Friday, June 19, 2026
Home Blog Page 46

Stock Market: एनबीएफसी शेयरों के बूते सेंसेक्स 232 अंक चढ़कर 75400 के पार बंद

नई दिल्ली। Stock Market Closed: घरेलू शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन उतार-चढ़ाव के बावजूद हरे निशान पर बंद होने में सफल रहे।

बैंकिंग और वित्तीय सेवा शेयरों में बढ़त के कारण सेंसेक्स 231.99 (0.30%) अंक मजबूत होकर 75,415.35 के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी 64.60 (0.27%) अंक चढ़कर 23,719.30 के स्तर पर पहुंचने में सफल रहा।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 332.39 अंक चढ़कर 75,507.09 पर पहुंच गया; निफ्टी 84.60 अंक बढ़कर 23,747.40 पर पहुंच गया था। बाजार विशेषज्ञों ने संस्थागत निवेश रुझानों और आगामी व्युत्पन्न अनुबंध समाप्ति के कारण सतर्क दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी है।

सेंसेक्स में आज 30 में से 17 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए हैं। टाटा ट्रेंट के शेयरों में सबसे अधिक 3 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। वहीं, एक्सिस बैंक का शेयर 2 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 1.91 प्रतिशत चढ़ चुका है। दूसरी तरफ सनफार्मा, आईटीसी, पावरग्रिड के शेयरों में 1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखने को मिली।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 77 अंकों की बढ़त के साथ 75260 पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी महज 16 अंक ऊपर 23671 पर खुला।

8000mAh बैटरी, 50MP सेल्फी मिरर कैमरे के साथ रियलमी का वाटरप्रूफ फोन लॉन्च

नई दिल्ली। Realme 16T smartphone: रियलमी ने आज भारत में Realme 16T को लॉन्च किया है। नए स्मार्टफोन में 144Hz डिस्प्ले, 50 मेगापिक्सल का Sony IMX852 रियर कैमरा और 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट वाली 8,000mAh बैटरी दी गई है।

Realme ने इस फोन में AI पोर्ट्रेट ग्लो और AI इंस्टेंट क्लिप जैसे कई AI-पावर्ड कैमरा फीचर्स भी पेश किए हैं। साथ ही IP69 रेटिंग के साथ धूल और पानी से सुरक्षा और मिलिट्री-ग्रेड शॉक प्रोटेक्शन जैसी ड्यूरेबिलिटी फीचर्स भी जोड़े गए हैं। आइये डिटेल में आपको बताते हैं फोन की कीमत और फीचर्स:

भारत में कीमत
Realme 16T को कंपनी ने तीन स्टोरेज वैरिएंट में लॉन्च किया है। फोन का बसे 6GB रैम + 128GB स्टोरेज वेरिएंट 29,999 रुपये से शुरू होता है। 8GB रैम + 128GB वेरिएंट की कीमत 31,999 रुपये है, जबकि 8GB रैम + 256GB वेरिएंट की कीमत 34,999 रुपये है। यह हैंडसेट स्टारलाइट ब्लैक, स्टारलाइट ब्लू और स्टारलाइट रेड रंगों में उपलब्ध है। इसे फ्लिपकार्ट और रियलमी इंडिया की वेबसाइट से खरीदा जा सकता है।

फर्स्ट सेल डेट और ऑफर्स
Realme 16T के लिए प्री-बुकिंग 26 मई तक खुली है। पहली सेल 27 मई को दोपहर 12 बजे शुरू होगी और 2 जून तक चलेगी। फ्लिपकार्ट और Realme.com पर लॉन्च ऑफर के तहत, खरीदार क्रेडिट कार्ड EMI पर 3,000 रुपये तक की तत्काल छूट या बैंक और UPI के जरिए 2,000 रुपये तक के ऑफर का लाभ उठा सकते हैं। कंपनी मौजूदा रियलमी यूजर्स को 12 महीने तक की नो-कॉस्ट EMI और 1,000 रुपये का अतिरिक्त लाभ भी दे रही है। इसी तरह के ऑफर मुख्य रिटेल स्टोर्स पर भी उपलब्ध हैं, साथ ही प्री-बुकिंग गिफ्ट भी दिया जा रहा है।

फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स
Realme 16T में 6.8 इंच की एलसीडी स्क्रीन है, जिसमें 144Hz रिफ्रेश रेट, 90.4 प्रतिशत स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो, और 1200 nits तक की हाई-ब्राइटनेस मोड ब्राइटनेस है। पैनल में सन डिस्प्ले, फुल-ब्राइटनेस डीसी डिमिंग, ऑटोमैटिक और मैनुअल ब्राइटनेस एडजस्टमेंट, आई प्रोटेक्शन मोड, स्लीप मोड, डार्क मोड, कलर टेम्परेचर एडजस्टमेंट जैसे फीचर्स भी हैं।

इस फोन में MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट दिया है, जो 12GB तक LPDDR4X रैम और 256GB तक UFS 2.2 ऑनबोर्ड स्टोरेज के साथ आता है। यह Android 16 पर आधारित Realme UI 7 के साथ आता है और इसमें स्प्लिट-स्क्रीन मल्टीटास्किंग, फ्लोटिंग विंडो, स्क्रीन रिकॉर्डिंग जैसे फीचर्स शामिल हैं।

कैमरे की बात करें तो, Realme 16T में f/1.8 अपर्चर और ऑटोफोकस सपोर्ट वाला 50 मेगापिक्सल का Sony IMX852 प्राइमरी रियर कैमरा है, साथ ही f/2.4 अपर्चर वाला 2 मेगापिक्सल का मोनोक्रोम सेंसर भी है। हैंडसेट में रियर सेल्फी मिरर फीचर है, जिससे रियर कैमरे से सेल्फी लेते समय खुद को देख सकते हैं। फोन में 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है।

Realme 16T में 1115 अल्ट्रा-लीनियर स्पीकर है और यह 400 प्रतिशत अल्ट्रा वॉल्यूम मोड को सपोर्ट करता है। Realme 16T में धूल और पानी से बचाव के लिए IP69 रेटिंग और मिलिट्री-ग्रेड शॉक-रेसिस्टेंस सर्टिफिकेशन है। फोन में पांडा ग्लास प्रोटेक्शन है और इसमें पहले से ही स्क्रीन प्रोटेक्टर लगा हुआ आता है।

Realme 16T में 8,000mAh की बैटरी है जो 45W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। हैंडसेट बाईपास चार्जिंग और 6.5W तक की वायर्ड रिवर्स चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है। Realme का दावा है कि इसकी बैटरी एक बार चार्ज करने पर तीन दिन तक चल सकती है। कंपनी के अनुसार, इसे पूरी तरह चार्ज होने में लगभग 104 मिनट लगते हैं।

Gold Price Today: सोना 593 रुपये सस्ता, चांदी में उछाल, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: बुलियंस मार्केट में आज सोने की कीमतों में जहां एक तरफ गिरावट देखने को मिली है। वहीं, चांदी की कीमतों में उछाल दर्ज की गई है।

इंडियन बुलियंस ज्वैलर्स एसोसिएशन की रिपोर्ट के अनुसार आज शुक्रवार को 24 कैरेट गोल्ड का रेट 158354 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है। इससे पहले गुरुवार को बुलियंस मार्केट में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 158947 रुपये प्रति 10 ग्राम था। कल के मुकाबले आज सोने की कीमतों में 593 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है।

आज सोने के उलट चांदी की कीमोतों में तेजी देखने को मिली है। 1 किलोग्राम चांदी का रेट कल के मुकाबले आज 1625 रुपये बढ़ चुका है। कल यानी गुरुवार को बुलियंस मार्केट में सिल्वर का रेट 265808 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

आज शुक्रवार बुलियंस मार्केट में 23 कैरेट गोल्ड का रेट 157720 रुपये प्रति 10 ग्राम है। 22 कैरेट गोल्ड का रेट 145052 रुपये प्रति 10 ग्राम, 18 कैरेट गोल्ड का रेट 118766 रुपये प्रति 10 ग्राम था। 14 कैरेट गोल्ड का रेट 92637 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

सरकार गोल्ड के आयात को लेकर काफी सख्ती दिखा रही है। बीते हफ्ते केंद्र सरकार ने गोल्ड पर लगने वाली इंपोर्ट ड्यूटी को 6 प्रतिशत बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया था। यानी भारत में विदेशों से गोल्ड मंगाना काफी महंगा हो गया है।

सरकार को इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने का फैसला मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए लेना पड़ा है। युद्ध की वजह से दुनिया भर में अस्थिरता का माहौल है। शेयर बाजार से लेकर सोने के मार्केट तक हर जगह काफी उथल-पुथल मची हुई है। ऐसी परिस्थिती में सरकार अपने फॉरेक्स रिजर्व को सुरक्षित रखना चाह रही है।

बाप रे! सोने से भी महंगा है यह आम, कोई यकीन नहीं करेगा

नई दिल्‍ली। ओडिशा के मलकानगिरी जिले के एक किसान ने कमाल कर दिया है। उन्‍होंने आम की एक ऐसी किस्‍म उगा दी है जो कीमत में सोने को टक्‍कर देती है। आम की इस खास किस्‍म का नाम ‘मियाजाकी’ है।

तमसा गांव के किसान देबा पधियामी ने इस रेयर वैरायटी को उगाने में सफलता हासिल की है। इसे दुनिया की सबसे महंगी आम की किस्मों में से एक बताया जाता है। इंटरनेशनल मार्केट में उम्‍दा क्‍वालिटी के मियाजाकी आम लगभग 3 लाख रुपये प्रति किलो तक की कीमत में बिकते हैं।

अब देबा के बगीचे में आस-पास के गांव के लोगों का तांता लग रहा है। वे इस आम की एक झलक पाने की चाहत में वहां पहुंच रहे हैं। खुद देबा को भी नहीं पता कि उन्‍हें इसे कैसे बेचना है। फिलहाल वह इन आमों की दिन-रात रखवाली करने में जुटे हैं। आइए, यहां देबा पधियामी की पूरी कहानी के बारे में जानते हैं।

मियाजाकी आम मूल रूप से जापान के मियाजाकी प्रांत का है। इसे लोकप्रिय रूप से ‘ताइयो नो तामागो’ के नाम से जाना जाता है। इसका मतलब है – सूरज का अंडा। यह फल अपने गहरे लाल-बैंगनी रंग, भरपूर मिठास और चिकनी बनावट के लिए मशहूर है।

स्थानीय बाजारों में बिकने वाले आमों के उलट जापान में मियाजाकी आमों को एक लग्‍जरी उपज माना जाता है। चुने हुए फलों की बहुत ऊंची कीमतों पर नीलामी होती है। अक्सर इन्हें महंगे तोहफों के तौर पर खरीदा जाता है। अब ओडिशा के तमसा गांव निवासी देबा पधियामी ने इसे अपने यहां उगाने में कामयाबी हासिल की है

देबा पधियामी को आम का यह पौधा लगभग चार साल पहले एक समाज-सेवी से मिला था। ओडिशा की मुश्किल जलवायु में कई सालों तक इस पौधे की देखभाल करने के बाद आखिरकार इस पेड़ पर फल लगने शुरू हो गए हैं। अब किसान का छोटा सा बगीचा इस पूरे इलाके में कौतूहल का केंद्र बन गया है। लोग दूर-दूर से उनके पास पहुंच रहे हैं।

इन आमों पर लोगों का ध्यान जाने से अब डर भी पैदा हो गया है। देबा का कहना है कि उन्‍होंने रात में पेड़ के पास ही सोना शुरू कर दिया है। वजह यह है कि उन्‍हें डर है कि कहीं कोई इस रेयर वैरायटी को चुरा न ले।

टहनियों पर लटकते पकते फलों को देखते हुए वह कहते हैं- ‘मैं आजकल इस बगीचे की रखवाली कर रहा हूं। ये आम बहुत कीमती हैं।’ आस-पास के गांवों के लोग इन अनोखे आमों की एक झलक पाने के लिए इस बगीचे में पहुंच रहे हैं। इससे इस फसल को लेकर उत्साह और चिंता दोनों ही बढ़ गई हैं।

