Saturday, May 16, 2026
Home Blog Page 4613

CA CPT का रिजल्ट आज आएगा, ऐसे चेक करें

नई दिल्ली। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया, आईसीएआई आज सीए कॉमन प्रोफिशिएंशी टेस्ट (सीपीटी) का अपनी ऑफिशल वेबसाइट पर रिजल्ट जारी करेगा। उपलब्ध सूचना के अनुसार आज यानी 18 जुलाई, 2019 को शाम 6 बजे सीए सीपीटी 2019 का रिजल्ट जारी किया जाएगा।

आधिकारिक सूचना में कहा गया, ‘जून 2019 में आयोजित कॉमन प्रोफिशिएंशी टेस्ट (सीपीटी) का रिजल्ट गुरुवार को घोषित किए जाने की उम्मीद है। 18 जुलाई, 2019 को शाम 6.00 बजे के करीब रिजल्ट आएगा।’

रिजल्ट आने के बाद आप अपना रिजल्ट आईसीएआई की ऑफिशल वेबसाइट icai.org पर चेक कर सकते हैं। रिजल्ट को डाउनलोड भी कर सकते हैं। आईसीएआई ने जून 2019 में अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर सीए सीपीटी का आयोजन किया था। रिजल्ट icaiexam.icai.org, caresults.icai.org और icai.nic.in वेबसाइटों पर भी चेक किया जा सकता है।

मोबाइल पर यूं पाएं अपना रिजल्ट
आप 58888 पर मेसेज भेजकर भी अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। इसके लिए आपको पहले CACPT लिखकर स्पेस देना होगा और फिर अपना रोल नंबर लिखना होगा। जैसे मान लीजिए आपका रोल नंबर 57896 है तो आप मेसेज CACPT 57896 भेजेंगे।

वेबसाइट पर यूं देखें अपना रिजल्ट

  1. आईसीएआई की अथॉराइज्ड वेबसाइट icai.org पर जाएं
  2. होमपेज पर Common Proficiency Test result के लिंक पर क्लिक करें
  3. आप आईसीएआई की वेबसाइट के नए पेज पर पहुंच जाएंगे
  4. अपने सीपीटी रोल नंबर और डेट ऑफ बर्थ का इस्तेमाल करके लॉगिन करें
  5. आपका रिजल्ट स्क्रीन पर आ जाएगा। भविष्य में इस्तेमाल के लिए रिजल्ट को डाउनलोड कर लें

पेट्रोल आज 8 से 12 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ, जानिए कीमत

नई दिल्ली। बुधवार को पेट्रोल की कीमत में किसी प्रकार का कोई बदलाव नहीं किया गया था लेकिन गुरुवार 18 जुलाई को एक बार फिर पेट्रोल की कीमत में 8 से 12 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली और मुंबई में पेट्रोल 8 पैसे तो कोलकाता में 12 पैसे और चेन्नई में 9 पैसे प्रति लीटर की महंगा हुआ है। वहीं डीजल की कीमत आज भी स्थिर है।

बता दें की पिछले सात दिनों से डीजल की कीमत में राहत देखने को मिल रही है। IOCL के मुताबिक, बढ़ी हुई कीमतों के बाद आज दिल्ली और मुंबई में पेट्रोल 73.35 रुपए और 78.96 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। कोलकाता में आज 75.77 रुपए और चेन्नई में 76.1 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल मिल रहा है।

चारों महानगरों में डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। राजधानी दिल्ली में डीजल के दाम क्रमशः 66.24 रुपए, कोलकाता में 68.31 रुपए, मुंबई में 69.43 रुपए और चेन्नई में 69.96 रुपए प्रति लीटर हैं।

लाल निशान में खुले बाजार, सेंसेक्स 72 अंक फिसल कर 39,133 पर

नई दिल्ली। एशियाई बाजारों में सप्ताहांत में छाई मंदी का कारण घरेलू बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ लाल निशान में खुले। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 81 अंकों की गिरावट के साथ 39133 अंकों पर खुला।

