कोटा। महाराजा श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप के तत्वावधान में 6 दिसंबर को गीता भवन में विशाल निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं लैंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर आयोजित बैनर विमोचन समारोह में पदाधिकारियों ने आयोजन की रूपरेखा साझा की।
ग्रुप के चेयरमैन संजय गोयल ने बताया कि समाजसेवा और जरूरतमंदों की दृष्टि की सुरक्षा के उद्देश्य से यह नेत्र परीक्षण एवं लैंस प्रत्यारोपण शिविर लगाया जा रहा है, ताकि आमजन को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श और उपचार का लाभ मिल सके।
चेयरमैन परमानन्द गर्ग ने जानकारी दी कि शिविर के दौरान प्रातःकाल डॉ. सुधीर गुप्ता की चिकित्सकीय टीम द्वारा मरीजों की नेत्र जांच की जाएगी। जांच में जिन मरीजों में मोतियाबिंद पाया जाएगा, उनका निशुल्क लैंस प्रत्यारोपण करवाया जाएगा।
संभागीय महामंत्री सपना गोयल ने बताया कि शिविर में रेटिना विशेषज्ञ डॉ. दीपेश छाबलानी तथा डॉ. भावना पटेल भी अपनी सेवाएं देंगी और मरीजों का गहन नेत्र परीक्षण करेंगी।
संभागीय अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने बताया कि शिविर के दौरान डॉ. परमानन्द गर्ग द्वारा मरीजों का निशुल्क नाड़ी परीक्षण भी किया जाएगा, जिससे लोगों को समग्र स्वास्थ्य परामर्श मिल सकेगा।
वहीं, महिला अध्यक्षा रेणु गोयल ने बताया कि मोतियाबिंद पाए जाने वाले शुगर के मरीजों की आवश्यक जांचें सामान्य आने के बाद डॉ. सुधीर गुप्ता के निजी क्लिनिक पर उनका ऑपरेशन कराया जाएगा।
बैनर विमोचन के अवसर पर संजय गोयल, परमानन्द गर्ग, राजकुमार गोयल, यश खंडेलवाल और सपना गोयल सहित संस्था के अन्य सदस्य व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

