कोटा। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी शुक्रवार से कोटा संभाग के दो दिवसीय सांगठनिक दौरे पर रहेंगे। उनके इस दौरे को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और किसान मोर्चा के पदाधिकारियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे क्षेत्र में विभिन्न राजनैतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत कर पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कैलाश चौधरी शुक्रवार को कोटा पहुंचेंगे। जहां पार्टी पदाधिकारियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
इसके बाद वे शुक्रवार को ‘रात्रि चौपाल’ में भाग लेंगे। इस चौपाल के माध्यम से वे स्थानीय ग्रामीणों और किसानों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन, शनिवार को प्रातः 10 बजे कैलाश चौधरी खड़े गणेश जी स्थित धरणीधर गार्डन पर आयोजित भाजपा शहर एवं देहात जिला की एक संयुक्त बैठक में हिस्सा लेंगे।
इस संगठनात्मक बैठक में आगामी कार्ययोजनाओं, किसान मोर्चा के सुदृढ़ीकरण और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तृत मंथन किया जाएगा। बैठक में जिला अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

