Saturday, July 4, 2026
Home Blog Page 4623

पी. चिदंबरम 5 दिनों के लिए CBI रिमांड पर

नई दिल्ली। पी. चिदंबरम को 5 दिनों के लिए सीबीआई की रिमांड में भेजने का फैसला देते हुए कोर्ट ने कई अहम टिप्पणियां भी की हैं। पूर्व वित्त और गृह मंत्री रहे चिदंबरम की रिमांड पर फैसला देते हुए कोर्ट ने कहा कि उनके खिलाफ आरोप गंभीर प्रकृति के हैं और उनकी गहराई से जांच की जरूरत है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री को रिमांड के लिए भेजने का फैसला देते हुए विशेष सीबीआई जज अजय कुमार ने कहा, ‘जांच को तार्किक अंत तक पहुंचाना जरूरी होता है और इसके लिए कई बार हिरासत में लेकर पूछताछ करना उपयोगी और फायदेमंद साबित होता है।’

कोर्ट ने कहा कि यह मामला मनी ट्रेल का है, जिसके बारे में पूरी जानकारी जुटाना जरूरी है। जज ने कहा कि यह केस पूरी तरह से डॉक्युमेंट्री एविडेंस यानी दस्तावेजी सबूतों पर आधारित है और उनकी प्रामाणिकता के लिए पूरी पड़ताल होनी चाहिए। यही नहीं कोर्ट ने आईएनएक्स मीडिया केस में हुए करप्शन में पी. चिदंबरम की कथित संलिप्तता को लेकर भी बेहद अहम टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा, ‘चिदंबरम को 2007-08 और 2008-09 में पेमेंट किए जाने की बात एकदम स्पष्ट और वर्गीकृत है।’

‘यही नहीं कोर्ट ने पी. चिदंबरम पर लगे आरोपों को गंभीर प्रकृति का बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ गहराई से जांच किए जाने की जरूरत है।हालांकि जज ने पी. चिदंबरम को थोड़ी राहत देते हुए हर दिन 30 मिनट के लिए वकीलों और परिजनों से मुलाकात की भी छूट दी। कोर्ट ने यह भी कहा कि सीबीआई यह सुनिश्चित करे कि चिदंबरम की व्यक्तिगत गरिमा का किसी भी तरीके से हनन नहीं हो।

कोर्ट में बोले चिदंबरम, हर सवाल का दिया जवाब
अदालत में सुनवाई के दौरान पी. चिदंबरम के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने उन्हें बोलने देने की मांग की। एसजी तुषार मेहता के विरोध के बाद भी उन्हें बोलने का मौका मिला। चिदंबरम ने कहा कि कृपया आप सवालों और जवाबों को देखिए। ऐसा कोई सवाल नहीं है, जिसका मैंने जवाब न दिया हो। आप ट्रांस्क्रिप्ट पढ़िए। उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मेरा बाहर कहीं कोई खाता है, मैंने कहा नहीं। उन्होंने पूछा कि क्या मेरे बेटे का विदेश में कोई खाता है, मैंने कहा, हां।

जियो की चाल सबसे धीमी, एयरटेल सबसे तेज नेटवर्क: ओकला

0

नई दिल्ली। ब्रॉडबैंड की रफ्तार मापने वाली कंपनी ओकला ने कहा है कि जुलाई महीने में भारती एयरटेल सबसे तेज मोबाइल ब्रॉडबैंड नेटवर्क रहा है, जबकि रिलायंस जियो के नेटवर्क की गति इस दौरान सबसे धीमी रही है। यह रिपोर्ट ओकला द्वारा अगस्त, 2018 से जुलाई, 2019 तक जुटाए गए स्पीडटेस्ट इंटेलिजेंस डेटा पर आधारित है। इसके अनुसार वोडाफोन आइडिया की रफ्तार में धीरे-धीरे सुधार आ रहा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि गति परीक्षण के नतीजों से पता चलता है कि अगस्त, 2018 से जुलाई, 2019 के दौरान औसत आधार पर देश में सभी मोबाइल आपरेटरो की डाउनलोड स्पीड में सुधार हुआ है। इस 12 माह की अवधि में एयरटेल सबसे तेज मोबाइल आपरेटर रही है।

