कमजोर ग्लोबल संकेतों से सेंसेक्स 440 अंक लुढ़क कर 50,405 पर बंद

0
501

मुंबई। कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गिरा। BSE सेंसेक्स 440 अंकों की गिरावट के साथ 50,405.32 पर बंद हुआ है। दरअसल, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से फाइनेंशियल और बैंकिंग शेयरों में दबाव रहा।

सेंसेक्स में इंडसइंड बैंक का शेयर सबसे ज्यादा 4.49% फिसला, जबकि ONGC के शेयर में 2.48% की बढ़त रही। एक्सचेंज पर 3,129 शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें 1,083 शेयर बढ़त और 1,904 गिरावट के साथ बंद हुए हैं। निवेशकों ने सबसे ज्यादा सरकारी बैंकों और मेटल सेक्टर के शेयरों को बेचा। नतीजतन, निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 3.93% गिरकर 2,341 अंकों पर बंद हुआ है। निफ्टी मेटल इंडेक्स में 2.70% नीचे 3,869.40 पर बंद हुआ है।

LKP सिक्योरिटीज के रिसर्च हेड एस रंगनाथन के मुताबिक US बॉन्ड यील्ड और कच्चे तेल में बढ़त के चलते शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। पूरे दिन फाइनेंशियल और मेटल शेयरों में मुनाफावसूली हुई। दूसरी ओर MTAR टेक्नोलॉजी के पब्लिक इश्यू पर निवेशकों ने जमकर बोली लगाई, क्योंकि 5 मार्च को यह बंद होगा।

निफ्टी इंडेक्स भी 142 अंकों गिरावट के साथ 14,938.10 पर बंद हुआ है। एक्सचेंज डेटा के मुताबिक 224 शेयरों में लोअर सर्किट लगा। लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप भी घटकर 207.69 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 209.72 लाख करोड़ रुपए रहा था। हेरांबा इंडस्ट्रीज का शेयर इश्यू प्राइस से 43.35% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ। अंत में शेयर 812.25 रुपए के भाव पर बंद हुआ है।

स्मॉलकैप सेक्टर ने दिया अच्छा रिटर्न
लगातार दो दिन की गिरावट के बीच निवेशकों को हफ्तेभर में मीडिया और स्मॉलकैप सेक्टर ने सबसे अच्छा रिटर्न दिया, जबकि सरकारी बैंकों के शेयरों ने निराश किया। NSE पर निफ्टी मीडिया इंडेक्स 6.6% और स्मॉलकैप इंडेक्स 4% चढ़ा है। PSU बैंक इंडेक्स 2.1% फिसला। बाजार के प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 2.8% नीचे आ गए हैं।