कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट-2 में शहर के सभी टूर ऑपरेटर सक्रिय भागीदारी निभाएंगे

0
4
देशभर के प्रतिष्ठित टूर ऑपरेटर, वेडिंग प्लानर, इन्फ्लुएंसर्स एवं यूट्यूबर्स को किया जाएगा आमंत्रित

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा आयोजित कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट-2 को सफल बनाने एवं हाड़ोती के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आज कोटा के टूर ऑपरेटरों के साथ एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कोटा के पर्यटन विकास में निरंतर सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शहर के सभी टूर ऑपरेटरों को आमंत्रित किया गया। बैठक की अध्यक्षता होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने की।

बैठक में अशोक माहेश्वरी ने कहा कि पिछले कई वर्षों से कोटा के टूर ऑपरेटर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोटा के लोगों को देश-विदेश की पर्यटन यात्राएं करवाने के साथ-साथ कोटा आने वाले पर्यटकों को हाड़ोती के पर्यटन स्थलों की जानकारी, यात्रा कार्यक्रम (इटिनरेरी) तैयार कर पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में हाड़ोती के पर्यटन विकास एवं प्रचार-प्रसार के लिए चलाए जा रहे अभियान में सभी टूर ऑपरेटरों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। सभी टूर ऑपरेटर देशभर के पर्यटन व्यवसायियों से जुड़े हुए हैं।

ऐसे में आगामी 11 से 13 जनवरी को आयोजित होने वाले कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट-2 में अपने संपर्कों के माध्यम से देशभर के प्रतिष्ठित एवं अनुभवी टूर ऑपरेटरों को कोटा आमंत्रित करें, ताकि हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

बैठक में उपस्थित टूर ऑपरेटर संदीप कोठारी, जितेश कंजोलिया, आलोक सेठी, वीरेंद्र विजय एवं निमेश पाराशर ने कहा कि उनके द्वारा हाड़ोती के पर्यटन स्थलों की संपूर्ण जानकारी अपनी वेबसाइटों पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध करवाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि वे राजस्थान सहित देशभर में पर्यटकों को भेजने वाले टूर ऑपरेटरों के निरंतर संपर्क में हैं। पिछले ट्रैवल मार्ट में आमंत्रित किए गए अनेक टूर ऑपरेटर आज भी हाड़ोती में पर्यटकों के समूह भेज रहे हैं, जो इस आयोजन की सफलता एवं सार्थकता को दर्शाता है।

टूर ऑपरेटरों ने कहा कि किसी भी शहर में ट्रैवल मार्ट का आयोजन उस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं एवं पर्यटन स्थलों की समृद्धता का परिचायक होता है। कोटा में लगातार दूसरे ट्रैवल मार्ट का आयोजन हाड़ोती के पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, पर्यटकों की संख्या बढ़ाने तथा पर्यटन व्यवसाय को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा।