नई दिल्ली। कावासाकी (Kawasaki) कम्पनी ने भारतीय ग्राहकों को लिए अपनी डुअल-स्पोर्ट मोटरसाइकिल KLX230 का नया S वर्जन लॉन्च किया है। इतना ही नहीं, कंपनी ने इस मोटरसाइकिल की एक्स-शोरूम कीमत 2.19 लाख रुपए रखी है, जो स्टैंडर्ड मॉडल के बराबर ही है।
कंपनी ने इस मोटरसाइकिल में कुछ बदलाव किए हैं, जिसकी वजह से इसे चलाना ज्यादा आसान और कम्फर्टेबल हो गया है। दूसरे मामलों में KLX 230 के दोनों वैरिएंट एक जैसे ही हैं।
KLX230 S ट्रिम की सीट की ऊंचाई 50mm कम होकर 830mm हो गई है, जिससे कम ऊंचाई वाले राइडर्स के लिए बाइक पर बैठना आसान हो गया है। इतना ही नहीं, अब राइडर के पैर भी जमीन तक आसानी से पहुंच जाते हैं, जिससे उसकी सेफ्टी बेहतर हो जाती है।
कंपनी ने ऐसा सस्पेंशन ट्रैवल को काफी कम करके किया गया है। यह आगे 160mm और पीछे 163mm हो गया है। वहीं, स्टैंडर्ड KLX 230 में आगे 220mm और पीछे 223mm का मिलता है। S मॉडल का ग्राउंड क्लीयरेंस 220mm है, जो अब 35mm कम हो गया है।
मोटरसाइकिल में 233cc, एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन लगा है जो 18.7bhp की पावर और 19Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स से जुड़ा हुआ है। लंबी-यात्रा के लिए फ्रंट टेलीस्कोपिक फोर्क्स और रियर मोनोशॉक इसे बेहतरीन हैंडलिंग प्रदान करते हैं।
ये एक स्लीक और मजबूत डिजाइन के साथ आती है। इसकी स्टाइलिंग में आपको हेक्सागोनल हेडलाइट मिलती है। इसमें लंबा फ्रंट फेंडर है, जो इसे ऑफ-रोडर बनाता है। इसमें स्लिम सीट और ऊपर उठे हुए एग्जॉस्ट हैं। इसके अलावा डिजिटल LCD डिस्प्ले और स्विचेबल डुअल-चैनल ABS जैसे फीचर्स मिलते हैं।
7.5-लीटर के छोटे फ्यूल टैंक के साथ, बाइक का कर्ब वेट 139kg है, जो इसे भारत में बिकने वाली सबसे हल्की मोटरसाइकिलों में से एक बनाता है। इसमें डुअल-पर्पज टायर्स के साथ 21-18 इंच के स्पोक व्हील्स का कॉम्बिनेशन दिया गया है।
इसमें रोड-बायस्ड टायर्स लगाए गए हैं, जो ऑफ-रोड और ऑन-रोड दोनों के लिए उपयुक्त हैं। ब्रेकिंग के लिए दोनों तरफ सिंगल डिस्क ब्रेक और डुअल-चैनल ABS दिया गया है। साथ ही दोनों पहियों के लिए ABS को बंद करने की सुविधा भी है। भारतीय बाजार में इसका सीधा मुकाबला हीरो एक्सपल्स 200 4V से होता है।

