Sunday, May 10, 2026
Home Blog Page 35

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तीन दिवसीय कोटा-बून्दी प्रवास पर

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रविवार से अपने संसदीय क्षेत्र कोटा-बून्दी के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

रविवार प्रातः 8.30 बजे वे बालाजी नगर स्थित परशुराम वाटिका में आयोजित परशुराम जयंती महोत्सव में भाग लेंगे। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे गणेश नगर स्थित श्री देवनारायण बड़ा मंदिर में श्री वीर गुर्जर समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में सम्मिलित होंगे।

दोपहर 12.30 बजे दशहरा मैदान में यादव समाज द्वारा आयोजित अनाथ एवं विधवा महिलाओं की पुत्रियों के निःशुल्क विवाह सम्मेलन में भाग लेंगे।

दोपहर 3 बजे वे बून्दी जिले के कापरेन में सत्ताईसा मेघवाल समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होंगे। शाम 5:30 बजे बून्दी स्थित परशुराम वाटिका में सर्व ब्राह्मण महासभा द्वारा आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

सोनिया गांधी वोटर लिस्ट मामले में अदालत ने दिया लिखित दलील पेश करने का निर्देश

नई दिल्ली। राऊज एवेन्यू कोर्ट में शनिवार को सोनिया गांधी के खिलाफ बिना भारतीय नागरिकता हासिल किए मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के मामले में दाखिल संशोधन याचिका पर सुनवाई हुई। शिकायतकर्ता की ओर से अपनी सारी दलीलें पूरी कर दी गई हैं।

अदालत ने दोनों पक्षों को एक सप्ताह के अंदर अपनी लिखित दलीलें जमा करने का आदेश दिया है। सोनिया गांधी की ओर से पेश वकील ने अगली सुनवाई पर कुछ अतिरिक्त दलीलें रखने की अनुमति मांगी।

अदालत ने इस पर विचार करने के बाद 16 मई को अगली सुनवाई तय की है। शिकायतकर्ता की ओर से वकील विकास त्रिपाठी ने चुनाव आयोग से प्राप्त दस्तावेजों को अदालत के रिकॉर्ड पर रखने की अनुमति मांगी थी जिसे अदालत ने तुरंत स्वीकार कर लिया। शिकायतकर्ता पक्ष ने स्पष्ट किया कि वे अभी मुकदमे की सुनवाई की मांग नहीं कर रहे हैं। वे केवल पुलिस से जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

शिकायतकर्ता पक्ष ने कहा कि सोनिया गांधी की ओर से पेश वकील उनके किसी भी सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उस समय जब 1980 की मतदाता सूची में उनका नाम जोड़ा गया था, तब सोनिया गांधी को भारतीय नागरिकता नहीं मिली थी।

हो सकता है कि धोखाधड़ी या गलत तरीके से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर यह नाम शामिल किया गया हो। गलत जानकारी देना भी कानून के अनुसार अपराध है। इसलिए यह मामला जांच का विषय है और अदालत को पुलिस को जांच का आदेश देना चाहिए।

पिछली सुनवाई में सोनिया गांधी की ओर से दाखिल जवाब में इस याचिका को तथ्यहीन, राजनीतिक रूप से प्रेरित और कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग बताया गया था। वकील विकास त्रिपाठी ने ही यह संशोधन याचिका दाखिल की है। इससे पहले मजिस्ट्रेट अदालत ने सितंबर महीने में इस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें सोनिया गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कराने की मांग की गई थी।

  • याचिका में आरोप
  • याचिका में आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी ने 30 अप्रैल 1983 को नागरिकता प्राप्त की थी।
  • हालांकि उनका नाम 1980 की नई दिल्ली मतदाता सूची में पहले से ही शामिल था।
  • याचिका में सवाल उठाए गए कि 1980 में नाम कैसे जोड़ा गया
  • 1982 में इसे अचानक हटा क्यों दिया गया?
  • जब 1983 में नागरिकता मिली तब किस आधार पर 1980 में नाम शामिल किया गया था?
  • क्या इसके लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया गया था?

संसद के दोनों सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, नौ विधेयक पारित

नई दिल्ली। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शनिवार को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई। इसी के साथ संसद के वर्तमान बजट सत्र का समापन हो गया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को बताया कि इस सत्र में कुल 31 बैठकें हुईं और सदन की कार्यवाही 151 घंटे तथा 42 मिनट तक चली। उन्होंने कहा कि इस सत्र में कार्य उत्पादकता 93 फीसदी रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई अन्य दलों के प्रमुख नेता सदन में मौजूद थे।

बजट सत्र की शुरुआत 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किए जाने के साथ हुई। पहले यह सत्र दो अप्रैल को संपन्न होना था, लेकिन महिला आरक्षण से संबंधित ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’ विधेयक और इससे संबंधित दो अन्य विधेयकों पर चर्चा करने और इन्हें पारित कराने के मकसद से सत्र को बढ़ा दिया गया था। 16 से 18 अप्रैल तक तीन दिन की विशेष बैठक बुलाई गई थी।

‘नारी शक्ति’ से जुड़ा यह संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो पाया। विधेयक पर हुए मत विभाजन के दौरान इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े। लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक को पारित करने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होती है। विधेयक पर मत विभाजन में 528 सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस विधेयक को पारित करने के लिए 352 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता थी।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बताया कि इस सत्र में कुल 12 सरकारी विधेयक पेश किए गए और नौ पारित किए। पारित किए गए वित्त विधेयकों में आंध्र प्रदेश पुनर्गठन संशोधन विधेयक और जन विश्वास संशोधन विधेयक प्रमुख है। उधर, राज्यसभा की कार्यवाही शनिवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

होर्मुज पर ईरान ट्रेडिशनल फीस नहीं लेगा, लेकिन अब नए नियमों से होगी एंट्री

नई दिल्ली। ईरान ने साफ किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर वह पारंपरिक ट्रांजिट शुल्क नहीं लगाएगा, लेकिन इसके बदले एक नया ढांचा तैयार किया जा रहा है जो सुरक्षा समन्वय से जुड़ा होगा।

ईरान की नेशनल सिक्योरिटी कमेटी के प्रवक्ता इब्राहिम रज़ाई ने अल जजीरा मुबाशर से बातचीत में कहा कि सरकार ऐसे कानून पर काम कर रही है जिसमें जहाजों से सीधे गुजरने का शुल्क नहीं, बल्कि जलडमरूमध्य की सुरक्षा के नाम पर फीस ली जा सकती है।

उन्होंने संकेत दिया कि अब इस अहम समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को ईरानी अधिकारियों के साथ पहले से समन्वय करना होगा। रज़ाई के मुताबिक, अमेरिका और इजरायल जैसे देशों के “विरोधी सैन्य जहाजों” को यहां से गुजरने की इजाजत नहीं दी जाएगी, जबकि “मित्र देशों” के जहाज तय प्रक्रिया के तहत आ-जा सकेंगे।

रज़ाई ने यह भी दोहराया कि होर्मुज की सुरक्षा या प्रबंधन में अमेरिका की किसी भूमिका को ईरान स्वीकार नहीं करता। वहीं, ईरान की ISNA न्यूज एजेंसी के अनुसार, अधिकारी महमूद नबावियन ने कहा है कि कुछ कारोबारी जहाजों को शुल्क देने के बाद इस मार्ग से गुजरने की अनुमति दी जा सकती है।

उन्होंने यह भी इशारा किया कि इस रास्ते को पूरी तरह खोलने का फैसला लेबनान में संभावित संघर्षविराम से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इन दोनों मुद्दों के बीच किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है। ईरान ने साफ कहा है कि इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को अब तय रूट से ही आना-जाना होगा और इसके लिए तेहरान की अनुमति जरूरी होगी।

ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से आवाजाही पूरी तरह नियंत्रित रहेगी। कौन सा जहाज कब और कैसे गुजरेगा, यह जमीनी हालात के आधार पर तय होगा, न कि सोशल मीडिया पर चल रही बातों से।

दूसरी ओर, ट्रंप ने दावा किया कि ईरान, इजरायल और लेबनान को लेकर कूटनीतिक स्तर पर बड़ी प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह खुला और कारोबार के लिए तैयार बताया है।

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका की नौसैनिक ताकत पूरी तरह सक्रिय रहेगी और ईरान के साथ किसी भी समझौते को तब तक पूरी तरह लागू नहीं माना जाएगा, जब तक उस पर अंतिम हस्ताक्षर नहीं हो जाते।

इस बीच, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर दोनों देशों के बयानों में अंतर साफ नजर आ रहा है, जिससे क्षेत्र में अनिश्चितता और बढ़ गई है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि ईरान इस अहम समुद्री मार्ग से जहाजों की आवाजाही की अनुमति देगा, लेकिन यह पहले से तय रास्ते के तहत ही संभव होगी।

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, बघाई ने यह भी साफ किया कि अगर ईरान के बंदरगाहों पर किसी तरह की समुद्री नाकेबंदी जारी रहती है तो तेहरान भी जवाबी कदम उठाएगा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य की जिम्मेदारी ईरान के पास है और जरूरत के हिसाब से वह नरमी भी दिखाएगा। इस बयान को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब क्षेत्र में तनाव के बीच वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बनी हुई है।

RPSC RAS 2024: राजस्थान आरएएस फाइनल रिजल्ट जारी, देखें टॉपर लिस्ट

जयपुर। RPSC RAS 2024 Final Result : राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने आरएएस भर्ती 2024 परीक्षा का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है। इसके इंटरव्यू शुक्रवार को समाप्त हुए थे। एक दिन बाद आयोग ने अंतिम परिणाम जारी कर दिया है।

परीक्षार्थी rpsc.rajasthan.gov.in पर जाकर परिणाम चेक कर सकते हैं। आरपीएससी आरएएस 2024 में बाड़मेर के दिनेश विश्नोई ने टॉप किया है। जैसलमेर के वीरेंद्र चारण की दूसरी रैंक है। हेड कॉन्स्टेबल के बेटे वीरेंद्र वर्तमान में तहसीलदार हैं।

अब जल्द ही प्रदेश को 1096 नए प्रशासनिक अधिकारी मिलेंगे। इसमें राज्य सेवा के 428 और अधीनस्थ सेवा के 668 अफसर होंगे। इंटरव्यू 1 दिसंबर 2025 से 17 अप्रैल 2026 तक चले।

RPSC RAS 2024 Toppers List -टॉप 20

  • रैंक 1 – दिनेश विश्नोई (बाड़मेर, रोल नंबर: 1010371)
  • रैंक 2 – वीरेंद्र चारण (जैसलमेर, रोल नंबर: 1006165)
  • रैंक 3 – नवनीत शर्मा (भीलवाड़ा, रोल नंबर: 1007118)
  • रैंक 4 – रविंद्र सिंह (ब्यावर, रोल नंबर: 1004694)
  • रैंक 5 – विकास सियाग (बीकानेर, रोल नंबर: 1011057)
  • रैंक 6- ऐश्वर्या कंवर (बीकानेर, रोल नंबर: 1003725)
  • रैंक 7 – दिनेश (जोधपुर ग्रामीण, रोल नंबर: 1009388)
  • रैंक 8 -शालू (अनूपगढ़, रोल नंबर: 1004455)
  • रैंक 9 – भूपेंद्र सिंह (बालोतरा, रोल नंबर: 1005670)
  • रैंक 10 – राम सिंह गुर्जर (प्रतापगढ़, रोल नंबर: 1003279)
  • रैंक 11 – यशवंत सांदू (जोधपुर, रोल नंबर: 1003525)
  • रैंक 12 -कुलदीप शर्मा (जयपुर, रोल नंबर: 1014093)
  • रैंक 13 – कैलाश कुमार (बालोतरा, रोल नंबर: 1003098)
  • रैंक 14 -चानन सिंह इंदा (जोधपुर, रोल नंबर: 1010427)
  • रैंक 15 – अभय सिंह आंजना (प्रतापगढ़, रोल नंबर: 1007854)
  • रैंक 16 – कैलाश रणवा (डीडवाना-कुचामन, रोल नंबर: 1012002)
  • रैंक 17 – हरियश राजपुरोहित (अजमेर, रोल नंबर: 1003015)
  • रैंक 18 – उमंग रावल (डूंगरपुर, रोल नंबर: 1007916)
  • रैंक 19 – तनीषा यादव (जयपुर, रोल नंबर: 1013609)
  • रैंक 20 – वृंदा शेखावत (जयपुर, रोल नंबर: 1018607)

आयोग के अनुसार कुल 10 उम्मीदवारों का रिजल्ट होल्ड पर है। इनमें 5 का परिणाम सील्ड कवर में है। 3 का परिणाम कोर्ट में मामला लटका होने के कारण रोका है। दो अभ्यर्थियों के रिजल्ट को रोकने का कारण आयोग ने नहीं बताया है।

आरपीएससी आरएएस भर्ती 2024

  • 2 सितंबर 2024: RPSC ने 733 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया।
  • 18 अक्टूबर 2024: कुल 6 लाख 75 हजार (6,75,000) उम्मीदवारों ने आवेदन फॉर्म भरे।
  • 2 फरवरी 2025: प्री-एग्जाम (प्रारंभिक परीक्षा) आयोजित किया गया, जिसमें 3 लाख 75 हजार 657 (3,75,657) उम्मीदवार शामिल हुए।
  • 17 फरवरी 2025: पदों की कुल संख्या बढ़ाकर 1096 कर दी गई, जिनमें राज्य सेवा के 428 और अधीनस्थ सेवा के 668 पद शामिल थे।
  • 20 फरवरी 2025: प्री-एग्जाम का रिजल्ट जारी किया गया, जिसमें मुख्य परीक्षा (मेंस) के लिए 21,539 उम्मीदवारों को चयनित किया गया ।
  • 17 और 18 जून 2025: मुख्य परीक्षा (मेंस एग्जाम) आयोजित की गई।
  • 8 अक्टूबर 2025: मेंस एग्जाम का रिजल्ट जारी किया गया, जिसमें इंटरव्यू (साक्षात्कार) के लिए 2,461 उम्मीदवारों को सिलेक्ट किया गया।

आरएएस रिजल्ट लिंक

नई आरएएस भर्ती पर संशय की स्थिति
आरपीएससी के कैलेंडर में 3 मई को आरएएस प्री एग्जाम प्रस्तावित है। लेकिन अभी तक विज्ञापन जारी नहीं हुआ है। ऐसे में आरएएस 2026 को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। सरकार ने जनवरी में 500 पदों पर भर्ती का ऐलान किया था। अब तक कार्मिक विभाग से आरपीएससी को भर्ती की सूचना नहीं मिली है। लाखों अभ्यर्थी कंफ्यूज हैं कि 3 मई 2026 को परीक्षा होगी या नहीं।

भारत में LPG और खाद की कमी नहीं होगी, होर्मुज से 41 जहाज भारत आने को तैयार

नई दिल्ली। होर्मुज स्ट्रेट के पूरी तरह खुलने से भारतीय तेल कंपनियों के साथ-साथ आयातकों और निर्यातकों के चेहरे खिल गए हैं। अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था और उसी दिन ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया था।

इससे हाहाकार मच गया था क्योंकि दुनिया का 20 फीसदी तेल और करीब एक तिहाई गैस इसी रास्ते से गुजरती है। लेकिन इसके खुलने से अब दुनिया ने राहत की सांस ली है। भारत आ रहे 41 जहाज अब होर्मुज स्ट्रेट को पार करने को तैयार हैं।

टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक इन जहाजों में कच्चा तेल, एलपीजी, फर्टिलाइजर और एलएनजी भरा है। इन जहाजों में 26 विदेशी और 15 भारतीय हैं। इनमें से एक दर्जन से अधिक जहाजों में फर्टिलाइजर भरा है जो कि भारत के लिए बहुत जरूरी है।

देश में खरीफ की बुवाई अगले कुछ महीनों में शुरू होने वाली है। भारतीय जहाजों में 10 में कच्चा तेल, चार में एलपीजी और तीन में एलएनजी है। होर्मुज स्ट्रेट के खुलने की घोषणा के बाद कच्चे तेल की कीमत में भी भारी गिरावट आई है।

कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट
शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड 9 फीसदी से ज्यादा गिरावट के साथ 90.38 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 11.5 फीसदी गिरावट के साथ 87.9 डॉलर तक आ गया था। अमेरिकी बेंचमार्क डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 11.45 फीसदी गिरावट के साथ 83.85 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कारोबार के दौरान यह 80 डॉलर तक गिर गया था। पिछले 9 कारोबारी दिनों में इसमें 30 फीसदी से अधिक गिरावट आई है।

जानकारों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमत में गिरावट से फ्रेट रेट्स में भी कमी आएगी। इससे सभी सेक्टर्स को फायदा होगा। निर्यातकों को उम्मीद है कि होर्मुज स्ट्रेट में जल्दी ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। अमृतसर की कंपनी डीआरआरके फूड्स के एमडी अमित मारवाह ने उम्मीद जताई कि पश्चिम एशिया से डिमांड बढ़ेगी। उनकी कंपनी का 18,000 टन बासमती चावल भारतीय बंदरगाहों पर फंसा हुआ है जो अब आगे बढ़ सकता है।

क्या होगा फायदा
मारवाह ने कहा, ‘हम पश्चिम एशिया से बल्क डिमांड की उम्मीद कर रहे हैं। कच्चे तेल की कीमत में गिरावट से फ्रेट रेट में कमी आने की उम्मीद है।’ कंपनी जेद्दा पोर्ट तक सामान पहुंचाने के लिए हर कंटेनर पर 700 डॉलर दे रही थी लेकिन ईरान युद्ध के कारण यह चार से पांच गुना तक बढ़ गया था। निर्यातकों के संगठन फियो के डायरेक्टर जनरल अजय सहाय ने कहा, ‘हम न केवल पश्चिम एशिया को सामान भेज पाएंगे, बल्कि यूरोप सामान भेजने के लिए भी रूट शॉर्ट हो जाएगा।’

केंद्रीय कर्मचारियों का डीए दो फीसदी बढ़ा, जानिए अब कितनी होगी सैलरी

नई दिल्ली। केंद्रीय कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उनका महंगाई भत्ता डीए दो फीसदी बढ़ाने का फैसला किया है। इससे साथ ही केंद्रीय कर्मचारियों का डीए 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया है।

इससे एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा होगा। देश में अभी 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 65 लाख पेंशनर्स हैं। ऑल-इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स-इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के 12 महीने के एवरेज के हिसाब से डीए में दो फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान जताया जा रहा था।

मंत्रिमंडल ने साथ ही सॉवरेन मेरिटाइम फंड को भी मंजूरी दे दी है। इसके लिए 13,000 करोड़ रुपये का कॉर्पस रखा गया है। इसका मकसद भारतीय जहाजों को स्थायी और किफायती इंश्योरेंस कवर देना है।

मंत्रिमंडल ने साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को 2028 तक के लिए बढ़ा दिया है। इसके लिए 3,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आवंटन किया गया है।

हाड़ोती के पहले प्राइवेट इंडस्ट्रियल एरिया अर्बन टेक्नोपार्क की भव्य लॉन्चिंग आज

कोटा। शहर से 22 किलोमीटर दूर कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे 52 पर मंडाना टोल प्लाज़ा के पास हाड़ोती के पहले प्राइवेट इंडस्ट्रियल एरिया अर्बन टेक्नोपार्क की शनिवार को भव्य लॉन्चिंग होगी।

अर्बन टेक्नोपार्क के निदेशक अनिल मूंदड़ा ने बताया कि पहला फेज़ लगभग 2,29,000 वर्गमीटर का इंडस्ट्रियल और कमर्शियल एरिया है। अब बिक्री के लिए खुला है। अर्बन टेक्नोपार्क की लोकेशन बहुत अच्छी है।

उन्होंने बताया कि यह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से लगभग 7 किमी दूर और कोटा-झालावाड़ इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के नजदीक है। आने वाले समय में कोटा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट भी यहां से नजदीक पड़ेगा। उन्होंने बताया कि यह प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन के एडवांस्ड स्टेज पर है।

अभी तक की प्रगति

  • लैंड कन्वर्ज़न पूरा हुआ
  • कलेक्टर कोटा से लेआउट प्लान मंज़ूरी
  • फेज़ 1 के लिए RERA रजिस्ट्रेशन
  • पीने के पानी का कनेक्शन मंज़ूर
  • ग्रिड की मंज़ूरी
  • इंटरनल रोड नेटवर्क (फेज़ 1) काफी हद तक पूरा
  • स्टॉर्मवॉटर ड्रेनेज सिस्टम डेवलप
  • बिजली का इंफ्रास्ट्रक्चर इंस्टॉल
  • पानी की पाइपलाइन और स्टोरेज टैंक
  • प्लॉट की पहचान
  • मेन एंट्री गेट
  • 70,000 sq. mtr. से ज़्यादा ज़मीन बिक चुकी
  • सेल डीड रजिस्ट्रेशन शुरू
  • शुरुआती यूनिट्स का कंस्ट्रक्शन जल्द ही

कोटा स्टेशन पर 4 मई तक पार्सल यातायात पर प्रतिबंध, सोगरिया पर उपलब्ध रहेगी

कोटा। कोटा जंक्शन स्टेशन के प्लेटफॉर्म नं. 1 पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के कारण कोटा स्टेशन पर पार्सल बुकिंग/डिलीवरी के संचालन पर तत्काल प्रभाव से 4 मई तक प्रतिबंध लगाया गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि कोटा स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के दृष्टिगत यह निर्णय यात्री सुरक्षा एवं सुचारू निर्माण प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि इस अवधि में सोगरिया स्टेशन से होकर गुजरने वाली गाड़ियों के लिए सोगरिया स्टेशन पर पार्सल बुकिंग एवं डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

Kota Mandi: लिवाली निकलने से चना, सरसों, धनिया और लहसुन तेज बिका

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में शुक्रवार को लिवाली निकलने से चना, सरसों 50 रुपये, धनिया रुपये और लहसुन 300 रुपये ऊंचा बिका। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब दो लाख कट्टे और लहसुन की 13000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं नया मिल लस्टर 2250 से 2300, गेहूं एवरेज टुकड़ी 2350 से 2450, बेस्ट टुकड़ी 2500 से 2650, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1800, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 1900 से 2250 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3801, धान (1509) 3400 से 4400, धान (1847) 3200 से 4401, धान (1718-1885) 4000 से 4750, धान (पूसा-1) 3000 से 4300, धान (1401-1886) 4100 से 4550, धान दागी 1500 से 3900 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 4500 से 5650, सोयाबीन बीज क्वालिटी 5600 से 5700, सरसों 6200 से 6801, अलसी 6800 से 7600, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 7000, उड़द 4500 से 8000, चना देशी 4800 से 5250, चना मौसमी नया 5100 से 5150, चना पेप्सी 5100 से 5251, चना डंकी पुराना 4000 से 4600, चना काबुली 5500 से 6500 रुपये प्रति क्विंटल।

लहसुन 2500 से 12500, मैथी पुरानी 5000 से 5800, मैथी नयी 5800 से 6250, धनिया बादामी 11000 से 11800, धनिया ईगल 11500 से 12300, धनिया रंगदार 13000 से 15000 रुपये प्रति क्विंटल।