Pragyan Rover: चांद पर ‘खेल रहा प्रज्ञान रोवर, विक्रम लैंडर ने भेजा वीडियो

0
121

नई दिल्ली। Pragyan Rover Video: चांद की सतह पर चहलकदमी कर रहे प्रज्ञान रोवर का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह गोल-गोल घूमता नजर आ रहा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी ISRO ने प्रज्ञान की इस गतिविधि की तुलना ‘चंदामामा के आंगन में बच्चे’ के खेलने से की है। चंद्रयान 3 ने 23 अगस्त को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग की थी।

ISRO की तरफ से शेयर कि गए वीडियो में नजर आ रहा है कि प्रज्ञान एक ही जगह पर है और गोल-गोल घूम रहा है। यह वीडियो विक्रम लैंडर के इमेजर कैमरा में रिकॉर्ड हुआ है। ISRO ने बताया, ‘सुरक्षित मार्ग की तलाश में रोवर को घुमाया गया। इस गतिविधि को लैंडर इमेजर कैमरा ने रिकॉर्ड किया।’ भारतीय स्पेस एजेंसी ने आगे लिखा, ‘यह ऐसा लग रहा है कि जैसे एक मां बैठे हुए देख रही है और बच्चा चंदामामा के आंगन में खेलकूद कर रहा हो।’

ISRO ने गुरुवार को बताया कि रोवर पर मौजूद एक और उपकरण ने इस बात की पुष्टि की है कि क्षेत्र में सल्फर (S) मौजूद है। एजेंसी ने जानकारी दी, ‘अल्फा पार्टिकल एक्स-रे स्पेक्ट्रोस्कोप (APXS) ने S के साथ-साथ अन्य छोटे तत्वों का भी पता लगाया है।’ इससे पहले भी चहलकदमी के दौरान प्रज्ञान ने सल्फर समेत कई अन्य एलिमेंट्स की पहचान की थी।

बुधवार को ही ISRO ने बताया था कि चांद से लैंडर विक्रम की तस्वीर भेजी गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के अनुसार, ‘स्माइल प्लीज! प्रज्ञान रोवर ने आज सुबह विक्रम लैंडर की तस्वीर ली है। यह ‘इमेज ऑफ द मिशन’ को नेविगेशन कैमरा (NavCam) की मदद से लिया गया है। चंद्रयान 3 मिशन के लिए NavCams को लेबोरेटरी फॉर इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम्स (LEOS) ने तैयार किया है।’