नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। दो कारोबारी दिनों में ब्रेंट क्रूड करीब 6.5 फीसदी टूटकर 92 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद से तेल की कीमतों पर दबाव बढ़ा है। कच्चा तेल सस्ता होने से भारत का आयात बिल घट सकता है और महंगाई से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
बेंचमार्क क्रूड ब्रेंट मंगलवार को भारतीय समयानुसार सुबह 7:15 बजे 91.96 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। वहीं, अमेरिकी कच्चा तेल डब्ल्यूटीआई (WTI) 86.07 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। पिछले शुक्रवार के बंद भाव के मुकाबले ब्रेंट करीब 6.47 फीसदी और डब्ल्यूटीआई 5.24 फीसदी सस्ता हो चुका है। यानी महज दो कारोबारी दिनों में ब्रेंट की कीमत 6 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा गिर गई है।
ब्रेंट क्रूड ने सोमवार, 9 नवंबर को 5.75 डॉलर यानी 5.85 फीसदी की गिरावट के साथ 92.57 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार बंद किया था। वहीं, WTI 3.98 डॉलर यानी 4.38 फीसदी टूटकर 86.85 डॉलर प्रति बैरल रह गया था। मंगलवार सुबह भी दोनों की कीमतों में गिरावट जारी रही।
पिछले हफ्ते भी 16% टूटा था ब्रेंट
कच्चे तेल की कीमतों में यह गिरावट सिर्फ दो दिनों तक सीमित नहीं है। पिछले सप्ताह भी ब्रेंट क्रूड करीब 16 फीसदी टूटा था। कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद यह इसकी सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट रही। हालांकि, पश्चिम एशिया में तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तेल टैंकरों पर हमलों की खबरों से आपूर्ति को लेकर जोखिम बरकरार है। ऐसे में बातचीत विफल होने या संघर्ष बढ़ने पर तेल की कीमतें फिर चढ़ सकती हैं।
भारत को कितना फायदा होगा
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भारत के लिए राहत की खबर है। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल विदेशों से खरीदता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें घटने से देश का तेल आयात बिल कम हो सकता है। इससे व्यापार घाटे और चालू खाते के घाटे को नियंत्रित करने में भी मदद मिल सकती है। तेल सस्ता होने से महंगाई पर भी दबाव कम हो सकता है। परिवहन और माल ढुलाई की लागत घटने की संभावना बनती है। इसके अलावा, विमानन कंपनियों और तेल पर निर्भर उद्योगों को भी फायदा मिल सकता है।

