Stock Market: रेपो रेट बढ़ने के बाद BSE सेंसेक्स 429 अंक गिरकर 72638 पर बंद

0
14

नई दिल्ली। Stock Market Closed: शेयर बाजार में बुधवार को दो दिन की तेजी पर विराम लग गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा प्रमुख नीतिगत दर में बढ़ोतरी के बाद बाजार नीचे बंद हुए। बेंचमार्क सेंसेक्स 429 अंक गिरकर 72,638.70 पर आ गया। बढ़ती कच्चे तेल की कीमतें और विदेशी पूंजी की लगातार निकासी ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया।

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 429.11 अंक या 0.59 फीसदी की गिरावट के साथ 72,638.70 पर बंद हुआ। इसके 26 घटक निचले स्तर पर और चार ऊंचे स्तर पर बंद हुए। दिन के कारोबार में सेंसेक्स 599.09 अंक या 0.81 फीसदी गिरकर 72,468.72 के निचले स्तर पर पहुंच गया था। पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 173.05 अंक या 0.76 फीसदी गिरकर 22,603.05 पर समाप्त हुआ।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में टाइटन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एशियन पेंट्स, इंफोसिस, लार्सन एंड टुब्रो और अदाणी पोर्ट्स प्रमुख रूप से गिरने वाले शेयरों में शामिल थे। कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फाइनेंस लाभ में रहे।