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 21 अंकों की गिरावट के साथ 11,666 अंकों पर खुला। सुबह 9.27 बजे सेंसेक्स 72 अंकों की गिरावट के साथ 39,143 अंकों पर और निफ्टी 24 अंकों की गिरावट के साथ 11,662 अंकों पर कारोबार कर रहा है। यस बैंक के शेयरों पर भारी दबाव बना हुआ है। यस बैंक के शेयर सेंसेक्स में 10.77 फीसदी और निफ्टी में 13.01 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।

इन शेयरों में तेजी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में सीजी पावर, क्रिसिल लिमिटेड, सुदर्शन कैमिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड, विप्रो, सद्भाव कॉरपोरेशन लिमिटेड में तेजी का माहौल है। निफ्टी में विप्रो, एनटीपीसी, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, कोल इंडिया में तेजी का माहौल है।

इन शेयरों में मंदी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में यस बैंक, माइंडट्री, कॉक्स एंड किंग्स, टोरंट फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड, केयर रेटिंग में मंदी का माहौल है। निफ्टी में यस बैंक, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, हिंडाल्को, वीईडीएल, इंफोसिस में मंदी का माहौल है।

Toyota Vellfire कार भारत में जल्द होगी लॉन्च, जानिए खूबियां

0

नई दिल्ली। टोयोटा देश में नई कार लाने की तैयारी में है। यह इनोवा से लग्जरी 7 सीट वाली MPV (मल्टी परपज वीइकल) Vellfire होगी। कंपनी ने हाल में Toyota Vellfire को एक प्राइवेट इवेंट में प्रदर्शित किया है। इवेंट में पेश की गई वेलफायर साउथ एशियन मार्केट में बिकने वाले मॉडल की तरह ही है। टोयोटा वेलफायर भारत में CBU (कम्प्लीटली बिल्ट यूनिट) यानी पूरी तरह बनी हुई इंपोर्ट की जा सकती है।

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि टोयोटा के प्राइवेट इवेंट में यह प्रीमियम कार कंपनी के डीलर्स को दिखाई गई है। इवेंट में पेश की गई टोयोटा वेलफायर की कुछ तस्वीरें और इसका ब्रोशर लीक हो गया है। लुक की बात करें, तो इस प्रीमियम एमपीवी में एलईडी डेटाइम रनिंग लाइट्स के साथ स्प्लिट हेडलैम्प्स और मोटी क्रोम पट्टी के साथ क्रोम ग्रिल दी गई है। एमपीवी में बड़ा एयरडैम है, जिसके दोनों ओर ट्राइंग्युलर फॉग लैम्प पॉड्स दिए गए हैं। इसके अलावा इसमें इंटीग्रेटेड टर्न सिग्नल्स के साथ आउट साइड रियर व्यू मिरर्स हैं।

इंटीरियर :टोयोटा की इस प्रीमियम एमपीवी का इंटीरियर ब्लैक कलर में है। इसके डैशबोर्ड पर फॉक्स वुड फिनिश मिलेगा। सेंटर कंसोल के चारों ओर सिल्वर फिनिश दी गई है, जिसमें टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम और एसी मॉड्यूल हैं। इसके अलावा वेलफायर में लेदर-वुडन फिनिश मल्टी-फंक्शन स्टीयरिंग वील और ट्विन-पॉड इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिए गए हैं।

फीचर्स :इस प्रीमियम एमपीवी में वेंटिलेटेड और हीटेड सीट्स मिलेंगी, जिनमें मेमरी और रेक्लाइनिंग की सुविधा होगी। इसके अलावा इसमें लेदर अपहोल्स्ट्री, पावर साइड और रियर डोर, ट्विन मोनोरूफ, सनशेड्स, ऐम्बिएंट लाइटिंग, सीट टेबल्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, पर्सनल स्पॉट लाइट्स और 7-एयरबैग्स जैसे कई फीचर्स मिलेंगे।