यह रिपोर्ट भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा प्रकाशित आंकड़ों से बिल्कुल उलट है। ट्राई के आंकड़ों के अनुसाल पूरे साल के दौरान मोबाइल ब्रॉडबैंड रफ्तार के मामले में रिलायंस जियो लगातार आगे बनी रही और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी की तुलना में उसके नेटवर्क की रफ्तार लगभग दोगुना थी।

ओकला ने अध्ययन में भारती एयरटेल, वोडाफोन, आइडिया सेल्युलर और रिलायंस जियो के ब्रॉडबैंड प्रदर्शन का आकलन किया है। स्पीडटेस्ट इंटेलिजेंस डेटा के मुताबिक एयरटेल और जियो दोनों के मामले में मोबाइल डाउनलोड गति मई 2019 के बाद कम हुई है और जुलाई 2019 में भी यह कम होती रही। इस बीच वोडाफोन की मोबाइल स्पीड में नवंबर 2018 से लेकर जनवरी 2019 तक गिरावट आई जबकि उसके बाद उसमें सुधार देखा गया।

दयाहीन मनुष्य तिरस्कार के पात्र: आर्यिका सौम्यनन्दिनी

कोटा।महावीर नगर विस्तार योजना स्थित दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी संघ के पावन वर्षायोग के अवसर पर गुरुवार को माताजी के सान्निध्य में अभिषेक, पूजा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें स्वस्ति मंगल पाठ तथा परमर्षि स्वस्ति मंगल पाठ, नवदेवता पूजन के बारे में जानकारी दी गई।

इस दौरान माताजी ने प्रवचन करते हुए कहा कि प्राणीमात्र के प्रति दया और लक्षणा का बर्ताव रखना ही धर्मात्मा जीवों की पहचान है। धर्म की जड़ दया ही है। इसलिए जीव दया का पालन करना सर्वोच्च धर्म है। माताजी ने कहा कि दया जीवन में महानता लाती है, सम्मान दिलाती है, प्रेम और वात्सल्य का पात्र बनाती है। दयाहीन मनुष्य इस संसार में भी तिरस्कार के पात्र होते हैं और दुर्गति के साथ दुखों को प्राप्त होते हैं।

संसार में दूसरों पर दया करने वाले जीव बहुत बिरले हैं, दूसरों को सताने वाले लोगों की संख्या ज्यादा है। सताने की प्रवृत्ति तो पूर्व के संस्कार से स्वयं आ जाती है पर प्रेम, दया और वात्सल्य की प्रवृत्ति के लिए संतों को उपदेश देना पड़ता है। जब स्वयं की पीड़ा की तरह हमें अन्य जीवों की पीड़ा महसूस होने लगती है, तब अंतरंग में दया का भाव पैदा होता है। जैसा व्यवहार या बर्ताव हम अपने साथ चाहते हैं, वैसा ही व्यवहार आप दूसरों के साथ करना सीख लो तो आप एक अच्छे इंसान बन जाएंगे।

आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी पावन वर्षायोग समिति के अध्यक्ष नवीन जैन दौराया तथा मंत्री पारस जैन लूंग्या ने बताया कि सुधासागर महाराज और आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी की प्रेरणा से महावीर नगर विस्तार योजना दिगम्बर जैन समाज के द्वारा 25 हजार रूप्ए की राशि सांगली महाराष्ट्र में बाढ राहत के लिए भेजे गए हैं।

490 मेडिकल छात्रों को मिली दीक्षान्त समारोह में डिग्री

कोटा। मेडिकल काॅलेज कोटा 2016 और 2017 बैच का द्वितीय संस्थानिक दीक्षान्त समारोह गुरुवार को काॅलेज ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। समारोह में मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस, एमडी, एमएस तथा पैरामेडिकल की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गई। कॉलेज सभागार में तालियों की गडगड़ाहट के बीच मुख्य अतिथि कोटा विवि की कुलपति प्रो. नीलिमा सिंह ने डिग्रियां प्रदान की।

