दिसंबर में बढ़ सकती है रेपो रेट, नोमुरा ने जताई 50 आधार अंक की वृद्धि की उम्मीद

0
3

नई दिल्ली। खाद्य कीमतों में उम्मीद से ज़्यादा तेज़ी को देखते हुए नोमुरा होल्डिंग्स ने शुक्रवार को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की दिसंबर की नीतिगत दर में बढ़ोतरी के अनुमान को 25 आधार अंक (बीपीएस) से बढ़ाकर 50 आधार अंक कर दिया है।

हालांकि बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) को मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) द्वारा 4 दिसंबर को अपने फैसले की घोषणा करने पर 25 आधार अंक की मामूली वृद्धि की उम्मीद है।नोमुरा को रीपो रेट के 6 प्रतिशत तक बढ़ने की उम्मीद है।

उसके मुताबिक 50 बीपीएस की बढ़ोतरी की 60 प्रतिशत संभावना और 25 बीपीएस की वृद्धि की 40 प्रतिशत संभावना है। इस पर आम सहमति की उम्मीद भी है। इसका आधार मामला 50 बीपीएस की बढ़ोतरी है, जिसमें 5-1 का वोट विभाजन और बढ़ी सख्ती की नीतिगत मंशा बनी रहेगी।

अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद भू-राजनीतिक स्थिति में सुधार का हवाला देते हुए बीओबी ने एमपीसी द्वारा नीतिगत दर 25 बीपीएस बढ़ाए जाने की संभावना जताई है। नीतिगत दर बढ़ाए जाने के अनुमान में यह अंतर काफी हद तक उनके महंगाई दर के आकलन से उपजा है। नोमुरा के दैनिक खाद्य मूल्य ट्रैकर्स में पाया गया कि अनाज और दालों की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण पिछले कुछ वर्षों में सबसे तेज मासिक वृद्धि दर्ज की गई है।

नोमुरा को उम्मीद है कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित महंगाई दर अक्टूबर के 6.1 प्रतिशत से बढ़कर नवंबर में लगभग 6.4 प्रतिशत हो जाएगी, जिससे अक्टूबर-दिसंबर तिमाही का औसत आरबीआई के 6 प्रतिशत के अनुमान से ऊपर 6.3 प्रतिशत हो जाएगा।

ब्रोकरेज को उम्मीद है कि मुख्य महंगाई दर कम से कम दो तिमाहियों तक 6 प्रतिशत ऊपर बनी रहेगी, जबकि रिजर्व बैंक ने पहले एक तिमाही तक ऊपर रहने का अनुमान लगाया था। कंपनियों के इनपुट लागत बढ़ने से वह उसका बोझ ग्राहकों पर डालने से मुख्य महंगाई दर अधिक हुई है।

इस बीच बैंक ऑफ बड़ौदा ने अक्टूबर के 6.1 प्रतिशत खुदरा महंगाई दर, 8.5 प्रतिशत खाद्य और पेय पदार्थों की महंगाई दर और 4.5 प्रतिशत मुख्य महंगाई दर का उल्लेख किया है। साथ ही जलाशयों का स्तर 19 नवंबर तक 61.6 प्रतिशत के निचले स्तर पर रहने और गेहूं, दालों और तिलहन की धीमी रबी बोआई भी महंगाई के हिसाब से जोखिम पैदा करती है।

बैंक को उम्मीद है कि महंगाई दर तीसरी तिमाही के लिए आरबीआई के 6 प्रतिशत और चौथी तिमाही के लिए 5.7 प्रतिशत के अनुमानों के अनुरूप रहेगी। हालांकि अक्टूबर में वस्तु एवं सेवा की महंगाई दर तेजी से बढ़कर 4 प्रतिशत से ऊप रही, जिससे कीमतों का दबाव व्यापक होने के संकेत मिलते हैं।

नोमुरा को 30 नवंबर को जारी होने वाले सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़े से आरबीआई के 7.2 प्रतिशत के अनुमान के मुकाबले 7.5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की उम्मीद है। बीओबी को दूसरी तिमाही में 7.4 प्रतिशत और पूरे वित्त वर्ष के लिए 7.2 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि की उम्मीद है।