कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि उनके द्वारा राजस्थान के सभी संभागों से आए 30 से अधिक टूर ऑपरेटर्स के दो दिवसीय फेम (FAM) टूर के अंतर्गत कोटा एवं हाड़ोती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण के आयोजन एवं आतिथ्य का दायित्व द फर्न एन इकोटेल, मेवल रिसोर्ट द्वारा निभाया गया।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा डिवीजन के सलाहकार बोर्ड के निदेशक अजय खत्री ने बताया कि भ्रमण के दौरान सभी टूर ऑपरेटर्स कोटा एवं हाड़ोती के प्राकृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों की सुंदरता देखकर अभिभूत हो गए। उन्होंने यहां के आतिथ्य, स्वच्छता एवं पर्यटन सुविधाओं की मुक्त कंठ से सराहना की।
टूर ऑपरेटर्स ने कहा कि अब वे राजस्थान के पारंपरिक पर्यटन सर्किट के साथ-साथ हाड़ोती संभाग को भी अपने टूर पैकेज में शामिल करेंगे, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक इस क्षेत्र की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत का आनंद ले सकें। उनका कहना था कि राजस्थान को एक नई पर्यटन डेस्टिनेशन की आवश्यकता थी और हाड़ोती अब उस नई पहचान के रूप में तेजी से उभर रहा है।
अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि आगामी 5, 6 एवं 7 अगस्त को देश के 11 राज्यों से 45 से अधिक टूर ऑपरेटर्स उदयपुर एवं चित्तौड़गढ़ के साथ-साथ कोटा और बूंदी का भी भ्रमण करेंगे। उन्हें हाड़ोती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का विस्तृत परिचय कराया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान फेम टूर के दौरान प्राप्त सकारात्मक फीडबैक से यह स्पष्ट है कि आने वाले समय में हाड़ोती पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और देश-विदेश के पर्यटकों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनेगा।
फेम टूर के दौरान टूर ऑपरेटर्स को चंबल सफारी, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल रिवर फ्रंट, सिटी पार्क, किशोर सागर तालाब, सेवन वंडर्स, गढ़ पैलेस, गडरिया महादेव, मथुराधीश मंदिर सहित कोटा एवं हाड़ोती के अनेक प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया।