मेडिकल कॉलेज कोटा को सतरंगी रंगोली से सजाया गया था। जहां एक ओर मुख्य द्वार व दीवारों पर सजे पुष्पहारों की सुंगध से कॉलेज परिसर महक रहा था। वर्षों तक जिस डिग्री के इंतजार में छात्र-छात्राओं ने अथक मेहनत की थी, उनके चेहरों पर डिग्री पाने की खुशी साफ झलक रही थी। छात्र सफेद कुर्ता पायजामा और लाल दुपट्टा पहने थे, वहीं छात्राएं क्रीम कलर की लाल बॉर्डर की साड़ी और लालरंग का शॉल ओढ़े नजर आईं। शिक्षक सफेद कुर्ता पायजामा और पीला दुपट्टा तथा शिक्षिकाएं क्रीम कलर की लालरंग के बॉर्डर की साड़ी पर पीला दुपट्टा ओढ़े नजर आई।

कुलपति प्रो. नीलिमा सिंह ने संस्कृत श्लोक ‘‘सर्वे भवन्तु सुखिनः…’’ का उल्लेख करते हुए कहा कि डिग्री लेने के बाद समाज को रोगमुक्त और निरामय बनाने के लिए कार्य करना चाहिए। चिकित्सक को मेडिसिन और मानवता के प्रति समान रुप से लगाव प्रदर्शित करना होगा। बिना मानवता के चिकित्सा का क्षैत्र अधूरा ही है। आज मेडिकल काॅलेज नई ऊंचाईयों की ओर अग्रसर है। काॅलेज की सिल्वर जुबली से पूर्व ही यहां सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं प्रारंभ हो गईं। वहीं, अब मल्टी सुपर स्पेशियलिटी यूनिट भी तैयार है।

उन्होंने कहा कि आज रोगी और चिकित्सक के बीच परस्पर समझ में कमी आई है। जिसके कारण से कुछ समस्याओं का जन्म भी हुआ है। चिकित्सक को रोगी की मनोदशा को समझते हुए उसका उपचार करने की कला भी विकसित करनी होगी। देश में शिक्षा का बहुत विकास हुआ है, लेकिन उसके साथ गुणवत्ता का उतना विकास नहीं हुआ है ।

इसीलिए हमें शिक्षा में गुणवत्ता बहाल के लिए प्रयास करना चाहिए। वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ़ मेडिकल एजुकेशन चिकित्सा शिक्षा को लेकर कार्य कर रही है। मेडिकल कौंसिल ऑफ़ इण्डिया भी वैश्विक बदलावों के अनुसार पाठ्यक्रम में परिवर्तन ला रही है। उन्होंने कहा कि सीखना कभी बंद मत करना, प्रश्न पूछना कभी बंद मत करना।

प्राचार्य डाॅ. सरदाना ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में जितनी तेजी से बदलाव आ रहा है, प्रगति हो रही, वह हमारे सामने है। अब मेडिकल शिक्षा में भी मेडिकल कौंसिल की ओर से अहम बदलाव किए हैं। हमें इन बदलावों के साथ चलना चाहिए। मेडिकल शिक्षा का उद्देश्य महज विज्ञान व तकनीक को उच्चतम स्तर पर ले जाना ही नहीं, वरन ज्ञान व विज्ञान की प्रगति के साथ उसके उपयोग का एक संवेदनशील वातावरण बनाना होता है।

पाठ्यक्रमों व शोध कार्यों की गुणवत्ता के स्तर पर कार्य करने के लिए हम सभी को ही आगे आना होगा। इस दौरान पूर्व प्राचार्य डाॅ. गिरीश वर्मा, डाॅ. एसएन सोनी, डाॅ. आरपी मीना, डाॅ. प्रतिमा जायसवाल समेत संकाय सदस्य, टीचर्स, डाॅक्टर्स और अभिभावक उपस्थित रहे।

490 को मिली डिग्री
प्राचार्य डाॅ. विजय सरदाना ने बताया कि समारोह के दौरान सत्र 2016 और 2017 बैच में एमबीबीएस के 287, एमडी एमएस के 137 तथा पैरामेडिकल के 66 छात्र छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गईं। वहीं न्यूरोलाॅजी के डीएम एमसीएच के 4 स्टूडेंट्स को जयपुर के दीक्षान्त समारोह में डिग्री प्रदान की गई। इस दौरान स्टूडेंट्स के साथ उनके अभिभावक और बहिन भाई भी डिग्री लेने के लिए ऑडिटोरियम मे मौजूद रहे। छात्र छात्राओं ने पंक्तिबद्ध होकर एक एक कर अपनी डिग्री प्राप्त की।

सेल्फी ली, पुरानी यादें ताजा कीं
डिग्री लेने के दौरान छात्र चिकित्सकों ने सफेद कुर्ते पायजामा तथा छात्राओं ने सफेद लाल साड़ी पहन रखी थीं। छात्र छात्राएं डिग्री पाकर खुशी का प्रकटीकरण कर रहे थे। इस दौरान 490 में से करीबन 290 स्टूडेंट्स दीक्षान्त समारोह का हिस्सा बनने के लिए उपस्थित हुए। पुराने साथियों से मिलकर सभी खुश हो रहे थे तो कुछ ने कैम्पस में घूमकर अपनी पुरानी यादें भी ताजा कीं। उन्होंने आपस में मिलकर सेल्फी ली तो कुछ स्टूडेंट्स फेकल्टी के साथ भी फोटो खिचवाते रहे।

RBI ने माना आर्थिक सुस्ती की आहट मिल रही

नई दिल्ली। वाहन, रियल एस्टेट, रिटेल और एफएमसीजी सहित कई क्षेत्रों में दर्ज की जा रही आर्थिक सुस्ती पर अब भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने भी मुहर लगा दी। आरबीआई ने कहा कि आर्थिक सुस्ती के दिख रहे कई संकेतों के कारण रेपो दर में सामान्य से अधिक कटौती करने का फैसला किया गया। आरबीआई ने इस महीने के शुरू में मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की हुई बैठक का ब्योरा बुधवार को जारी किया।

इसमें कहा गया है कि अर्थव्यवस्था में जान फूंकने के लिए आरबीआई ने रेपो दर में 0.35 फीसदी कटौती करने का फैसला किया। रेपो रेट वह दर होता है, जिस पर आरबीआई वाणिज्यिक बैंकों को छोटी अवधि के लिए कर्ज देता है।

आरबीआई गवर्नर ने दिए आर्थिक सुस्ती के कई सबूत
बैठक के ब्योरे के मुताबिक आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने रेपो दर में 0.25 फीसदी से अधिक कटौती का तर्क देते हुए कहा कि मई और जून के कई संकेतक बता रहे हैं कि सेवा क्षेत्र में सुस्ती चल रही है। ग्रामीण मांग के दो अहम संकेतक मोटरसाइिकल और ट्रैक्टर की बिक्री में गिरावट है।

शहरी मांग के संकेतकों में यात्री वाहनों की बिक्री जून में घट गई, जबकि लगातार तीन महीने की गिरावट के बाद घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई। निर्माण गतिविधियों के संकेतकों के रूप में सीमेंट उत्पादन और स्टील खपत में गिरावट दर्ज की है।

एचआर विशेषज्ञों के मुताबिक नौकरी मिलने में होगी कठिनाई
सीआईईएल एचआर सर्विसेज के सीईओ आदित्य नारायण मिश्र ने कहा कि कारोबारी सुस्ती से रोजगार बाजार में बेचैनी पैदा हो सकती है। इस दौरान जिनकी नौकरी छूटेगी, उन्हें तुरंत पसंद की नौकरी मिलने में कठिनाई हो सकती है। अप्रैल-जुलाई 2020 में बाजार में आने वाले फ्रेशर्स के लिए नौकरी के नए अवसर कम रह सकते हैं।

शेयर निवेशकों का नुकसान रोकने को सेबी ने उठाया कदम

नई दिल्ली। शेयरों की चाल कई बार समझ से परे होती है। इनके कारण इन शेयरों में निवेश करने वाले आम लोगों को भारी नुकसान होता है। रहस्यमयी उतार-चढ़ाव के लिए जिम्मेदार लोगों को कई बार पकड़ पाना भी काफी मुश्किल होता है। अब सेबी ने शेयरों की चाल में स्थिरता लाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है।

