बिरला के जन्मदिन 4 दिसंबर को सेवा दिवस के रूप में मनाएंगे बीजेपी कार्यकर्ता

0
5

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 4 दिसम्बर को भाजपा कार्यकर्ता सेवा दिवस मनाएंगे। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

उपभोक्ता भंडार चेयरमेन हरिकृष्ण बिरला ने कहा कि मानव जीवन की रक्षा के लिए रक्तदान से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। कार्यकर्ता स्वयं रक्तदान करें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। सामूहिक प्रयासों से कोटा के ब्लड बैंकों में रक्त की उपलब्धता बढ़ेगी, जिसका लाभ जरूरतमंद रोगियों को मिलेगा।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के जीवन का मूलमंत्र ही सेवा और समर्पण है। उन्होंने सदैव कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित किया है। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि उनके जन्मदिन पर आयोजित सेवा दिवस पर बढ़-चढकर हिस्सा लें।

महापौर अनुसुइया गोस्वामी ने सभी पार्षदों एवं पार्षद प्रत्याशियों से अपने-अपने वार्डों में रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और शिविर में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

भाजपा देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के जन्मदिन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह रहता है। रक्तदान के माध्यम से इस उत्साह को मानव सेवा और लोककल्याण के कार्यों से जोड़ेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के कार्यकर्ता भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं।

भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि राजनीति सेवा का पर्याय बने, यही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का संकल्प है। इसी सेवाभाव के साथ भाजपा कार्यकर्ता कोटा में निरंतर कार्य करते हैं। इसी मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए 4 दिसम्बर को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।