गौतम अडानी अब अमीरों की लिस्ट में 29वें स्थान पर, 3.39 अरब डॉलर घटी दौलत

0
94

नई दिल्ली। हिंडनबर्ग की काली छाया से अडानी मुक्त नहीं हो पा रहे, उनकी संपत्ति में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। कभी दुनिया के तीसरे नंबर के अरबपति रह चुके गौतम अडानी अब अमीरों की लिस्ट में 29वें स्थान पर हैं। बुधवार को अडानी ग्रुप के शेयरों आई भारी गिरावट की वजह से उनकी दौलत में 3.39 अरब डॉलर की कमी आई। अब उनके पास केवल 42.7 अरब डॉलर की संपत्ति ही रह गई है।

बुधवार को भारतीय शेयर बाजारों में भरी गिरावट रही। सेंसेक्स 927 अंक टूटकर 59744 के स्तर पर बंद हुआ और निफ्टी ने 272 अंकों का गोता लगाने के बाद 17554 पर जाकर रुका। पहले गिरावट की मार झेल रहे अडानी ग्रुप के स्टॉक्स के लिए यह गिरावट कोढ़ में खाज का काम किया। सभी 10 स्टॉक भारी नुकसान के साथ बंद हुए।

इस गिरावट का असर रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों पर भी पड़ा। आरआईएल 2.35 फीसद टूटकर 2377 रुपये पर बंद हुआ। इसका असर मुकेश अंबानी के नेटवर्थ पर भी पड़ा। बुधवार को अंबानी 1.96 अरब डॉलर गंवाकर ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में टॉप-10 से बाहर होकर 12वें पायदान पर आ गए हैं।

साल 2023 अडानी-अंबानी दोनों के लिए अब तक अच्छा नहीं रहा। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी और रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी इस साल अबतक के टॉप लूजर हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक इस साल अडानी की संपत्ति 77.9 अरब डॉलर कम हुई है। वहीं, टॉप लूजर की लिस्ट में मुकेश अंबानी दूसरे नंबर पर हैं। इस साल अब तक मुकेश अंबानी ने 5.65 अरब डॉलर गंवाया है। अब उनके पास 81.5 अरब डॉलर की दौलत है। यानी अडानी की तुलना में अंबानी के पास करीब दोगुनी संपत्ति है।