पावर: भारत में टोयोटा वेलफायर को 2.5-लीटर, पेट्रोल-हाइब्रिड इंजन के साथ लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। इंजन कंटिन्युअसली वैरिएबल ट्रांसमिशन (CVT) से लैस होगा।

लॉन्चिंग और कीमत
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि टोयोटा की यह लग्जरी 7 सीट वाली कार फेस्टिव सीजन यानी अक्टूबर तक भारतीय बाजार में उतारी जा सकती है। इसकी कीमत 75 लाख रुपये के आसपास होगी। मार्केट में इस शानदार कार की टक्कर मर्सेडीज की प्रीमियम एमपीवी वी-क्लास से होगी।

Xiaomi ने लॉन्च किया 4 कैमरे वाला Mi A3 स्मार्टफोन, जानिए खूबियां

नई दिल्ली। चीन की स्मार्टफोन कंपनी Xiaomi ने अपना नया स्मार्टफोन Mi A3 लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने स्पेन में आयोजित एक इवेंट में इस फोन से पर्दा उठाया। Mi A3 पिछले साल लॉन्च हुए मी A2 का अपग्रेड वर्जन है। इस फोन में 4GB रैम, ट्रिपल रियर कैमरे, 32 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा और क्वॉलकम स्नैपड्रैगन 665 प्रोसेसर जैसी खूबियां दी गई हैं। जानें, फोन की सारी खूबियां, कीमत और उपलब्धता के बारे में….

Xiaomi Mi A3 के स्पेसिफिकेशन्स
ऐंड्रॉयड 9 पाई आउट-ऑफ-द-बॉक्स पर चलने वाले Xiaomi Mi A3 में स्नैपड्रैगन 665 प्रोसेसर का इस्तेमाल किया गया है। फोन में 6.08 इंच एचडी+ एमोलेड डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजॉलूशन 720×1520 पिक्सल है और आस्पेक्ट रेशियो 19:9 है। फोन के टॉप पर कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 5 का प्रोटेक्शन दिया गया है। इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ आने वाले इस फोन में 4GB रैम दी गई है। फोन को 4GB रैम के साथ दो स्टोरेज ऑप्शन 64GB और 128GB के साथ लॉन्च किया गया है।

फोटोग्राफी के लिए फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें एफ/1.79 अपर्चर वाला 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर, वाइड-एंगल लेंस के साथ 8 मेगापिक्सल का सेकंडरी सेंसर और डेप्थ सेंसिंग के लिए 2 मेगापिक्सल का कैमरा सेंसर दिया गया है। सेल्फी के लिए फोन में 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।

फोन को पावर देने के लिए 4,030 एमएएच की बैटरी है। कनेक्टिविटी के लिए फोन में 4G वीओएलटीई, जीपीएस/ए-जीपीएस, यूएसबी टाइप-सी, वाई-फाई, ब्लूटूथ और 3.5 मिलीमीटर हेडफोन जैक जैसे ऑप्शन दिए गए हैं।

जानें, क्या है Mi A3 की कीमत
स्पेन में Mi A3 कीमत 249 यूरो (लगभग 19,200 रुपये) रखी गई है। यह कीमत इसके 4GB+64GB स्टोरेज वेरियंट की है। वहीं, इसके 4GB+128GB स्टोरेज वेरियंट की कीमत 279 यूरो (लगभग 21,500 रुपये) रखी गई है। ब्लू, वाइट और ग्रे कलर में आने वाला यह फोन 24 जुलाई से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।

इनकम टैक्स रिटर्न में मकान किराए की फर्जी रसीद लगाना पड़ेगा महंगा

नई दिल्ली। इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करते वक्त टैक्स बचाने के लिए लोग घर किराए की फर्जी रसीद लगा देते हैं। लेकिन अब इससे परहेज करना होगा, क्योंकि ऐसा करने पर आपको इनकम टैक्स का नोटिस मिल सकता है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ऐसी गतिविधियों पर इस असेसमेंट ईयर (मूल्यांकन वर्ष) से लगाम लगाने जा रहा है।

