नई दिल्ली। Stock Market Updated : एशियाई बाजारों में तेजी के बीच सोमवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई। सेंसेक्स अब 351 अंकों की बढ़त के साथ 78114 पर पहुंच गया है।
बीईएल और एचडीएफसी बैंक में 2 प्रतिशत की तेजी है और एक्सिस बैंक, ICICI बैंक, भारती एयरटेल, ट्रेंट, टाटा स्टील भी सेंसेक्स टॉप गेनर्स की लिस्ट में हैं। दूसरी ओर कोटक महिंद्रा बैंक 3.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ सेंसेक्स टॉप लूजर है।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी-50 दोनों हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। सुबह 9:18 बजे तक निफ्टी-50 80.25 अंक यानी 0.33% की बढ़त के साथ 24,351.10 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, सेंसेक्स 315 अंक यानी 0.40% चढ़कर 78,078.76 के स्तर पर पहुंच गया।
मुख्य सूचकांकों के साथ-साथ व्यापक बाजार में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 0.2% और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.1% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जिससे निवेशकों की व्यापक खरीदारी का संकेत मिला।
ग्लोबल मार्केट के संकेत
- गिफ्ट निफ्टी
- सोमवार सुबह GIFT Nifty 24,354 के आसपास लगभग सपाट स्तर पर कारोबार करता नजर आया। इससे संकेत मिल रहे हैं कि भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत हल्की बढ़त या सीमित उतार-चढ़ाव के साथ हो सकती है। वैश्विक बाजारों से मिले मिश्रित संकेतों के कारण निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।
- एशियाई बाजार
- सप्ताह के पहले कारोबारी दिन अधिकांश एशियाई बाजारों में तेजी देखने को मिली। दक्षिण कोरिया का Kospi करीब 0.62 प्रतिशत और चीन का CSI 300 लगभग 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया। तकनीकी शेयरों में खरीदारी लौटने और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार नरमी आने से एशियाई बाजारों को समर्थन मिला।
- 72 डॉलर से नीचे आया ब्रेंट क्रूड
- अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी रही। ब्रेंट क्रूड का जुलाई वायदा भाव करीब 71.78 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा, जो पिछले स्तर से लगभग 0.47 प्रतिशत नीचे था। बाजार पर दबाव इसलिए भी बना क्योंकि OPEC+ देशों ने जून और जुलाई के बाद अगस्त से भी उत्पादन बढ़ाने पर सहमति जताई है। वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में कोई खास प्रगति नहीं हुई है, लेकिन स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल आपूर्ति फिलहाल सामान्य बनी हुई है।