लग्‍जरी मार्केट से जुड़े इस फल को उगाने के बावजूद देबा को अभी तक यह नहीं पता कि अपनी इस उपलब्धि को कमाई में कैसे बदला जाए। उन्‍हें फलों की कीमत तय करने, उनकी पैकिंग करने, उन्हें एक जगह से दूसरी जगह भेजने या फिर ऐसे खरीदारों को ढूंढने के बारे में बहुत कम जानकारी है, जो इन फलों के लिए इतनी ज्‍यादा कीमत चुकाने को तैयार हों।

हालांकि, जापान में मियाजाकी आमों की कीमतें बहुत ज्‍यादा हो सकती हैं। लेकिन, ये कीमतें खेती के सख्त मानकों, ब्रांडिंग और एक्सपोर्ट-क्वालिटी सर्टिफिकेशन से जुड़ी होती हैं। सही मार्केटिंग और सप्लाई चेन के बिना भारत में उगाए गए आमों को अपने-आप ही लाखों रुपये प्रति किलो की कीमत नहीं मिल सकती।

फिलहाल, देबा का फोकस अपने पेड़ पर लटके फलों को बचाने पर है। उन्‍हें पक्का नहीं पता कि ये फल उनकी जिंदगी बदल देंगे या फिर ओडिशा के किसी दूरदराज के गांव की एक अनोखी कहानी बनकर रह जाएंगे।

पेट्रोल-डीजल के लिए मारामारी खत्म; भारत ने निकाला होर्मुज का तोड़, जानिए कैसे

नई दिल्ली। ईरान युद्ध के बीच भारत के लिए अच्छी खबर है। मई में भारत का कच्चे तेल का आयात अप्रैल की तुलना में 8 फीसदी बढ़ गया है। हालांकि यह फरवरी की तुलना में 5 फीसदी कम है।

मई में वेनेजुएला भारत का तीसरा बड़ा सप्लायर बनकर उभरा है जबकि सऊदी अरब और अमेरिका पीछे खिसक गए हैं। रूस अब भी भारत का सबसे बड़ा सप्लायर बना हुआ है जबकि यूएई दूसरे नंबर पर है।

वेनेजुएला का तेल हेवी ग्रेड का माना जाता है और सस्ता है। रिलायंस इंडस्ट्रीज और दूसरी कंपनियां जमकर वेनेजुएला से तेल की खरीद कर रही हैं।

ईटी की एक रिपोर्ट में एनर्जी कार्गो ट्रैकर Kpler के हवाले से यह दावा किया गया है। इसके मुताबिक इस महीने भारत ने वेनेजुएला से रोजाना 417,000 बैरल कच्चा तेल मंगाया है जबकि अप्रैल में यह आंकड़ा 283,000 बैरल था। अमेरिका ने जनवरी में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिया था। इसके बाद वेनेजुएला के तेल निर्यात पर लगी पाबंदियां हटाई गई थीं। भारत ने पिछले महीने वेनेजुएला से तेल की खरीद शुरू की थी।

मई में अब तक भारत का तेल आयात पिछले महीने के मुकाबले 8% बढ़कर रोजाना 4.9 मिलियन बैरल पहुंच गया। हालांकि यह फरवरी की तुलना में अब भी 5 फीसदी कम है। उस महीने भारत ने रोजाना 5.2 मिलियन बैरल कच्चे तेल का आयात किया था। यह ईरान युद्ध से पहले की बात है।

28 फरवरी को ईरान युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज की खाड़ी से तेल की सप्लाई बाधित हुई है। इससे दुनिया का अब तक का सबसे बड़ा तेल संकट माना जा रहा है क्योंकि दुनिया का 20 फीसदी तेल यहीं से गुजरता है।

Kpler के लीड एनालिस्ट-रिफाइनिंग निखिल दुबे ने कहा कि ऐतिहासिक रूप से भारतीय कंपनियों की वेनेजुएला के तेल में काफी दिलचस्पी रही है क्योंकि इसकी कीमत कम है।

वेनेजुएला का तेल खासकर रिलायंस इंडस्ट्रीज की गुजरात में स्थित एडवांस्ड रिफाइनरी को सूट करता है। भारत की बाकी रिफाइनरीज हाई-सल्फर वाले हेवी ग्रेड तेल को कुछ हद तक ही प्रोसेस कर सकती हैं।

सऊदी अरब से आयात
भारत ने सात साल बाद ईरान से भी अप्रैल में तेल का आयात शुरू कर दिया था। लेकिन अब वहां से सप्लाई बंद हो चुकी है। अमेरिका ने ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी कर रखी है। इस कारण इस महीने अब तक वहां से कोई भी जहाज भारत नहीं आया है। हालांकि इराक से कुछ जहाज इस महीने भारत आए हैं। अप्रैल में वहां से कोई भी जहाज भारत नहीं आया था। इराक से इस महीने रोजाना भारत को 51,000 बैरल तेल मिला है जबकि फरवरी में यह आंकड़ा 969,000 बैरल थी।

ईरान युद्ध से पहले सऊदी अरब भारत का तीसरा बड़ा सप्लायर था। लेकिन महीने वहां से रोजाना 340,000 बैरल कच्चा तेल भारत आया जो पिछले महीने की तुलना में करीब आधा है। अप्रैल में सऊदी अरब से रोजाना 670,000 बैरल तेल मिला था। इसकी वजह यह है कि सऊदी अरब के तेल की कीमत में काफी तेजी आई है। कच्चे तेल की कीमत आज 1.45 फीसदी तेजी के साथ 104.1 डॉलर प्रति बैरल पर है। हालांकि इंडियन बास्केट 3.07 फीसदी गिरावट के साथ 108.9 डॉलर प्रति बैरल पर है।

Cash Trand: भारत में नकदी का चलन फिर बढ़ रहा है, रिजर्व बैंक की रिपोर्ट

नई दिल्ली। Cash Flow Trand: मुद्रा के परिचालन में जबरदस्त तेजी बनी हुई है। भारतीय रिजर्व बैंक के जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार मुद्रा का परिचालन 15 मई तक सालाना आधार पर 11.5 प्रतिशत बढ़कर 42.86 लाख करोड़ रुपये हो गया। यह रिकॉर्ड उच्च स्तर है।

निरपेक्ष शब्दों में, वित्त वर्ष 2026-27 के पहले डेढ़ महीनों में मुद्रा के परिचालन में 1.15 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। यह डिजिटल भुगतान में निरंतर वृद्धि के बावजूद नकदी की निरंतर मांग को दर्शाता है।

मु्द्रा का परिचालन 31 मार्च, 2026 तक सालाना आधार पर 11.9 प्रतिशत बढ़कर 41.47 लाख करोड़ रुपये था जबकि यह एक साल पहले 32.24 लाख करो़ड़ रुपये था। अर्थशास्त्रियों ने नकदी रखने में वृद्धि के लिए कई कारकों को जिम्मेदार ठहराया है।

इनमें चुनाव-संबंधी खर्च, ग्रामीण गतिविधियों में मजबूती, मुद्रास्फीति और वित्तीय संपत्तियों में अस्थिरता के बीच नकदी की उच्च एहतियाती मांग शामिल है। बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य अर्थशास्त्री मदन सबनवीस ने कहा, ‘पिछले कुछ महीनों में परिचालन में मुद्रा में वृद्धि कई कारकों से प्रेरित प्रतीत होती है।

नकदी अभी भी बड़ी संख्या में लेन-देन के लिए पसंदीदा माध्यम बनी हुई है जबकि चुनाव-संबंधी खर्च भी आम तौर पर मतदान अवधि से पहले मुद्रा की मांग में वृद्धि का कारण बनता है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘इसके अलावा, वित्तीय संपत्तियों में अस्थिरता के बीच परिवार मूल्य के एहतियाती भंडार के रूप में अधिक नकदी रख रहे हैं और इससे मुद्रा में परिचालन को बढ़ावा मिला है।

विश्लेषकों ने उच्च नकदी उपयोग का समर्थन करने वाले कारकों के रूप में ग्रामीण आय में सुधार और मजबूत ग्रामीण मांग के रुझानों की ओर भी इशारा किया।