इनकम टैक्स के नए आईटीआर फार्म और संशोधित फार्म 16 को इस तरह से डिजाइन किया गया है, जिसमें गलत डॉक्यूमेंट लगाने वालों की कंप्यूटर आधारित प्रक्रिया से पहचान की जाएगी। अगर किसी भी डाटा का मिलान सही नहीं पाया गया, तो आपको इनकम टैक्स विभाग का नोटिस मिल सकता है।

डाटा की इलेक्ट्रानिक मैचिंग
नया फार्म 16 से इनकम टैक्स विभाग इलेक्ट्रानिक मैचिंग के जरिए फॉर्म में दर्ज किए गए डाटा का मिलान करेगा। फार्म में भरे गए डाटा का कई सोर्स से मिलान किया जाएगा। साथ नए आईटीआर फॉर्म में एक ड्राप डाउन कॉलम दिया गया है, जिसमें टैक्सपेयर अतिरिक्त भत्तों की डिटेल दर्ज कर सकेंगे।

इससे अन्य भत्ते जैसे एचआरए, एलटीए, पेंशन लीव सैलरी अलग रहेंगे। अक्सर देखा जाता है टैक्सपेयर का घर होने के बाद भी एचआरए की डिटेल दर्ज की जाती है। दरअसल एक लाख के सालाना किराए पर मकान मालिक की पैन डिटेल नहीं देनी होती है। टैक्सपेयर इसी का फायदा उठाते हैं।

कॅरियर सिटी की बैसाखियों से मेडिकल कॉलेज की सीढ़ियां चढ़ा दिव्यांग साजन

कोटा। कॅरियर सिटी कोटा हर वर्ष हजारों स्टूडेंट्स का कॅरियर बना रहा है। इसमें कई प्रतिभावान ऐसे भी होते हैं जो अभावों से संघर्ष करते हुए आगे बढ़ते हैं और इनका सहारा कोटा शहर के कोचिंग संस्थान बनते हैं। ऐसा ही उदाहरण एक बार फिर सामने आया है साजन कुमार के रूप में। साजन ने अपनी शारीरिक दुर्बलता को पीछे छोड़ते हुए कड़ी मेहनत से खुद को साबित किया और मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट क्रेक की।

दोनों पैरों से चलने में अक्षम दिव्यांग साजन की बैसाखी एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट बना। एलन द्वारा न केवल साजन को पढ़ाई में मदद की गई, वरन उसे घर से लाने व ले जाने के लिए भी वाहन की व्यवस्था की गई। पढ़ाई के दौरान भी उसे क्लास तक पहुंचाने व हर कदम पर सहारा दिया गया। नीट काउसंलिंग में साजन को गर्वनमेन्ट मेडिकल कॉलेज बेतिया में एडमिशन मिला है। डॉक्टर बनने के बाद साजन दिव्यांगों का इलाज व मदद करने की चाह रखता है।

साजन का मानना है कि दिव्यांगता एक अभिशाप नहीं, बल्कि चुनौती है। दृढ़ संकल्प एवं मजबूत आत्मविश्वास से इसका सामना करना चाहिए। मेरे स्थिति देखकर कई लोगों ने पापा को कोटा न भेजने की सलाह दी लेकिन उन्होंने मुझमें विश्वास रखा और मैंने उनके और अपने शिक्षकों के विश्वास पर खरा उतरने के लिए हर कोशिश की।

पिता ने जमीन गिरवी रखी
जन्म से ही दोनों पैरों से अक्षम साजन के परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। पिता लाल बहादुर रॉय जेरोक्स की दुकान संचालित करते हैं। मां पुनीता देवी गृहिणी है। साजन ने बताया कि थोड़ी बहुत जमा पूंजी थी, वो पापा ने मेरे इलाज में लगा दी। बैसाखी की मदद से चल पाता हूं। 10वीं तक की पढ़ाई पापा ने जैसे तैसे प्राइवेट स्कूल में कराई।