बुधवार को सेबी के बोर्ड की हुई बैठक में इनसाइडर ट्रेडिंग की पुख्ता सूचना देने वालों को एक करोड़ रुपये तक का इनाम देने का फैसला हुआ। बोर्ड ने इसके लिए प्रोहिबिशन ऑफ इनसाइडर ट्रेडिंग (पीआईटी) नियमावली को मंजूरी दे दी।

सेबी ने कहा कि इनसाइडर ट्रेडिंग की सूचना देने वाले मुखबिरों की गोपनीयता सुरक्षित रखी जाएगी। पूरी जानकारी साझा करने के लिए उन्हें हॉटलाइन सुविधा भी दी जाएगी। जांच में सहयोग के लिए उन्हें छोटी-मोटी गलतियों के लिए माफी भी दी जा सकेगी। सेबी ने हालांकि स्पष्ट किया कि मुखबिरों में व्यक्तियों और कंपनियों को ही इनाम मिलेगा। ऑडिटर को इससे अलग रखा गया है, क्योंकि ऐसी सूचना देने के लिए वे पहले से ही बाध्य हैं।

क्या है इनसाइडर ट्रेडिंग
कुछ लोगों को कंपनी के कामकाज की ऐसी जानकारी होती है, जो बाजार में साधारण निवेशकों को उपलब्ध नहीं होती है। इनकी सूचना सार्वजनिक होने से शेयरों के भाव में बड़ा बदला आ सकता है। जिन लोगों को कंपनी की गोपनीय जानकारी होती है, उन्हें इनसाइडर कहा जाता है। यदि ये लोग सूचनाओं के बाजार में आने से पहले उसका लाभ उठाने के लिए खुद या किसी अन्य पक्ष के जरिये शेयरों में ट्रेड करते हैं, तो उन मामलों को इनसाइडर ट्रेडिंग कहते हैं। कई बार इसके कारण साधारण निवेशकों को बड़ा नुकसान होता है।

Redmi Note 8 और Redmi Note 8 Pro 29 अगस्त को होंगे लॉन्च

नई दिल्ली।स्मार्टफोन मेकर कंपनी रेडमी ने चाइनीज माइक्रोब्लॉगिंग साइट Weibo पर कन्फर्म कर दिया है कि Redmi Note 8 और Redmi Note 8 Pro स्मार्टफोन 29 अगस्त को लॉन्च होंगे। पोस्ट में यह भी कन्फर्म कर दिया गया है कि डिवाइस के रियर पैनल पर 64 मेगापिक्सल का कैमरा सेंसर दिया जाएगा और सामने आई फोटो से क्वॉड कैमरा सेटअप के अलावा डिवाइस का टॉरक्वॉइज ग्रेडिएंट कलर भी सामने आया है।

इसके अलावा यह भी कन्फर्म हो चुका है कि Redmi Note 8 डिवाइस में MediaTek का नया गेमेंट सेंट्रिक प्रोसेसर मिलेगा। चिपसेट मेकर मीडियाटेक ने Weibo पर पोस्ट किया है कि Redmi Note 8 सीरीज में इसका नया Helio G90/G90T प्रोसेसर मिलेगा। कैमरा की बात करें तो वर्टिकल कैमरा मॉड्यूल को फोन के रियर पैनल पर बीच में दिया गया है और इसपर तीन कैमरा सेंसर दिख रहे हैं।

इसके अलावा मॉड्यूल के दाईं ओर एलईडी फ्लैश दिख रहा है, जिसके साथ ही चौथा कैमरा सेंसर दिया गया है। इसके अलावा डिवाइस में रियर पैनल पर कैमरा मॉड्यूल के साथ अटैच्ड फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है, जैसा Poco F1 में देखने को मिला था। ऐसे में साफ है कि Redmi Note 8 सीरीज में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं होगा।

