नई दिल्ली। Maruti Suzuki Fronx SUV Price Hike: मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) की पॉप्युलर कॉम्पैक्ट SUV Fronx को खरीदना अब थोड़ा महंगा हो गया है। कारवाले की रिपोर्ट के अनुसार कंपनी ने इस स्पोर्टी एसयूवी के सभी वेरिएंट की कीमतों में 5 हजार रुपये की बढ़ोतरी की है।
इस साल फ्रॉन्क्स की कीमतों में यह चौथी बार इजाफा हुआ है। इससे पहले भी कंपनी अलग-अलग मौकों पर इसकी कीमतें बढ़ा चुकी है। अब इसकी एक्स-शोरूम कीमत 6.95 लाख रुपये से 12.08 लाख रुपये के बीच हो गई है।
मारुति फ्रॉन्क्स की अब तक 5 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं। इसकी सफलता के पीछे कई वजहें हैं। भारतीय ग्राहकों के बीच ऊंची सीटिंग पोजिशन और एसयूवी जैसे डिजाइन की मांग बढ़ रही है। फ्रॉन्क्स इसी जरूरत को ध्यान में रखकर लाई गई थी।
हालांकि, यह कार बलेनो वाले प्लेटफॉर्म पर बेस्ड है, लेकिन इसका डिजाइन और ऊंचा स्टांस इसे एक प्रीमियम हैचबैक की बजाय एसयूवी जैसा लुक देता है। इसके अलावा मारुति सुजुकी का बड़ा सर्विस नेटवर्क और कारों को मेनटेन रखने में आसानी भी इसकी सेल बढ़ाने में मदद करती है। लगातार चौथी बार कीमत बढ़ने के बावजूद उम्मीद है कि इसका सेल पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।
इंजन के विकल्प
मारुति फ्रॉन्क्स में कई शानदार फीचर दिए गए हैं। इसमें लेदर-रैप्ड स्टीयरिंग व्हील, ड्यूल-टोन इंटीरियर, 360-डिग्री कैमरा, 9-इंच टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, हेड-अप डिस्प्ले (HUD), 8-वे पावर्ड ड्राइवर सीट और क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं। इंजन की बात करें, तो इसमें तीन ऑप्शन मिलते हैं। पहला 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है, जो 88bhp की पावर और 113Nm का टॉर्क देता है। दूसरा 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन है, जो 99bhp की पावर और 147.6Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसके अलावा 1.2-लीटर CNG इंजन का ऑप्शन भी मिलता है, जो 76bhp की पावर और 98.5Nm का टॉर्क ऑफर करता है। पेट्रोल इंजन E20 फ्यूल को सपोर्ट करते हैं। नई कीमतों के साथ फ्रॉन्क्स की एक्स-शोरूम रेंज अब 6.95 लाख से 12.08 लाख रुपये हो गई है।
फ्रॉन्क्स का फेसलिफ्ट अगले साल
नई मारुति फ्रॉन्क्स फेसलिफ्ट की एंट्री 2027 में हो सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च टाइमलाइन को कन्फर्म नहीं किया है। नई फ्रॉन्क्स में मौजूदा 4-सिलेंडर K-Series इंजन की जगह 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर Z12E पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार मारुति फ्रॉन्क्स फेसलिफ्ट में सीरीज हाइब्रिड पावरट्रेन भी दे सकती है। यह 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन पर बेस्ड हो सकता है और 35kmpl से ज्यादा का माइलेज दे सकता है। 2027 फ्रॉन्क्स फेसलिफ्ट का सबसे बड़ा अपडेट Level 2 ADAS हो सकता है।