10वीं कक्षा 83 एवं 12वीं में 63 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। मात्र एक बीघा जमीन थी, जिससे घर में चार-पांच महीने जितना अनाज पैदा हो जाता था। मुझे पढ़ाई करने के लिए कोटा आना था। जिसका खर्चा वहन करना पापा के लिए काफी मुश्किल था लेकिन, मेरी लगन को देखते हुए उन्होने जमीन गिरवी रख पैसा उधार लिया और मुझे पढ़ने के लिए कोटा भेजा।

फेकल्टीज ने मुझे मोटिवेट किया
साजन ने बताया कि एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट में पढ़ाई के दौरान कई बार नर्वस हो जाता था लेकिन फेकल्टीज ने मुझे मोटिवेट किया। रोजाना पढ़ाई के लिए हॉस्टल से एलन तक आने-जाने के लिए संस्थान की ओर से वाहन सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। मुझे क्लास तक पहुंचाने के लिए भी एलन स्टाफ तत्पर रहता था। मुझे कभी ऐसा अहसास नहीं हुआ कि मैं घर से हजारों किलोमीटर दूर किसी अन्य शहर में हूं।

न्यूरोलॉजिस्ट बनने की चाह
साजन का कहना है कि अब एमबीबीएस करने के बाद न्यूरोलॉजी में एमबीबीएस करना चाहूंगा। शारीरिक रूप से अक्षम होने के कारण कई तरह की दिक्कतों का सामना तो करना पड़ता है लेकिन यदि मजबूत इरादें हो तो मंजिल दूर नहीं होती। एमबीबीएस के बाद न्यूरोलॉजी में पीजी करना चाहता हूं।

साईं बाबा की पालकी स्टेशन क्षेत्र में कल शोभायात्रा के साथ निकलेगी

कोटा। शिव मण्डल विकास समिति एवं साईं सेवा समिति शिव मंदिर रेलवे काॅलोनी कोटा जंक्शन के तत्वावधान में शुक्रवार को साईं बाबा की पालकी निकाली जाएगी। पालकी दोपहर 2 बजे से शिव मंदिर प्रांगण वर्कशाॅप काॅलोनी से प्रारंभ होगी।

साईं बाबा की पालकी डेयरी चौराहा, तुल्लापुरा चैराहा, ऋणमुक्तेश्वर महादेव, अण्डरब्रिज, रेलवे स्टेशन, मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय, राम मंदिर, सनफ्लावर रेस्टोरेंट, मेन बाजार, शीतला चैक, भीमगंजमण्डी थाना, रंगपुर रोड, ओवरब्रिज, आरई काॅलोनी, हरिजन बस्ती, उड़िया बस्ती, रेलवे काॅलोनी होते हुए शिव मंदिर पर ही सम्पन्न होगी।

शिव मण्डल विकास समिति के अध्यक्ष प्रतापभान सिंह ने बताया कि शोभायात्रा में ढोल, 4 बैण्ड, बग्गी, शिव दरबार, राम दरबार, राधा कृष्ण, साईं बाबा समेत 4 झांकियां, ऊंटगाडी, 2 डीजे साउण्ड समेत भजन कीर्तन मण्डलियां तथा डांडियां की टोलियां गाते बजाते हुए चलेंगी। विभिन्न स्थानों पर भक्तों के द्वारा खाने पीने के स्टाॅल लगाए जाएंगे तथा जगह जगह तोरण द्वार सजाए जाएंगे।

मंदिर प्रांगण पहुंचने पर महाआरती और प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को विभिन्न आयोजन धूमधाम से आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के तहत प्रातः 7.30 बजे पंचामृत अभिषेक तथा प्रातः 9.30 बजे से साईं कीर्तन किया जाएगा तथा दोपहर 12 बजे महाआरती होगी।

