Fam Tour: होटल फेडरेशन करेगी आज 7 दिवसीय फेम टूर का हाड़ोती में भव्य स्वागत

0
21

कोटा। Fam Tour Hadoti Visit: होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा, उदयपुर डिवीजन, इंडिया आउटा ऑफ बॉक्स एवं कलर्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आज बुधवार को फेम टूर का बूंदी में आगमन होगा।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि 11 राज्यों के 50 से अधिक टूर ऑपरेटर्स इस फेम टूर में उदयपुर एवं चित्तौड़ के बाद बूंदी एवं कोटा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। फेम टूर में आए टूर ऑपरेटरों को 5 एवं 6 अगस्त को बूंदी के प्रमुख पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और आतिथ्य सुविधाओं से परिचित कराया जाएगा।

इसमें बूंदी जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग बूंदी, और नगर परिषद बूंदी, द्वारा भी पूरा सहयोग प्रदान किया जा रहा है। बूंदी इकाई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप चांदवानी, उपाध्यक्ष मुकेश श्रृंगी, सचिव लोकेश सुखवाल एवं कोषाध्यक्ष भगवान मंडावरा की पूरी टीम ने संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी की अगुवाई में सभी व्यवस्थाओं को अंतिम स्वरूप प्रदान किया।

माहेश्वरी ने बताया कि इंडिया आउटा बॉक्स एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के साथ हुए एम ओ यू के तहत पहले फेम टूर का आयोजन किया जा रहा है आगे भी निरंतर बारी-बारी से देश के अन्य राज्यों के टूर ऑपरेटर्स को हाड़ोती का भ्रमण करवाया जाएगा।

इसके लिए उनके द्वारा भरतपुर रणथंभोर एवं हाड़ोती का ब्रज हाड़ोती फेम टूर के नाम 7 दिन एवं 5 दिन की आइटनरी जिसमें कोटा, बूंदी, बांरा एवं झालावाड़ के पर्यटन स्थलों का भ्रमण एवं 7 दिवस की आइटनरी में हाड़ोती मेवाड़ का पैकेज टूर ऑपरेटरों के माध्यम से बनवाकर पर्यटकों के लिए विशेष पैकेज बनाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि हाड़ोती निरंतर पर्यटन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यहां आने वाले सभी पर्यटकों द्वारा इसे सराहा भी जा रहा है। 6, 7 एवं 8 अगस्त को इन टूर ऑपरेटरों को कोटा के समस्त पर्यटन स्थलों के भ्रमण के साथ-साथ चंबल सफारी, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व अभ्यारण्य ,चंबल रिवर फ्रंट का भी विशेष तौर से भ्रमण करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि फेम टूर पर्यटन विकास के लिए बहुत बड़ी कड़ी होती है, जिसके माध्यम से हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार प्रसार होगा और आने वाले समय में हाड़ोती पर्यटन की नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा।