मोदी के परिवार में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष गोविंद शर्मा

0
29

कोटा। Congress leader Govind Sharma joins BJP: कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष तथा ब्राह्मण समाज के प्रमुख चेहरे पंडित गोविंद शर्मा भी मंगलवार को मोदी के परिवार में शामिल हो गए। विधायक संदीप शर्मा तथा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने पंडित गोविंद शर्मा का भाजपा परिवार में स्वागत किया।

भाजपा परिवार से जुड़ने पर खुशी व्यक्त करते हुए पंडित गोविंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अपनी विचारधारा और रीति–नीति से पूरी तरह भटक चुकी है। जिस देश के प्राणों में राम बसे हों, कांग्रेस आज उन्हीं का अपमान करने से नहीं चूक रही है। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का न्यौता ठुकरा कर तो कांग्रेस ने पूरे ब्राह्मण समाज का अपमान किया है।

आज पूरे देश में ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हैं। वहीं दूसरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत में आध्यात्मिक पुनर्जागरण के अग्रदूत बने हुए हैं। भाजपा ही है जो राम को लाई है और भाजपा ही है जो मथुरा में कृष्ण मंदिर की भी प्राण प्रतिष्ठा करेगी।

उन्होंने कहा कि स्थिति आज यह हो गई है कि अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी चुनाव से डर कर भागने लगे हैं। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को महज इसलिए पार्टी में शामिल किया जा रहा है ताकि कांग्रेस के स्थापित चेहरे चुनाव लड़ने से बच जाएं। जनता भी कांग्रेस को पूरी तरह नकार चुकी है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न अवसरों पर पार्टी प्लेटफार्म पर उन्होंने कांग्रेस में व्यापक सुधार लाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनको हर बार नजरअंदाज कर दिया गया।