उन्होंने बताया कि रेलवे काॅलोनी स्थित शिव मंदिर प्रांगण में वर्ष 2011 में साईं बाबा की मूर्ति स्थापित की गई थी। इस मंदिर की मान्यता है कि साईं भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यहां प्रत्येक बृहस्पतिवार को शिवभक्तों केे द्वारा खिचड़ी तथा खीर का प्रसाद वितरित किया जाता है। जिसमें सैकड़ों की संख्या में भक्त प्रसाद पाने के लिए आते हैं।

श्रीजी का अभिषेक किया, वीर शासन जयंती मनाई

कोटा। दिगंबर जैन समाज द्वारा आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी के पावन सान्निध्य में बुधवार को वीर शासन जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महावीर नगर विस्तार में स्थित जिनालय में प्रातःकाल मांगलिक क्रियाओं के साथ दिव्यमंत्रों से जिनेन्द्र देव का अभिषेक, शांतिधारा, अष्टद्रव्यों से भगवान महावीर के पूजन, आरती सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए।

इस दौरान जिनालय परिसर भगवान महावीर के जयकारों से गूंज उठा। वहीं आर्यिका सुयोग्यनन्दिनी माताजी के निर्देशन मे मूलनायक तीर्थंकर विधान का भी आयोजन किया गया। विधान में इंद्र-इंद्राणियों ने अष्ट द्रव्य जल, चंदन, अक्षत, पुष्प, दीप, धूप, फल और अध्र्य के थाल सजाकर संगीतमय पूजा अर्चना की।

वीर शासन जयंती के पावन अवसर पर दिगंबर जैन मन्दिर विस्तार योजना में मांगलिक क्रियाओं के साथ जिनेन्द्र देव का अभिषेक कर विश्व की सुख-समृद्धि शांति की कामना की गई। जिनेन्द्र देव के अभिषेक के उपरांत इन्द्र-इन्द्राणियों ने भक्ति पूर्वक भगवान महावीर की अष्टद्रव्यों से संगीतमयी पूजन कर आरती की गई। पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के जयकारे भजनों की मधुर स्वरलहरियों पर नाच-गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

‘उड़ती पुरवैया संदेशो म्हारो लेती जाजे… कितना सुहाना वो दिन होगा, जिस दिन प्रभुजी तेरा दर्शन होगा…. पिच्छी रे पिच्छी ये तो बता तूने कौनसा पुण्य किया है…’’ सरीखे भजनों पर भक्त भावविभोर होकर नृत्य करते रहे। वहीं मंदिर की परिक्रमा करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

इस अवसर पर आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी ने वीर शासन (भगवान महावीर शासन) जयंती पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के दिन भगवान महावीर की दिव्यध्वनि बिखरी थी। महा अतिवीर भगवान महावीर स्वामी की वीर शासन जयंती, वीरों का पर्व है। इस जगत में पूजनीय वही हुए जो वीर हैं और जो पूजनीय हैं उनका ही शासन होना चाहिए। महावीर स्वामी ने इस जगत को संस्कार और सम्मान के शब्दों से अलंकृत किया है।

महावीर स्वामी की दिव्य वाणी ही है जिसकी बदौलत संस्कारों को सम्मान और पूजनीय स्थान मिलता है। इस अवसर पर हुकुमचंद हरसौरा, सकल दिगम्बर जैन समाज के कार्याध्यक्ष जेके जैन, रमेशचन्द दौराया, पारसचन्द ठग, पदमचन्द जैन, पावन वर्षायोग समिति के अध्यक्ष अनिल जैन दोराया, महामंत्री पारस जैन, कार्याध्यक्ष पवन ठोला, कैलाश जेठानीवाल, अनिल चेलावत समेत कईं लोग मौजूद रहे।

सरकारी नौकरियों में एससी, एसटी का प्रतिनिधित्व तय आरक्षण से ज्यादा

नई दिल्ली। केंद्र सरकार की नौकरियों में एससी और एसटी समुदाय से आने वाले लोगों का प्रतिनिधित्व उनके लिए तय प्रतिशत से ज्यादा है। हालांकि, अन्य पिछड़ा वर्ग का प्रतिनिधित्व उनके लिए तय प्रतिशत से कम है। सरकार ने बुधवार को लोकसभा को यह जानकारी दी।

एक लिखित सवाल के जवाब में कार्मिक मंत्रालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि सितंबर 1993 में ओबीसी के लिए आरक्षण लागू होने के बाद से उनका प्रतिनिधित्व बढ़ रहा है। सिंह ने कहा, ‘उपलब्ध सूचनाओं के मुताबिक 1 जनवरी 2012 को ओबीसी का प्रतिनिधित्व 16.55 प्रतिशत था जो 1 जनवरी 2016 को बढ़कर 21.57 प्रतिशत हो गया।’

जितेंद्र सिंह ने कहा कि 78 मंत्रालयों और विभागों ने जानकारी दी कि 1 जनवरी 2016 तक केंद्र सरकार की नौकरियों में एससी, एसटी और ओबीसी का प्रतिनिधित्व क्रमशः 17.49 प्रतिशत, 8.47 प्रतिशत और 21.57 प्रतिशत था।

केंद्रीय मंत्री ने बताया, ‘एससी और एसटी का प्रतिनिधित्व उनके लिए तय आरक्षण (क्रमशः 15 प्रतिशत और 7.5 प्रतिशत) से ज्यादा है। केंद्र सरकार की नौकरियों में ओबीसी का प्रतिनिधित्व 21.57 प्रतिशत है जो उनके लिए तय आरक्षण (27 प्रतिशत) की तुलना में कम है। ‘

जितेंद्र सिंह ने बताया कि 1 जनवरी 2016 तक 79 मंत्रालयों और विभागों में से 78 ने एससी, एसटी और ओबीसी के प्रतिनिधित्व से जुड़े आंकड़े पेश किए थे। 1 जनवरी 2017 और 1 जनवरी 2018 को 75 में से 61 प्रशासनिक मंत्रालयों और विभागों ने इस तरह के आंकड़े पेश किए थे। सिंह ने बताया कि कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग 10 मंत्रालयों और विभागों की निगरानी करता है जो केंद्र सरकार की कुल नौकरियों का 90 प्रतिशत देते हैं।

इन मंत्रालयों द्वारा पेश किए गए आंकड़ों के मुताबिक आरक्षित श्रेणी की कुल 92,589 रिक्तियां बैकलॉग में थीं। इनमें से एससी के लिए 29,198, एसटी के लिए 22,829 और ओबीसी के लिए 40,562 रिक्तियां बैकलॉग में थीं। 1 अप्रैल 2012 से 31 दिसंबर 2016 की अवधि के दौरान इनमें से 63,876 रिक्तियों को भर दिया गया था।

जितेंद्र सिंह ने बताया कि 1 जनवरी 2017 तक बची हुईं 28,713 बैकलॉग रिक्तियां नहीं भरी जा सकी थीं। इनमें एससी की 8,223, एससी की 6,955 और ओबीसी की 13,535 बैकलॉग रिक्तियां हैं। ये 10 मंत्रालय और विभाग हैं- डाक, रक्षा उत्पादन, वित्तीय सेवाएं, परमाणु ऊर्जा, रक्षा, राजस्व, रेलवे, हाउजिंग ऐंड अर्बन अफेयर्स, मानव संसाधन और गृह मंत्रालय।

मंत्री ने बताया कि इन 10 में 5 मंत्रालयों और विभागों में 21,499 बैकलॉग रिक्तियों में से 12,334 को 31 दिसंबर 2017 तक भरा जा चुका था। 1 जनवरी 2018 तक बैकलॉग रिक्तियों में से 9,165 नहीं भरी जा सकी थीं।