Stock Market: बैंकिंग शेयरों के सपॉर्ट से सेंसेक्स 75500 और निफ्टी 23700 के पार

नई दिल्ली। Stock Market, May 22, 2026 : शेयर बाजार में आज सीमित तेजी देखने को मिली है, क्योंकि निवेशक अमेरिका-ईरान कूटनीतिक वार्ता और वैश्विक संकेतों पर नजर बनाए हुए हैं।  सेंसेक्स में बढ़त अब 359 अंकों की हो गई है। यह 75543 पर ट्रेड कर रहा है।

सेंसेक्स में ICICI बैंक 1.66 पर्सेंट की बढ़त के साथ टॉप गेनर है। कोटक बैंक में 1.16 पर्सेंट की तेजी है। HDFC बैंक, एक्सिस बैंक, स्टेट बैंक के शेयर भी हरे निशान पर हैं। उधर निफ्टी तेजी के शतक के साथ 104 अंक ऊपर 23758 पर पहुंच गया है।

सुबह 9:19 बजे तक, निफ्टी 50 29.35 अंक या 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,684.60 पर कारोबार कर रहा था। वहीं बीएसई 136.52 अंक या 0.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,318.75 पर पहुंच गया।

ब्रॉडर मार्केट में भी हल्की तेजी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 में 0.23 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 0.04 प्रतिशत से अधिक कारोबार कर रहा था।

सेक्टोरल इंडेक्स में मिला-जुला रुझान रहा। निफ्टी रियल्टी, निफ्टी मीडिया और निफ्टी हेल्थकेयर सबसे ज्यादा गिरावट में रहे। वहीं दूसरी ओर निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी ऑटो और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज ने बेहतर प्रदर्शन किया और बाजार को सपोर्ट दिया।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • एशियन मार्केट
    अमेरिका-ईरान शांति समझौते की उम्मीदों के बीच वॉल स्ट्रीट में रातोंरात बढ़त के बाद एशियाई बाजारों में शुक्रवार को बढ़त रही। जापान का निक्केई 225 1.36 प्रतिशत बढ़ा, जबकि टॉपिक्स 0.55 प्रतिशत बढ़ा। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 0.52 प्रतिशत और कोस्डैक इंडेक्स में 3 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने उच्च शुरुआत का संकेत दिया।
  • गिफ्ट निफ्टी टुडे
    गिफ्ट निफ्टी 23,654 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से लगभग 23 अंक का प्रीमियम था, जो भारतीय शेयर बाजार के सूचकांकों के लिए सपाट शुरुआत का संकेत देता है।
  • वॉल स्ट्रीट का हाल
    अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में प्रगति की उम्मीदों के बीच वॉल स्ट्रीट अमेरिकी शेयर बाजार थोड़ा ऊपर बंद हुआ। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 276 अंक या 0.55 प्रतिशत बढ़कर 50,285 पर बंद हुआ। जबकि एसएंडपी 500 12 अंक या 0.17 प्रतिशत बढ़कर 7,445 हो गया और नैस्डैक कंपोजिट 22 अंक या 0.09 प्रतिशत बढ़कर 26,293 पर बंद होने में कामयाब रहा।

स्पीकर बिरला ने यातायात व्यवस्था सुधारने एवं शहर की सुंदरता बढ़ाने के दिए निर्देश

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को संभागीय आयुक्त, जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था, सड़कों, अतिक्रमण और आमजन से जुड़ी सुविधाओं की मौके पर समीक्षा की तथा अधिकारियों को योजनाबद्ध तरीके से काम कर समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बिरला ने कहा कि शहर का विकास व्यवस्थित और दूरदृष्टि के साथ होना चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर आवागमन और सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुधारने, नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने और शहर की सुंदरता बढ़ाने पर जोर दिया।

लोकसभा अध्यक्ष ने केडीए को सभी राजकीय विभागों पर एक जैसे ग्लो साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि शहर में एकरूपता दिखाई दे। उन्होंने प्रमुख चौराहों पर स्लिप लेन चौड़ी करने, अतिक्रमण हटाने और सड़क पर पार्किंग की स्पष्ट मार्किंग करवाने को कहा। साथ ही पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि निर्धारित स्थानों के बाहर सड़क पर वाहन खड़े न हों, इसकी प्रभावी निगरानी की जाए।