Redmi TV के साथ होगा लॉन्च
शाओमी के सीईओ और को-फाउंडर लेई जुन ने इससे पहले इशारा किया था कि Redmi Note 8 भी Redmi TV के साथ 29 अगस्त को चीन में लॉन्च किया जाएगा। एक यूजर ने उनसे पूछा था कि क्या रेडमी टीवी के साथ ही Redmi Note 8 भी लॉन्च किया जाएगा और इसके जवाब में उन्होंने ‘थम्ब्स अप’ इमोजी बनाया था। इसके अलावा एक Weibo पोस्ट में शाओमी के वीपी और रेडमी के जनरल मैनेजर लू वीबिंग ने Redmi Note 8 के बारे में बात करते बुओ कहा था कि नया डिवाइस ज्यादा मजबूत होगा और बेहतर कैमरा, लंबी बैटरी लाइफ के अलावा हाई स्क्रीन रेशियो भी देखने को मिलेगा।

Realme XT को टक्कर देगा कैमरा
नए डिवाइस के कैमरा की बात करें तो 64 मेगापिक्सल कैमरा को लेकर बीते दिनों शाओमी ने कन्फर्म करते हुए कहा था कि क्वॉड कैमरा सेटअप के साथ आने वाले इस फोन में 64 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया जाएगा जो 20MB की साइज वाली तस्वीरें क्लिक करेगा। दावा किया जा रहा है कि इस फोन से ली गई तस्वीरें 8K टीवी से भी बेहतर होंगी। शाओमी इस फोन में सैमसंग के ISOCELL Bright GW1 सेंसर का इस्तेमाल करने वाला है। हालांकि कैमरा सेंसर्स के बारे में कंपनी की ओर से ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। माना जा रहा है कि Redmi Note 8 सितंबर में 64MP कैमरा के साथ ही लॉन्च होने वाले Realme XT को टक्कर देगा।

चंद्रयान-2 ने भेजी चंद्रमा की पहली तस्वीर, देखिये

0

नई दिल्ली।चंद्रमा की यात्रा पर रवाना हुए चंद्रयान-2 ने चांद की पहली तस्वीर भेजी है। चंद्रयान के विक्रम लैंडर ने चांद की सतह से 2,650 किलोमीटर की ऊंचाई से यह तस्वीर ली है। इसरो ने खुद इस तस्वीर को अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। चंद्रयान-2 ने 21 अगस्त को चंद्रमा की यह तस्वीर ली थी। इस तस्वीर में Mare Orientale basin और अपोलो क्रेटर्स को भी देखा जा सकता है।

इससे पहले इसरो ने 4 अगस्त को चंद्रयान-2 की ओर से भेजी गईं पृथ्वी की तस्वीरें शेयर की थीं। लैंडर-विक्रम 6 सितंबर को चांद पर पहुंचेगा और उसके बाद प्रज्ञान यथावत प्रयोग शुरू करेगा। अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत चौथा देश है, जिसने चंद्रमा पर अपना मिशन भेजा है।

अब बस 18 हजार किलोमीटर का सफर बाकी
इससे पहले बुधवार को चंद्रयान-2 चांद की कक्षा में प्रवेश कर गया। मिशन से उसकी दूरी महज 18 हजार किलोमीटर रह गई है। अब उसे 20 अगस्त से 1 सितंबर के बीच चंद्रमा की चार और कक्षाओं को पार करना होगा।

इस तरह चार कक्षाओं को पार करेगा चंद्रयान
इसरो प्रमुख के सिवन ने बताया कि चंद्रयान-2 बुधवार को से चांद की चार कक्षाओं को पार करना शुरू करेगा। बुधवार दोपहर 1 बजे वह पहली कक्षा लांघेगा। इसके बाद 28 अगस्त, 30 अगस्त तथा फिर 1 सितंबर को चौथी कक्षा पार करेगा। तब चांद से उसकी दूरी 18 हजार किलोमीटर से घटकर बस 100 किलोमीटर रह जाएगी।

Kia Seltos SUV भारत में लॉन्च, कीमत 9.69 लाख से शुरू

0

नई दिल्ली।Kia Seltos SUV आज (गुरुवार) भारत में लॉन्च हो गई। इसकी शुरुआती कीमत 9.69 लाख रुपये है। Seltos दो डिजाइन ऑप्शन में बाजार में उतारी गई है। यह साउथ कोरिया की कंपनी Kia Motors की भारत में पहली कार है। मार्केट में इसकी टक्कर एमजी हेक्टर, टाटा हैरियर और ह्यूंदै क्रेटा जैसी एसयूवी से होगी। सेल्टॉस 7 कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।

सेल्टॉस दो डिजाइन लाइन (टेक लाइन और जीटी लाइन) में आई है। कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में यह पहली बार है, जब कोई मॉडल दो डिजाइन ऑप्शन में उपलब्ध होगा। टेक लाइन ज्यादा प्रीमियम और फैमिली-ओरिएंटेड स्टाइलिंग पैकेज के साथ आई है। जीटी लाइन की स्टाइलिंग स्पोर्टी है, जिससे कंपनी ने युवाओं को टारगेट किया है। टेक लाइन में 5 वेरियंट और जीटी लाइन में 3 वेरियंट के ऑप्शन हैं।

एसयूवी का लुक काफी हद तक ऑटो एक्सपो में पेश किए गए Kia SP कॉन्सेप्ट की तरह है। एसयूवी के फ्रंट में किआ की सिग्नेचर टाइगर नोज ग्रिल दी गई है, जिसके चारों ओर फॉक्स सिल्वर है। इसमें स्लीक एलईडी हेडलैम्प, एलईडी डीआरएल और एलईडी टेल लैम्प्स दिए गए हैं। सेल्टॉस में 17-इंच के अलॉय वील्ज, फ्लोटिंग रूफ, सनरूफ और रूफ रेल्स हैं।

इंटीरियर
कैबिन की बात करें, तो यह 5-सीटर एसयूवी अंदर से प्रीमियम लगती है। इसमें कम बटन के साथ क्लीन दिखने वाला डैशबोर्ड दिया गया है। कैबिन में आपको 10.25 इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम और 8-इंच का हेड्स-अप डिस्प्ले मिलेगा। इसके अलावा इसमें शानदार सीट्स और स्पोर्टी स्टीयरिंग वील दी गई है। एसयूवी में आपको 8-स्पीकर साउंड सिस्टम, स्मार्ट एयर प्यूरिफायर और रियर सीट वाले पैसेंजर्स के लिए एसी वेंट जैसी सुविधाएं हैं।

कनेक्टेड कार
किआ सेल्टॉस कनेक्टेड कार है। इसमें UVO Connect नाम का कनेक्टिविटी सिस्टम है। यूवीओ कनेक्ट सिस्टम में 5 कैटिगरी (नेविगेशन, सेफ्टी-सिक्यॉरिटी, वीइकल मैनेजमेंट, रिमोट कंट्रोल और कन्वीनियेंस) के तहत 37 फीचर्स दिए गए हैं। यह कनेक्ट सिस्टम आपको आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) आधारित वॉयस कमांड, स्टोलेन वीइकल ट्रैकिंग और इम्मोबिलाइजेशन, सेफ्टी अलर्ट, रिमोट इंजन स्टार्ट-स्टॉप और एयर प्यूरिफायर के लिए रिमोट कंट्रोल जैसी सुविधाएं देता है।

सेफ्टी
सेफ्टी के लिए इस एसयूवी में 6-एयरबैग्स, एबीएस, 360 डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी कंट्रोल, वीइकल स्टैबिलिटी मैनेजमेंट, हिल स्टार्ट असिस्ट कंट्रोल, फ्रंट व रियर पार्किंग सेंसर्स, ब्लाइंड स्पॉट व्यू मॉनिटर, सभी चारों वील्ज में डिस्क ब्रेक और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। सेल्टॉस के रियर-व्यू मिरर में तीन बटन हैं, जिनका उपयोग रोड साइड असिस्टेंस बुलाने या इमर्जेंसी में कॉल सेंटर को मेसेज भेजने के लिए किया जा सकता है।

इंजन, माइलेज और स्पीड
किआ सेल्टॉस में इंजन के तीन विकल्प हैं। जिनमें 1.4-लीटर पेट्रोल टर्बोचार्ज्ड, 1.5-लीटर पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन शामिल हैं। ये तीनों इंजन बीएस6 एमिशन नॉर्म्स के अनुरूप हैं।

