निवेशकों के समर्थन से सेंसेक्स 52800, निफ्टी 15,800 से ऊपर

0
581

मुंबई। एशियाई शेयर बाजारों में बिकवाली से दबाव को घरेलू बाजार ने दरकिनार कर दिया है। बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी एक बार फिर हरे निशान में आ गए हैं। सेंसेक्स 52,800 की तरफ बढ़ रहा है और निफ्टी 15,800 से ऊपर आ गया है।

हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन विदेशी बाजारों (अमेरिका और यूरोप) में स्ट्रॉन्ग क्लोजिंग को देखते हुए घरेलू बाजार की मजबूत शुरुआत हुई। बीएसई सेंसेक्स 139 पॉइंट और एनएसई निफ्टी 22 पॉइंट की बढ़त के साथ खुला।

सेंसेक्स और निफ्टी की तरह छोटे और मझोले शेयरों के इंडेक्स भी मजबूती के साथ खुले। निफ्टी के स्मॉल कैप इंडेक्स में लगभग 0.30% मिड कैप इंडेक्स में लगभग 0.50% की मजबूती है।

वायदा बाजार में जुलाई महीने की सीरीज के सेटलमेंट वाले दिन यानी गुरुवार को मजबूती रही। बीएसई सेंसेक्स 209.36 पॉइंट (0.40%) चढ़कर 52,653.07 पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी 73.90 पॉइंट यानी 0.47% उछलकर 15,783.30 पर रहा।

बाजार में चौतरफा खरीदारी से छोटे और मझोले शेयरों के इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए। निफ्टी मिड कैप में 0.71% और स्मॉल कैप में 0.82% की मजबूती रही। सेक्टर इंडेक्स में सबसे ज्यादा 5.02% का उछाल निफ्टी मेटल में आया। निफ्टी FMCG में 1.02% की गिरावट रही।

अगस्त की नई सीरीज के सौदे निफ्टी के 15,500 से 16,000 के दायरे में ट्रेड करने के संकेत दे रहे हैं। 15,750 से ऊपर बने रहने पर 15,850 की तरफ बढ़ेगा और यह लेवल पार करने के बाद इसका अगला निशाना 15,962 होगा। गिरावट आने पर इसे पहले 15,700, फिर 15,600 के लेवल पर सपोर्ट मिलेगा।

बाजार में उतार-चढ़ाव का अनुमान देने वाला इंडिया VIX 5.44% की गिरावट के साथ 13.69 से 12.94 पर आ गया। कल के तेज उतार-चढ़ाव के बाद वोलैटिलिटी में आई गिरावट ने तेजड़ियों को फिर से बाजार पर पकड़ मजबूत करने का मौका दिया। इंडिया VIX के 12 से नीचे आने पर तेजी को बढ़ावा मिल सकता है।

रॉलेक्स रिंग्स का IPO आज बंद होगा
28 जुलाई को खुला रॉलेक्स रिंग्स का IPO आज बंद हो रहा है। कंपनी 880-900 रुपए के प्राइस बैंड वाले IPO से 716-731 करोड़ रुपए जुटा रही है। इसमें 56 करोड़ रुपए का फ्रेश इश्यू है, जबकि 660-675 करोड़ रुपए का ऑफर फॉर सेल होगा।

एप्लिकेशन 16 शेयरों के लॉट में दी जा सकती है। रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 35% शेयर रिजर्व किए गए हैं। IPO बंद होने से एक दिन पहले तक 9.26 गुना का सब्सक्रिप्शन मिला। सबसे ज्यादा एप्लिकेशन (15.88 गुना सब्सक्रिप्शन) रिटेल इनवेस्टर्स की तरफ से आए।

इसको अरिहंत कैपिटल, BP वेल्थ, हेम सिक्योरिटीज, ICICI डायरेक्ट, निर्मल बंग, सैमको सिक्योरिटीज और वेंचुरा सिक्योरिटीज सहित कई ब्रोकरेज हाउस ने सब्सक्राइब करने की सलाह दी है।

कंपनी बेयरिंग रिंग के अलावा दोपहिया, पैसेंजर और कमर्शियल व्हीकल, इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए ऑटोमोटिव कंपोनेंट बनाती है। यह इंडस्ट्रियल मशीनरी, विंड टर्बाइन और रेलवे के लिए भी कंपोनेंट बनाती है। इसके राजकोट में तीन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट हैं।

आज के वित्तीय परिणाम
आज इन कंपनियों के वित्तीय नतीजे आने वाले हैं: ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, सन फार्मा, UPL, बंधन बैंक, IOC, आदित्य बिड़ला फैशन, एलाइड डिजिटल, असाही इंडिया ग्लास, BHEL, बिड़ला टायर्स, ब्लू डार्ट, केमफैब एल्कलीज, चोलामंडलम इनवेस्टमेंट, LT फूड्स, डालमिया भारत शुगर, इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक, एक्साइड इंडस्ट्रीज, फेयरकेम ऑर्गेनिक्स, फिनोलेक्स इंडस्ट्रीज, ग्रैविटा इंडिया, HIL, हिंदुस्तान ऑर्गेनिक केमिकल्स, जिंदल सॉ, JK पेपर, JSW एनर्जी, कंसाई नेरोलैक, KEC इंटरनेशनल, डॉ लाल पैथलैब्स, मैक्रोटेक डेवलपर्स, मैरिको, नजारा टेक्नोलॉजीज, PI इंडस्ट्रीज, रोजारी बायोटेक, श्रीराम ट्रांसपोर्ट, सुंदरम क्लेटन, सनटेक रियल्टी, वी-गार्ड और जायडस वेलनेस।

एशियाई बाजारों में कमजोरी
एशिया के बाजारों में आज कमजोरी के साथ ट्रेड हो रहा है। जापान का निक्केई लगभग डेढ़ पर्सेंट टूट गया है। चीन के शंघाई कंपोजिट में लगभग 0.40% की कमजोरी है। हांगकांग के हैंगसेंग में लगभग 0.90% की गिरावट है। कोरिया के कोस्पी में भी लगभग 0.90% का नुकसान है। ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डनरी में 0.1% की मामूली कमजोरी है।