जाएंगे।

बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मोहनलाल नागर, प्रान्त डेयरी प्रमुख अमृतलाल छजावा, प्रान्त सहकारिता प्रमुख रामकुमार नागर, प्रान्त महिला प्रमुख भारती नागर, संभाग के मीडिया प्रभारी आशीष मेहता, रमेश नागर, संभाग की महिला प्रमुख रजनी नागर समेत कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के किसान प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

स्व. ठेंगड़ी की जनशताब्दी पर जुटेंगे 50 हजार किसान
संभाग के मीडिया प्रभारी आशीष मेहता ने बताया कि भारतीय किसान संघ की स्थापना स्व. दत्तोपंत ठेंगड़ी ने कोटा में ही की थी। ऐसे मंे स्व. ठेंगड़ी जी की जनशताब्दी वर्ष पर कोटा में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें नवम्बर में कोटा में 50 हजार किसानों का संभाग का बड़ा कार्यक्रम आयोजित होगा।

किसानों का चिंतन शिविर 10 अगस्त से
जिला प्रचार प्रमुख रूपनारायण यादव ने बताया कि कोटा जिले का दो दिवसीय अभ्यास वर्ग 28 सितम्बर से सांगोद में आयोजित किया जाएगा। जगदीश कलमंडी ने बताया कि राजस्थान और गुजरात के प्रदेश किसान प्रतिनिधियों का चिंतन शिविर उदयपुर में 10 अगस्त से आयोजित होगा। जिसमें दोनो प्रदेशों के प्रमुख किसान प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

कोटा महानगर के अध्यक्ष महावीर नागर ने बताया कि 25 अगस्त को वन विहार आयोजित किया जाएगा। जिलाध्यक्ष गिरीराज चौधरी ने कहा कि 4 सितम्बर को किसानों के आराध्य देव बलराम भगवान की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी।

कोटा में 15 दिवसीय श्रावणी तीज मेला 3 अगस्त से होगा शुरू

कोटा। स्टेशन शीटर में निकलने वाली तीज माता की सवारी तथा तीज मेले की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इसके लिए गुरूवार को गणेश पूजन कर कार्यालय का विधिवत् शुभारंभ कर दिया। मेला अध्यक्ष बसंत कुमार भरावा तथा संयोजक श्याम भरावा ने बताया कि 3 अगस्त को मेले का उद्घाटन तीज माता की सवारी के साथ होगा। इसके साथ ही भव्य शोभायात्रा का आयोजन भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मेले का उद्घाटन शहर के प्रबुद्ध गणमान्य जनप्रतिनिधियों के द्वारा किया जाएगा। तीज माता की सवारी पूर्ण भव्यता के साथ शाम 6 बजे राम मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई भरावा सदन पर विश्राम करेगी। मेले में लगने वाले स्टाल झूले चकरी आदि के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले व्यापारियों को आमंत्रित किया गया है। मेले के शुभारंभ के साथ ही 13 दिवसीय कार्यक्रम प्रारंभ होंगे।

मेले में 4 अगस्त को सिने संध्या कार्यक्रम, 5 अगस्त को खाटू श्याम बाबा का जागरण, 6 अगस्त को राजस्थानी कवि सम्मेलन, 7 अगस्त को राजस्थानी लोक कलाकारों के गीत व नृत्य का रंगारंग आयोजन होगा। वहीं 13 दिवसीय मेले का समापन 15 अगस्त को भव्य आतिशबाजी के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न प्रांतों से आने वाले व्यापारियों को भी सम्मानित किया जाएगा

अध्यक्ष भरावा ने बताया कि तीज माता की सवारी और शोभा यात्रा के लिए राजाराम जैन कर्मयोगी को संयोजक मनोनीत किया गया है। वहीं तीज माता के प्रमुख पूजन कार्यक्रम की संयोजक पूर्व महापौर सुमन श्रृंगी को मनोनीत किया गया है। मेले में सुरक्षा व्यवस्था, सफाई, जल एवं विद्युत व्यवस्था के लिए भी प्रभारी मनोनीत किए गए हैं।

चिकित्सकों ने NMC बिल की प्रतियां जलाई, किया सांकेतिक प्रदर्शन

कोटा। इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से इण्डियन मेडिकल कौंसिल बिल के विरोध में मैत्री अस्पताल के सामने सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। लोकसभा में प्रस्तावित एनएमसी बिल की काॅपियां जलाकर विरोध दर्ज कराया। अध्यक्ष डाॅ. एस सान्याल तथा डाॅ. केके डंग ने कहा कि इस बिल में सबसे ज्यादा नुकसान आम जनता को होगा।

उन्होंने बताया कि बिल के सेक्शन 32 के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य प्रदाता का प्रावधान एनएमसी को यह अधिकार होगा। वह उन लोगों का सीमित संख्या में लाईसेंस जारी करेगा, जो, आधुनिक चिकित्सा पद्धति में प्रशिक्षित नहीं हैं। लेकिन, वो गांवों में गरीब व जरूरतमंद लोगों का आधुनिक चिकित्सा पद्धति की दवाइयों से उपचार करेंगे । सामुदायिक स्वास्थ्य प्रदाता स्वयं के स्तर पर उपचार हेतु आधुनिक दवाइयां लिख सकेंगे और ’ज्यादा स्थिति खराब होने पर मेडिकल डॉक्टर को रेफर करेंगे।

