चौतरफा खरीदारी से सेंसेक्स 52,700 से ऊपर, निफ्टी 15,800 के करीब

0
740

मुंबई। शेयर बाजार में चौतरफा खरीदारी हो रही है। बीएसई सेंसेक्स 52,700 से ऊपर चला गया है। एनएसई निफ्टी 15,800 की तरफ बढ़ रहा है। छोटे और मझोले शेयरों के इंडेक्स हरे निशान में हैं। निफ्टी मिड कैप में लगभग 0.40% और स्मॉल कैप में 0.7% की बढ़त है। निफ्टी के मेटल इंडेक्स में लगभग 3% का उछाल है।

विदेशी बाजारों, खासतौर पर यूरोप में स्ट्रॉन्ग क्लोजिंग और एशिया में मजबूत रुझानों के बीच घरेलू बाजार की मजबूत शुरुआत हुई। सेंसेक्स 250 पॉइंट ऊपर और निफ्टी 63 अंक की बढ़त के साथ खुला। आज वायदा बाजार में जुलाई महीने की सीरीज का सेटलमेंट है, जिसके चलते बाजार में काफी उतार-चढ़ाव रहने के आसार हैं।

तत्व चिंतन की 95% प्रीमियम पर लिस्टिंग
तत्व चिंतन का शेयर निफ्टी पर 1028.85 रुपए के प्रीमियम के साथ 2,111.85 रुपए पर लिस्ट हुआ। बीएसई पर इसकी लिस्टिंग 95% के प्रीमियम के साथ 2,111.85 रुपए पर हुई। आईपीओ को 180 गुना का सब्सक्रिप्शन मिला था। ग्रे मार्केट के डेटा निवेशकों को हर शेयर पर लगभग 1,150 रुपए की कमाई होने का अनुमान दे रहे थे।

बीएसई और एनएसई पर तत्व चिंतन में इश्यू प्राइस से लगभग 120% ऊपर ट्रेड हो रहा है। कारोबार के दौरान यह बीएसई पर इश्यू प्राइस से 130% ऊपर 2,486.30 रुपए तक चला गया था। निफ्टी पर शेयर 134% के उछाल के साथ 2,534.20 रुपए तक पहुंच गया था।

बुधवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट
बुधवार को शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट आई। सेंसेक्स में 135 पॉइंट और निफ्टी में 37 पॉइंट की कमजोरी रही। सेंसेक्स के 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए जबकि निफ्टी के 27 शेयरों में कमजोरी रही। छोटे और मझोले शेयरों के निफ्टी इंडेक्स में लगभग आधा पर्सेंट की गिरावट आई।

आज के वित्तीय परिणाम
आज इन कंपनियों के वित्तीय नतीजे आने वाले हैं: टेक महिंद्रा, कोलगेट पामोलिव, AAVAS फाइनेंसियर्स, ADF फूड्स, एजिस लॉजिस्टिक्स, अजंता फार्मा, CCL प्रॉडक्ट्स, कॉनकॉर, धानुका एग्रीटेक, द्वारिकेश शुगर, एरिस लाइफसाइंसेज, फ्यूचर रिटेल, GHCL, होम फर्स्ट फाइनेंस कंपनी, इंडस टावर्स, JK लक्ष्मी सीमेंट, जिंदल स्टेनलेस, ज्योति लैब्स, लॉरस लैब्स, LIC हाउसिंग, महिंद्रा हॉलिडेज, MOFSL, ओबेरॉय रियल्टी, पराग मिल्क, पंजाब एंड सिंध बैंक, PVR, रेमंड, शॉपर्स स्टॉप, श्रीराम सिटी यूनियन, TVS मोटर, यूनियन बैंक, वैभव ग्लोबल, वेलस्पन कॉर्प।

एशियाई बाजारों में मजबूती
एशियाई बाजारों में मजबूत शुरुआत रही है। जापान का निक्केई लगभग 0.80% ऊपर है। चीन का शंघाई कंपोजिट 1.10% ऊपर है। हांगकांग के हैंगसेंग में लगभग तीन पर्सेंट की मजबूती है। कोरिया का कोस्पी 0.20% ऊपर चल रहा है। ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डनरी लगभग आधा पर्सेंट ऊपर है।