1.4-लीटर इंजन
सेल्टॉस में दिया गया 1.4-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन 138hp का पावर और 242Nm टॉर्क जनरेट करता है। इस इंजन के साथ 6-स्पीड मैन्युअल और 7-स्पीड ड्यूल क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के ऑप्शन हैं। मैन्युअल ट्रांसमिशन के साथ इसका माइलेज 16.1 किलोमीटर और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ 16.5 किलोमीटर प्रति लीटर है। यह इंजन 9.7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेगा। यह इंजन सिर्फ जीटी लाइन में मिलेगा।

1.5-लीटर पेट्रोल
1.5-लीटर पेट्रोल इंजन 113hp का पावर और 144Nm टॉर्क जनरेट करता है। इस इंजन के साथ 6-स्पीड मैन्युअल और सीवीटी गियरबॉक्स के ऑप्शन हैं। इसका माइलेज मैन्युअल गियरबॉक्स में 16.5 किलोमीटर और सीवीटी गियरबॉक्स के साथ 16.8 किलोमीटर प्रति लीटर है। यह इंजन 11.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेगा।

1.5-लीटर डीजल
सेल्टॉस का 1.5-लीटर डीजल इंजन 113hp का पावर और 250Nm टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 6-स्पीड मैन्युअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के ऑप्शन मिलेंगे। मैन्युअल ट्रांसमिशन के साथ इसका माइलेज 21 किलोमीटर प्रति लीटर और ऑटोमैटिक ट्रांसिमशन के साथ 18 किलोमीटर प्रति लीटर है। यह इंजन 11.5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेगा।

लोकसभा अध्यक्ष बिरला का नागरिक अभिनन्दन समारोह आज

कोटा। कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स एसोसिएशन की ओर से लोकसभा अध्यक्ष एवं सांसद ओम बिरला का नागरिक अभिनन्दन समारोह 27 अगस्त को दोपहर 12.30 बजे सेठ भामाशाह कृषि उपज मंडी प्रांगण पर किया जाएगा। जिसमें शहर की धार्मिक, सामाजिक, औद्योगिक, व्यापारिक, शैक्षणिक, मजदूर एवं किसान संगठन समेत 100 से अधिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे ।

एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी ने गुरुवार को बताया कि समारोह में शहर के सभी जाति, मत, पंथ, सम्प्रदाय और धर्म के 10 हजार से अधिक प्रबुद्धजनों की उपस्थिति रहेगी। वहीं कोटा बूंदी लोकसभा क्षैत्र के सभी राजनैतिक पार्टिंयों से संबद्ध विधायकों को आमंत्रित किया जा रहा है। कार्यक्रम का संयोजक पूर्व विधायक हीरालाल नागर को बनाया गया है। वहीं सारी व्यवस्थाएं सहकारी उपभोक्ता भण्डार के चैयरमेन हरिकृष्ण बिरला के मार्गदर्शन में की जा रही हैं।

महामंत्री महेन्द्र जैन ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के स्वागत के लिए शहर में 121 स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। वहीं 10 हजार लोगों के बैठने के लिए पाण्डाल तैयार कराया जा रहा है। जिसमें विभिन्न संस्थाओं को लेकर अलग अलग ब्लाॅक तैयार कराए गए हैं। कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व सेठ भामाशाह मंडी में तैयार की गई ओम वाटिका में पौधरोपण किया जाएगा। जिसे ‘लंग्स ऑफ़ भामाशाह मंडी’ के रुप में विकसित किया जा रहा है।

इसके बाद बिरला को बग्घी में सवार कर सभा स्थल पर लाया जाएगा। उनके साथ बैण्ड बाजे की धुन पर नाचते गाते पुरुष होंगे तथा कलश धारण किए हुए महिलाएं चलेंगी। पूर्व विधायक हीरालाल नागर ने बताया कि बिरला का भामाशाह मंडी के प्रति विशेष स्नेह रहा है। धनिया और लहसुन से लेकर अन्य उपज में आने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए प्रयासरत रहे। वे व्यापार वृद्धि और किसान समृद्धि का मंत्र लेकर चलते रहे हैं।