दशहरा मेले में लेजर लाइट एंड साउंड शो के दूसरे दिन हुआ लंका कांड का प्रदर्शन
कोटा। Laser Light and Sound Show: 131वें राष्ट्रीय दशहरा मेले में मंगलवार को हुए दूसरे दिन के लेजर, लाइट एंड साउंड शो में भगवान राम के वनवास और लंका दहन की कथा का जीवंत प्रदर्शन हुआ। विजयश्री रंगमंच कोटा विकास प्राधिकरण की ओर से प्रायोजित शो के दूसरे दिन भी रामायण का जीवंत चित्रण किया गया।
पर्दे पर पड़ती लेजर की किरणों से भगवान राम के वनवास की कथाओं ने रोमांचित कर दिया। माता सीता हरण और उसके बाद उनकी तलाश में वन वन भटकते राम लक्ष्मण की मनोदशा की सुंदर प्रस्तुति देख दर्शक भाव विभोर हो गए। इसके बाद लंकिनी का वध, लक्ष्मण के शक्ति लगने ओर महावीर हनुमान के संजीवनी लाने जैसी घटनाओं की लेजर लाइट के जरिए बखूबी प्रस्तुति दी गई।
शो में राम की महिमा का विशेष ध्वनि और लाइट के द्वारा संगीतमयी दर्शन हुआ। संगीत की मधुर ध्वनियों और लेजर के मनोहारी दृश्य के साथ हुआ रामायण की अलौकिक अनुभूति से दर्शकों का मन खूब भाव विभोर हुआ। रंग बिरंगी लेजर लाइट, उनके डॉट्स से बनते चित्र और उन चित्रों को जीवंत करता स्क्रीन के पीछे से आता साउंड इतना अद्भुत था कि हर एक दर्शक कौतूहल से दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गया।
बही देशभक्ति की बयार
लेजर, लाइट एंड साउंड शो में देशभक्ति धुनों पर थिरकती रोशनी ने गजब का समां बांधा। इस दौरान वंदेमातरम.., जय हो.., चक दे इंडिया, सुनो गौर से दुनिया वालों .. गीत के साथ ही श्रीराम स्तुति भी की गई। एक के बाद एक राष्ट्र भक्ति से ओत प्रोत प्रस्तुति ने मेले के पूरे माहौल को जोश और जुनून से भर डाला। कोटा दशहरा मेला में हुए इस नवाचार को दर्शकों ने खूब सराहा। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि बुधवार को लेजर शो विजय श्री रंगमंच पर शाम 7 बजे होगा।