नई दिल्ली। PM Kisan 23rd Installment: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून यानी शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर करेंगे।
यह पीएम-किसान योजना के इतिहास की सबसे बड़ी किस्तों में से एक होगी। प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2,000 रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से शाम करीब 4 बजे 23वीं किस्त जारी करेंगे। इसके साथ ही कई केंद्रीय योजनाओं का भी शुभारंभ और शिलान्यास किया जाएगा।
किन किसानों को नहीं मिलेगा पैसा?
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन किसानों ने eKYC पूरी नहीं की है, आधार को बैंक खाते से लिंक नहीं कराया है या भूमि रिकॉर्ड सत्यापित नहीं हैं, उनके खाते में किस्त नहीं आएगी। इसके अलावा ऐसे मामलों की भी जांच चल रही है जिनमें पात्रता संबंधी विवाद हैं या एक ही परिवार के एक से अधिक सदस्य लाभ ले रहे हैं।
कैसे करें e-KYC
ई-केवाईसी के लिए आप PM-KISAN पोर्टल पर OTP आधारित e-KYC करें। इसके अलावा नजदीकी CSC सेंटर पर बायोमेट्रिक e-KYC कर सकते हैं। अगर सत्यापन लंबित है तो स्थानीय कृषि विभाग से संपर्क करें। साथ ही परिवार में किसी अन्य सदस्य के नाम पर लाभ लिया जा रहा है या नहीं, इसकी जांच करें।
ऐसे चेक करें अपना स्टेटस
किसान पीएम किसान पोर्टल पर जाकर “Know Your Status” विकल्प के जरिए अपनी किस्त का स्टेटस देख सकते हैं। इसके लिए रजिस्ट्रेशन नंबर और OTP की जरूरत होगी।
अगर आपके खाते में पिछली किस्त आई थी, लेकिन इस बार स्टेटस में “Withheld”, “Under Verification” या “Eligibility Under Review” दिख रहा है, तो जल्द से जल्द जरूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर लें। ऐसा नहीं करने पर अगली किस्त मिलने में देरी हो सकती है।