पूरे भारत वर्ष में संचालित 506 मेडिकल कॉलेज में से 279 निजी क्षेत्र से हैं। एनएमसी बिल के अनुसार अब 50 प्रतिशत सीटों पर फीस का निर्धारण निजी मेडिकल कॉलेज अपने स्तर पर कर सकेंगे। इससे गरीब व मेरिट में आने वाले छात्रों के स्थान पर धनवान व्यक्ति इन सीटों को खरीद कर अपने बच्चों को चिकित्सक बना सकेंगे। इस नियम से प्रतिवर्ष 18000 सीट योग्य विद्यार्थियों को नहीं मिल सकेगी। ऐसे में, जो चिकित्सक बनकर निकलेंगे वो भी केवल धन अर्जित करने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि जो मेडिकल छात्र अंतिम वर्ष की एमबीबीएस परीक्षा देंगे। वो पूरे भारत में एक समान होगी। जो एक्जिट टेस्ट के नाम से होगी। अंतिम एमबीबीएस परीक्षा (एग्जिट एग्जाम) केवल एक बार ही दे सकते हैं । पीजी में दोबारा एडमिशन का अवसर नहीं है। इसको पास करने पर ही मेडिकल ग्रेजुएट प्रैक्टिस कर सकेगा एवं पीजी में एडमिशन मिल सकेगा।

मेडिकल शिक्षा के छात्रों के पाठ्यक्रम में होम्योेपेथी, आयुर्वेदिक को पढ़ाने का प्रावधान किया जा रहा है। इससे सभी पैथी का सम्मिश्रण हो जाएगा और आधुनिक चिकित्सा पद्धति का महत्व खत्म हो जाएगा। प्रदर्शन में डाॅ. एमएल अग्रवाल, डाॅ. उमेश ठाकर, डाॅ. संजय जायसवाल, डाॅ. अमित गोयल, अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सा संघ के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. दुर्गाशंकर सैनी, सचिव रिछपाल खींचड़, मेडिकल छात्र संघ अध्यक्ष शिवांगी बोहरा समेत मेडिकल छात्र छात्राओं ने भाग लिया।

प्रार्थना में शब्द का नहीं, भाव का महत्व: आर्यिका सौम्यनन्दिनी

कोटा। दिगंबर जैन मन्दिर महावीर नगर विस्तार योजना में चातुर्मास कर रही आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी ने गुरूवार को अपने प्रवचन में कहा कि जिस प्रकार पशु को घास तथा मनुष्य को आहार के रूप में अन्न की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार भगवान को भावना की जरूरत होती है। प्रार्थना में उपयोग किए जा रहे शब्द महत्वपूर्ण नहीं बल्कि भक्त के भाव महत्वपूर्ण होते हैं।

कोई भी सुरक्षा मनुष्य को मौत से नहीं बचा सकती। मौत के आगे सुरक्षा भी फेल हो जाती है। हम अपने जीवन की रक्षा के लिए भले ही कितने सुरक्षा कर्मचारी तैनात कर लें, लेकिन वे मौत से नहीं बचा सकते। बाहरी सुरक्षाकर्मी कुछ नहीं कर सकते।

सौम्यनन्दिनी माताजी ने कहा कि वास्तव में यदि मौत से बचना है, तो केवल आपके द्वारा किए गए पुण्य कार्य ही उसे आने से रोक सकते हैं। धन का अहंकार रखने वाले हमेशा इस बात का ध्यान रखें कि पैसा कुछ भी हो सकता है, बहुत कुछ हो सकता है, लेकिन सब कुछ नहीं हो सकता। हर आदमी को धन की अहमियत समझना बहुत जरूरी है।

उन्होंने कहा कि शराब से ज्यादा नशा धन का होता है। शराब का नशा तो दो-चार घंटे बाद ही उतर जाता है, लेकिन धन का नशा तो जिंदगी बर्बाद करने के बाद ही उतरता है।माताजी ने कहा कि धनाढ्य होने के बाद भी यदि लालच और पैसों का मोह है, तो उससे बड़ा गरीब और कोई नहीं हो सकता है।

इंदौर बाजार: कपास्या खली एवं पाम तेल में तेजी

इंदौर। स्थानीय खाद्य तेल बाजार में बृहस्पतिवार को सोयाबीन रिफाइंड तेल के भाव में दो रुपये प्रति 10 किलोग्राम की तेजी दर्ज की गई। पाम तेल में पांच रुपये प्रति 10 किलोग्राम की वृद्धि हुई। पशु आहार कपास्या खली के भाव में 40 रुपये प्रति 60 किलोग्राम की तेजी दर्ज की गई। तिलहन में रायडा 50 रुपये प्रति क्विंटल बढ़कर बिका।

तिलहन: सरसों 3500 से 3550 रायडा 3400 से 3450 सोयाबीन 3500 से 3550 रुपये प्रति क्विंटल। तेल: मूंगफली तेल इंदौर 1150 से 1170, सोयाबीन रिफाइंड इंदौर 735 से 737, सोयाबीन साल्वेंट 700 से 705, पाम तेल 620 से 625 रुपये प्रति 10 किलोग्राम।

पशु आहार: कपास्या खली इंदौर 2050, देवास 2050, उज्जैन 2050, खंडवा 2030, बुरहानपुर 2030, अकोला 3200 रुपये प्रति 60 किलोग्राम बोरी। कपास्या तेल: कपास्या तेल इंदौर 755 से 760, महाराष्ट्र 750 से 755, तथा गुजरात 765 से 768 रुपये प्रति 10 किलोग्राम।