वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट लंदन का असर, विदेशी पावणे हाड़ौती घूमने पहुंचे, जानिए क्या देखा

0
44

कोटा। होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के प्रयासों से कोटा में निरंतर देसी विदेशी पर्यटकों का आवागमन शुरू हो गया है।

फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि लंदन में आयोजित वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट में फेडरेशन द्वारा हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का प्रचार प्रसार एवं प्रमोशन किया गया था, जिसमें कोटा के सभी पर्यटन स्थलों को देखकर वहां आने वाले विजिटर्स काफी प्रभावित हुए।ट्रेवल मार्ट के बाद टूर ऑपरेटरों का भारत भ्रमण का कार्यक्रम बन चुका था।

उन्होंने कोटा के पर्यटन स्थलों की सुंदरता देखकर अपनी आईटनरी में कोटा को शामिल करके छह सदस्य टूर ऑपरेटरों का एक दल 8 नवंबर को कोटा पहुंचा, जिनमे रोबर्टा पारोदी, एलेना त्रावैनी तोज़ोनी, क्लाउडिया पोंटी एवं एंड्रिया पाओलो रिवोली सहित इन टूर ऑपरेटरों ने 8-9-10 नवंबर तक कोटा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया।

चंबल सफारी, चंबल रिवर फ्रंट, सिटी पार्क एवं मुकुंदरा जंगल सफारी सहित अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में टाइगर और पैंथर का मूवमेंट देखकर सभी टूर ऑपरेटर अभिभूत हुए। उन्होंने मुकुंदरा टाइगर रिजर्व को राजस्थान का सबसे अच्छा अभ्यारण्य बताते हुए कहा कि वे और विदेशी पर्यटकों को हाड़ोती में भेजेंगे।

अशोक माहेश्वरी ने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन 16 से 18 मार्च 2027 को बर्लिन में होने वाले इंटरनेशनल ट्रेवल मार्ट में भी अपनी भागीदारी निभाएगा।

साथ ही हैदराबाद में आयोजित होने वाले इंडियन इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट में भी अपनी भागीदारी निभाएगा। होटल फेडरेशन राजस्थान कोटा डिवीजन के पदाधिकारियों ने लंदन से सभी टूर ऑपरेटरों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।