महंगाई का झटका, कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर 10 रुपए महंगा, जानिए नई रेट

0
21

नई दिल्ली।Commercial LPG cylinder Price Hike: दिवाली से पहले होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट चलाने वालों को महंगाई का झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने रविवार, 1 नवंबर 2026 से कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलिंडर 10 रुपये महंगा होकर 2,820 रुपये का हो गया है। इसके साथ ही हवाई जहाज में इस्तेमाल होने वाले ईंधन यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत भी बढ़ गई है।

तेल कंपनियों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतें बढ़ने और रुपये-डॉलर की विनिमय दर में बदलाव के कारण यह फैसला लिया गया है। कमर्शियल एलपीजी महंगी होने से होटल और रेस्टोरेंट का खर्च बढ़ सकता है। वहीं, हवाई ईंधन की कीमत बढ़ने से एयरलाइंस की लागत पर भी असर पड़ेगा।

दिल्ली में 19 किलो वाला सिलिंडर 10 रुपये बढ़कर 2,820 रुपये का हो गया है। मुंबई में भी इसकी कीमत 10 रुपये बढ़कर 2,774.50 रुपये पहुंच गई है। कोलकाता में 10 रुपये की बढ़ोतरी के बाद सिलिंडर की नई कीमत 2,964 रुपये हो गई है। वहीं, चेन्नई में कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर 11.50 रुपये महंगा होकर 2,994.50 रुपये का हो गया है।

कमर्शियल एलपीजी का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में खाना बनाने के लिए किया जाता है। ऐसे में गैस की कीमत बढ़ने से इन कारोबारों की लागत बढ़ सकती है।

कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में लगातार दूसरे महीने बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले 1 अक्टूबर को 19 किलो वाले सिलिंडर की कीमत 62.50 रुपये बढ़ाई गई थी। सितंबर में भी इसकी कीमत 9.50 रुपये बढ़ी थी।

हालांकि, इससे पहले अगस्त में कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर 192 रुपये और जुलाई में 183.50 रुपये सस्ता हुआ था। फरवरी से जून के बीच इसकी कीमत 1,740.50 रुपये से बढ़कर 3,113.50 रुपये तक पहुंच गई थी। इस दौरान एक सिलिंडर 1,373 रुपये महंगा हुआ था।

हवाई ईंधन लगातार चौथे महीने महंगा
कमर्शियल एलपीजी के साथ हवाई ईंधन यानी एटीएफ की कीमत में भी बढ़ोतरी की गई है। रविवार से इसकी कीमत करीब 1.37 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 138.50 रुपये हो गई है। इससे पहले इसकी कीमत करीब 137.12 रुपये प्रति लीटर थी।

घरेलू एलपीजी के दाम स्थिर
आम लोगों के लिए राहत की बात यह है कि घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपये बनी हुई है।