कोटा में आज 1 हजार करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास मुख्यमंत्री करेंगे

0
1045

कोटा। शहर में नगर विकास न्यास और स्मार्ट सिटी के तहत कराए जाने वाले करीब 1000 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास और 3.4 करोड़ की लागत से बने भवन का लोकार्पण सोमवार की शाम को किया जाएगा है। योजनाओं का शिलान्यास मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल जयपुर में शाम 5 बजे करेंगे। इसमें देवनारायण पशुपालक योजना की पुस्तिका का भी विमोचन किया जाएगा। इस योजना पर 300 करोड़ खर्च होंगे।

इसके अलावा आईएल टाउनशिप की जगह पर करीब 80 करोड़ की लागत से विकसित किए जाने वाले ऑक्सीजोन का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री करेंगे। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत डेढ़ साल में यह कार्य पूरा किया जाएगा। 307 करोड़ की लागत से विकसित किए जाने वाले चंबल रिवरफ्रंट कार्य का शिलान्यास भी इसी कार्यक्रम में होगा। अंटाघर सर्किल पर अंडरपास और सौंदर्यीकरण के कार्य पर 25 करोड़ खर्च होंगे। एक साल में पूरे होने वाले इस कार्य का अर्थवर्क शुरू हो गया है।

एरोड्राम सर्किल पर 50 करोड़ की लागत से दो अंडरपास बन रहे हैं। यह कार्य 18 माह में पूरा होगा। झालावाड़ रोड पर सिटी मॉल के सामने 55 करोड़ की लागत से डेढ़ साल में एलिवेटेड रोड का निर्माण होगा। इसका भी शिलान्यास किया जाएगा। गोबरिया बावड़ी सर्किल पर अंडरपास का निर्माण 25 करोड़ की लागत से एक साल में पूरा किया जाएगा। अनंतपुरा तिराहे पर 70 करोड़ की लागत से 18 माह में फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसका कार्य भी चल रहा है।

इंदिरा गांधी तिराहे पर 70 करोड़ की लागत से 18 माह में फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसका कार्य भी चल रहा है। मल्टीपरपज स्कूल में 21 करोड़ और जयपुर गोल्डन ट्रांसपोर्ट कपंनी के पास 25 करोड़ की लागत से बने रहे पार्किंग स्थल का भी शिलान्यास होगा। जेके पेवेलियन में खेल संकुल निर्माण 25 करोड़ की लागत से 15 माह में पूरा होगा। इसके अलावा 3.4 करोड़ की लागत से बने वरिष्ठ नगर नियोजक कार्यालय भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा।