रानपुर औद्योगिक क्षेत्र में भी खुलेगा ईएसआई हॉस्पिटल, 24 घंटे मिलेगी आपात सेवा

0
8

कोटा। रानपुर औद्योगिक क्षेत्र में जल्द ही ईएसआई हॉस्पिटल खुलेगा। 24 घंटे इमरजेंसी सर्विसेज भी शुरू होंगी। यह जानकारी बुधवार को मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. रवि शर्मा ने एसएसआई एसोसिएशन के प्रतिनिधिमण्डल को दी।

इससे पहले एसएसआई एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने ईएसआई हॉस्पिटल का दौरा कर मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. कपिल शर्मा एवं उनकी टीम के साथ विस्तृत चर्चा की।

इस दौरान अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया गया तथा ऑर्थोपेडिक, गाइनेकोलॉजी एवं जनरल सर्जरी विभागों में उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों से मुलाकात कर अस्पताल की सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया गया।

एसएसआई एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक मेहता ने कहा कि वर्तमान नेतृत्व के अंतर्गत ईएसआई हॉस्पिटल का जिस प्रकार कायाकल्प हुआ है। वह अत्यंत सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व तक ईएसआई हॉस्पिटल को केवल रेफरल सेंटर के रूप में देखा जाता था, लेकिन आज अस्पताल में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं और बड़ी संख्या में मरीजों को यहीं उपचार मिल रहा है। मरीजों से प्राप्त फीडबैक भी अस्पताल की बेहतर होती सेवाओं का प्रमाण है।

एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य समीर सूद ने कहा कि पहले ईएसआई अंशदान देने वाला कर्मचारी स्वयं को ठगा हुआ महसूस करता था, क्योंकि उसे अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पाती थीं।

लेकिन आज जब ईएसआई हॉस्पिटल में 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं और सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। तब ईएसआई कार्डधारकों में विश्वास और गर्व की भावना दिखाई देती है।

एसएसआई एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने कहा कि पिछले आठ महीनों में अस्पताल में हुए बदलाव समय की आवश्यकता थे। पहले अस्पताल मुख्य रूप से मरीजों को अन्य संस्थानों में रेफर करने का कार्य करता था।

जबकि अब यहां चिकित्सा सुविधाओं एवं विशेषज्ञ सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में अस्पताल में प्रतिदिन 400 से अधिक ओपीडी मरीजों को सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

बैठक एवं निरीक्षण के दौरान श्रम सलाहकार रविन्द्र गुप्ता सहित विभिन्न प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के एचआर मैनेजर्स एवं लेबर मैनेजर्स भी उपस्थित रहे। सभी ने अस्पताल में हुए सकारात्मक बदलावों की सराहना की तथा इसे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि इस अवसर पर मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. रवि शर्मा ने एसएसआई एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि रानपुर औद्योगिक क्षेत्र में जल्द ही ईएसआई हॉस्पिटल प्रारंभ किया जाएगा। जिससे औद्योगिक क्षेत्र के हजारों कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल के निकट चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ईएसआई हॉस्पिटल में शीघ्र ही 24 घंटे इमरजेंसी डिपार्टमेंट की शुरुआत की जाएगी। जिससे गंभीर एवं आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं और अधिक प्रभावी रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।

एसएसआई एसोसिएशन ने ईएसआई हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में ईएसआई से जुड़े कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को और अधिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। संगठन ने उद्योगों एवं कर्मचारियों से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद एवं सहयोग बनाए रखने का भी आश्वासन दिया।