बिरला ने दाड़ाबाड़ी सर्किल और आइलैंड को ऐतिहासिक थीम पर विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी फ्लाइओवर पर आकर्षक पेंटिंग और डिजाइनिंग करवाने तथा वहां सुंदर गमले लगाने को कहा, ताकि शहर का स्वरूप और बेहतर हो सके।

उन्होंने केशवपुरा चौराहे के विकास, केशवपुरा से घटोत्कच तक बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने तथा टेलीफोन और केबल के पोल हटाने के निर्देश दिए। महावीर नगर चौराहे के विकास और घटोत्कच से एमबीएस कॉलेज होते हुए एमबीएस मार्ग तक स्मार्ट रोड विकसित करने और एमबीएस मार्ग को व्यवस्थित रूप से विकसित करने की योजना बनाने के निर्देश दिए।

विज्ञान नगर फ्लाइओवर (कॉमर्स कॉलेज जंक्शन) को यू-टर्न सुविधा के साथ विकसित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा शहर के सभी नालों से अतिक्रमण हटाने और उन पर व्यू कटर लगाने के निर्देश दिए गए। कोटिया भील, अनंतपुरा और रामधाम जंक्शन/सर्किल को विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ शहर की वर्तमान जरूरतों और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बिरला ने कहा कि शहर का विकास ऐसा हो, जिससे आमजन को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर वातावरण मिल सके।

इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता, संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल, जिला कलक्टर पीयूष सामारिया, पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम सहित केडीए, नगर निगम व प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन पखवाड़े का शुभारंभ, जागरूकता कार्यक्रम होंगे

कोटा। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां तथा राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन पखवाड़े की गुरुवार को विधिवत शुरुआत हुई।

यह पखवाड़ा 21 मई से 6 जून तक विभिन्न जागरूकता एवं सेवा गतिविधियों के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन तथा वन एवं वन्य जीवों के प्रति जनचेतना विकसित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षाविद एवं समाजसेवी रामविलास रैगर थे, जबकि अध्यक्षता शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं स्काउट गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की। कार्यक्रम में हरि प्रसाद बुलीवाल, गिरिराज जोशी एवं सपना अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि रामविलास रैगर ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।

उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रकाश जायसवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है और स्काउट-गाइड संगठन समाज में सेवा एवं जागरूकता का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक एवं गाइड कैप्टेन योगिता महावर ने पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि वन एवं वन्य जीव संरक्षण, स्वच्छता अभियान, अमृत जलम कार्यक्रम, पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी व्यवस्था, पौधारोपण, पौधों की देखरेख, संगोष्ठी, नर्सरी प्रशिक्षण एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही जनजागरण के लिए मानव श्रृंखला, रैली, नुक्कड़ नाटक तथा विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि वन एवं वन्य जीव संरक्षण विषय पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पखवाड़े के समापन अवसर पर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में स्काउट-गाइड सदस्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन नीलम पारेता ने किया। अंत में अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी दो दिवसीय कोटा प्रवास पर, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

कोटा। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी शुक्रवार से कोटा संभाग के दो दिवसीय सांगठनिक दौरे पर रहेंगे। उनके इस दौरे को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और किसान मोर्चा के पदाधिकारियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे क्षेत्र में विभिन्न राजनैतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत कर पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कैलाश चौधरी शुक्रवार को कोटा पहुंचेंगे। जहां पार्टी पदाधिकारियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।

इसके बाद वे शुक्रवार को ‘रात्रि चौपाल’ में भाग लेंगे। इस चौपाल के माध्यम से वे स्थानीय ग्रामीणों और किसानों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करेंगे।

​दौरे के दूसरे दिन, शनिवार को प्रातः 10 बजे कैलाश चौधरी खड़े गणेश जी स्थित धरणीधर गार्डन पर आयोजित भाजपा शहर एवं देहात जिला की एक संयुक्त बैठक में हिस्सा लेंगे।

इस संगठनात्मक बैठक में आगामी कार्ययोजनाओं, किसान मोर्चा के सुदृढ़ीकरण और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तृत मंथन किया जाएगा। बैठक में जिला अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।