नई दिल्ली। गुरु नानक जयंती के अवसर पर मंगलवार, 24 नवंबर को घरेलू शेयर बाजार बंद रहेंगे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर आज किसी भी तरह का कारोबार नहीं होगा। दूसरी ओर अमेरिका से लेकर जापान तक के बाजार गुलजार हैं। एनवीडिया की कमान संभालने के लिए जेन्सेन हुआंग की वापसी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में बंपर उछाल के चलते एशियाई बाजारों में तेजी आई।
सबसे पहले बात घरेलू शेयर बाजार की। एनएसई और बीएसई दोनों एक्सचेंजों पर इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव, सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (SLB), करेंसी डेरिवेटिव और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव सेगमेंट में ट्रेडिंग बंद रहेगी। बाजार में अब बुधवार, 25 नवंबर से सामान्य कारोबार शुरू होगा। गुरु नानक जयंती के बाद इस साल शेयर बाजार में अब केवल एक ट्रेडिंग हॉलिडे बाकी रहेगा। 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर NSE और BSE बंद रहेंगे।
MCX पर शाम को होगी ट्रेडिंग
कमोडिटी एक्सचेंज MCX पर भी सुबह के सत्र में कारोबार बंद रहेगा। यहां सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक ट्रेडिंग नहीं होगी। हालांकि, शाम 5 बजे से रात 11:30 बजे (कुछ कॉन्ट्रैक्ट में 11:55 बजे) तक कारोबार जारी रहेगा।
एशियन मार्केट में बंपर तेजी
जेन्सन हुआंग की एनवडिया में वापसी के चलते MSCI का एशिया-पैसिफिक इक्विटी इंडेक्स 4.1% चढ़ गया। यह पिछले तीन महीनों से भी अधिक समय में इसकी सबसे बड़ी बढ़त है। मंगलवार की इस तेजी ने लगातार आठ दिनों की गिरावट के सिलसिले को तोड़ दिया। इन आठ दिनों में यह इंडेक्स ‘बियर मार्केट’ के करीब पहुंच गया था।
वहीं, जापान का बेंचमार्क इंडेक्स निक्केई 225 3.65 प्रतिशत की तेजी के साथ आज 58471 के लेवल पर था। टॉपिक्स में 2.22 प्रतिशत की तेजी थी। ताइवान का बेंचमार्क इंडेक्स ताइएक्स 9% उछल गया, जो अप्रैल 2025 के बाद की सबसे बड़ी तेजी है, जबकि दक्षिण कोरिया का इंडेक्स कोस्पी 7% से अधिक चढ़कर 5000 के पार चला गया। इसका जुलाई के बाद का सबसे अच्छा प्रदर्शन है।

