पारीक समाज का अन्नकूट महोत्सव 15 नवंबर को, वरिष्ठजनों का होगा सम्मान

0
10

कोटा। पारीक समाज की ओर से 15 नवंबर को किशोरपुरा स्थित पारीक भवन में अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सायं 4 बजे से शुरू होगा। समाज अध्यक्ष रासबिहारी पारीक एवं महामंत्री अशोक पारीक ने बताया कि महोत्सव में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा मुख्य अतिथि तथा अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवाड़ी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

महोत्सव के दौरान समाज के 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठजनों का सम्मान किया जाएगा। नई पीढ़ी में धार्मिक एवं आध्यात्मिक संस्कारों के विकास के उद्देश्य से 10 वर्ष तक के बच्चों के लिए हनुमान चालीसा वाचन कार्यक्रम रखा गया है।

इसमें पारीक समाज के बच्चों के साथ किशोरपुरा मंदिर परिसर के समीप के बालक भी भाग लेंगे। हनुमान चालीसा कंठस्थ करने वाले बच्चों को पारितोषिक देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विगत तीन वर्षों के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत कर अनुमोदन लिया जाएगा। इसके साथ ही पारीक पंचायत की नई कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया भी संपन्न कराई जाएगी। समाज के सभी सदस्यों की सहमति से निर्विरोध चुनाव कराने का प्रयास रहेगा।