Rabi Crop: गेहूं का रकबा 11.63 फीसदी घटा; सरसों की बोआई में 3 फीसदी इजाफा

0
2

नई दिल्ली। कमजोर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून से रबी फसलों की बोआई की रफ्तार धीमी बनी हुई है। केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक चालू रबी सीजन में 27 नवंबर तक कुल 377.30 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बोआई हुई है, जो पिछले साल की समान अवधि के 412.74 लाख हेक्टेयर की तुलना में 8.59 फीसदी कम है।

गेहूं, चना, धान और मोटे अनाज के रकबे में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि तिलहन फसलों के रकबे में इजाफा हुआ है। राहत की बात ये है कि रबी सीजन की सबसे बड़ी फसल सरसों की बोआई भी बढ़ी है।

रबी सीजन की सबसे बड़ी फसल गेहूं की बोआई काफी धीमी चल रही है। चालू रबी सीजन में 27 नवंबर तक 180.32 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बोआई हो चुकी है, पिछले साल इस अव​धि में यह आंकड़ा 204.04 लाख हेक्टेयर था।

इस तरह गेहूं की बोआई में 11.63 फीसदी गिरावट आई है। वहीं, धान का रकबा 9.30 फीसदी घटकर 8.51 लाख हेक्टेयर रह गया। पिछले साल 27 नवंबर तक 9.38 लाख हेक्टेयर में धान की बोआई हुई थी।

मोटे अनाज का रकबा 27 नवंबर तक पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 18.93 फीसदी घटकर 23.53 लाख हेक्टेयर रह गया। पिछले साल 29.02 लाख हेक्टेयर में इन अनाज की बोआई हुई थी। ज्वार के रकबे में 26.69 फीसदी और मक्के में 10.17 फीसदी गिरावट आई है। इस साल 27 नवंबर तक मक्के का रकबा 7.82 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया।

दलहन का रकबा घटा
रबी सीजन की दहलन फसलों की बोआई में भी कमी देखने को मिल रही है। दलहन फसलों का कुल रकबा 8.77 फीसदी कम होकर 78.73 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया है। रबी सीजन की सबसे बड़ी दलहन फसल चने की बोआई सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। इसका रकबा 17.82 फीसदी घटकर 51.58 लाख हेक्टेयर रह गया है। लेकिन मसूर की बोआई 26.35 फीसदी बढ़कर 14.39 लाख हेक्टेयर हो गई।

तिलहन रकबा बढ़ा
रबी फसलों की कुल बोआई में कमी के बीच सरकार को खाद्य महंगाई बढ़ने की चिंता सता रही है। लेकिन तिलहन फसलों के मामले में महंगाई के मोर्चे पर राहत की खबर है। चालू रबी सीजन में तिलहन फसलों की बोआई में 2.65 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। 27 नवंबर तक 86.21 लाख हेक्टेयर में तिलहन फसलें बोईं जा चुकी है, जबकि पिछली समान अव​धि में यह आंकड़ा 83.99 लाख हेक्टेयर था।

इस सीजन की सबसे बड़ी तिलहन फसल सरसों की बोआई में करीब 3 फीसदी इजाफा हुआ है। 27 नवंबर तक 82.49 लाख हेक्टयर में सरसों व राई बोई जा चुकी है। पिछले साल इस अव​धि में यह आंकड़ा 80.18 लाख हेक्टेयर था। सरसों के उलट मूंगफली के रकबे में कमी देखने को मिल रही है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक 27 नवंबर तक मूंगफली का रकबा करीब 11 फीसदी घटकर 1.42 लाख हेक्टेयर रह गया।

बोआई में कमी
रबी फसलों की बोआई में आ रही कमी की सबसे बड़ी वजह कमजोर मॉनसून है। इस साल सामान्य की तुलना में बारिश में 13 फीसदी कमी दर्ज की गई है। इससे खरीफ फसलों की कटाई के बाद खेतों जरूरी नमी की कमी है। बारिश में कमी के कारण देश के प्रमुख बांधों और नहरों में पानी का भंडारण भी कम है। जिससे किसानों को सिंचाई के संकट का डर सता रहा है।