एशियाई खेलों में भारत को पदकों का शतक, पूरे दल का होगा सम्मान

0
106

नई दिल्ली। Century Of Medals: एशियाई खेलों में भारत के 100 पदक पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। इसे अहम उपलब्धि बताते हुए पीएम मोदी ने शनिवार को कहा कि वह भारतीय दल का 10 अक्टूबर को स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘हर अद्भुत प्रदर्शन ने इतिहास रचा और हमारा ह्रदय गर्व से भर दिया।

मैं 10 अक्टूबर को हमारे एशियाई खेलों के दल का स्वागत करूंगा और खिलाड़ियों से बात करूंगा।’ उन्होंने कहा कि भारत के लोग रोमांचित हैं कि हमने 100 पदकों की उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कहा ,’एशियाई खेलों में भारत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि। मैं हमारे शानदार खिलाड़ियों को बधाई देता हूं जिनके प्रयासों से भारत ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।’

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी इस खास उपलब्धि पर देश को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके कहा, ‘एशियाई खेलों में 100 पदक पूरे और गिनती अभी जारी है। नए भारत का यह नया बेंचमार्क है। हमारे खिलाड़ियों ने एशिया के सबसे बड़े मंच पर अद्वितीय दृढ़ संकल्प और कौशल का प्रदर्शन किया है। खेलों में भारत की गौरवशाली यात्रा का हिस्सा बनने के लिए आप सभी को बधाई।’ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस मौके पर बधाई दी है।

सीएम योगी की ओर से कहा गया कि एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक के साथ भारत का 100वां पदक जीतकर इतिहास रचने के लिए हमारी महिला कबड्डी टीम को बधाई। उनका कौशल, दृढ़ता और टीम वर्क महिला एथलीटों की नई पीढ़ी को प्रेरित करता है। ये हमारे लिए गर्व का क्षण है। जय हिन्द।

गोल्ड मेडल के साथ पूरा हुआ पदकों का शतक
भारतीय दल ने एशियाई खेलों में उस वक्त 100 पदक पूरे कर लिए, जब महिला कबड्डी टीम ने चीनी ताइपै को शनिवार को रोमांचक फाइनल में 26.25 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। भारतीय महिला कबड्डी टीम का यह तीसरा खिताब है। पिछली बार जकार्ता में उसने रजत पदक जीता था। फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपै ने बेहद कड़ी चुनौती दी लेकिन भारत ने एक अंक से बाजी मारी। हाफटाइम तक भारत के पास 5 अंक की बढ़त थी। पूजा ने भारत के लिए कई अंक जुटाए। इस दौरान बेहद ही रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। कई बार ऐसा लगा जैसे कि बाजी किसी भी ओर पलट सकती है। आखिरकार, भारतीय महिला कबड्डी टीम चैंपियन बनकर उभरी।

हॉकी खिलाड़ियों 5-5 लाख देगी ओडिशा सरकार
एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बधाई दी है। इसके साथ ही उन्होंने हर खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के सदस्य को 5-5 लाख रुपये नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया है। पटनायक ने शुक्रवार को कहा कि एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली टीम को सम्मान में यह पुरस्कार दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल के जरिए खिलाड़ियों से बात भी की। उन्होंने कहा , ‘भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई। उनके समर्पण और अथक परिश्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हॉकी वाकई भारत का खेल है। ओडिशा में हमारे दिलों में हॉकी की खास जगह है और यह ऐतिहासिक दिन हमारी स्मृतियों में हमेशा रहेगा। पेरिस ओलंपिक के लिए टीम को शुभकामना।’
(एजेंसी इनपुट के साथ)